10 सितंबर मंगल ग्रह बदलेगा अपनी चाल, जानिए किस राशि के लोगों के जीवन पर पड़ेगा शुभ-अशुभ प्रभाव

मंगल ग्रह को मेष और वृश्चिक राशि का स्वामी माना जाता है। यदि मंगल वक्री होता है तो इसकी वजह से शारीरिक शक्ति और आंतरिक बल में कमी आने लगती है। व्यक्ति के स्वभाव में अधिक क्रोध आ जाता है। छोटी-छोटी बातों पर वाद-विवाद करने लगता है। कामकाज में मन नहीं लगता है। मंगल के वक्री होने के कारण योजनाएं रुक जाती हैं। इसके अलावा बहुत से प्रभाव व्यक्ति के जीवन पर पड़ते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार मंगल ग्रह 10 सितंबर 2020 को प्रातः काल 3:51 बजे पर वक्री हो रहा है। वर्तमान में मंगल ग्रह मेष राशि में गोचर कर रहा है और इसी में से यह वक्री होने जा रहा है। 14 नवंबर 2020 तक यह मार्गी हो जाएगा। 66 दिनों तक वक्री रहने के दौरान यह उल्टी चाल चलते हुए मीन राशि में प्रवेश करेगा। आखिर इस समय के दौरान आपकी राशियों पर इसका कैसा असर पड़ने वाला है? आज हम आपको इसकी जानकारी बताएंगें।

मेष राशि (Aries, चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, आ)

मेष राशि वाले जातक मंगल ग्रह के उल्टी चाल की वजह से थोड़े भावुक हो सकते हैं। आपको इस समय के दौरान बेकार की गतिविधियों में पड़ने से बचना होगा। आप अपने कामकाज पर ध्यान केंद्रित कीजिए। रक्त संबंधित विकार उत्पन्न होने की संभावना बन रही है। आप कोई भी नया काम शुरू ना करें अन्यथा आपको नुकसान हो सकता है।

वृषभ राशि (Taurus, ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)

वृषभ राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना स्वास्थ्य पर अधिक प्रभाव डालेगा। आपको अपने खान-पान पर लगाम रखने की जरूरत है। स्वास्थ्य के प्रति बिल्कुल भी लापरवाही ना करें। जीवन में आपको बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। आप अपने आत्मविश्वास को मजबूत बनाए रखें, इससे हर परिस्थितियों का सामना करने में सहायता मिलेगी। आप किसी से पैसा उधार ले सकते हैं। व्यापार में आपको मिलाजुला फल मिलेगा। वाहन प्रयोग में सावधानी बरतने की जरूरत है। पारिवारिक जीवन में रिश्तो को संभाल कर रखने की आवश्यकता है।

मिथुन राशि (Gemini, का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, ह)

मिथुन राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना वैवाहिक जीवन में परेशानियां खड़ी कर सकता है। आपको अपने गुस्से पर काबू रखना होगा। जरा-जरा सी बात पर आपको क्रोध आ सकता है। कठिन परिस्थितियों में आपको समझदारी से काम लेने की आवश्यकता है। नौकरी के क्षेत्र में आपको मिले-जुले नतीजे मिलेंगे। जमीन-जायदाद में आपको लाभ मिल सकता है। आप कोई भी बड़ा निवेश करने से बचें। परिवार के लोगों का सपोर्ट मिलेगा।

कर्क राशि (Cancer, ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

कर्क राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना मिलाजुला रहने वाला है। परिवार के लोगों के बीच अच्छे तालमेल बनाए रखना होगा। आप अपने कामकाज से संतुष्ट रहेंगे। कार्य क्षेत्र में अचानक परिवर्तन हो सकता है। भूमि, संपत्ति के कार्यों को इस समय के दौरान ना करें। प्रभावशाली लोगों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आप अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार करने की हर संभव कोशिश करेंगे। मित्रों की सहायता मिल सकती है।

सिंह राशि (Leo, मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

सिंह राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना भाग्यशाली साबित होगा। आपका उधार दिया गया पैसा वापस मिल सकता है। स्वास्थ्य में सुधार आएगा। शिक्षा से जुड़े हुए लोगों को सफलता मिलने के योग बन रहे हैं। आपको अपने कामकाज में मनमुताबिक सफलता मिलने के योग बने हुए हैं। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। घरेलू सुख-साधन बढ़ेंगे। परिवार का पूरा सपोर्ट मिलेगा। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में मजबूती आएगी।

कन्या राशि (Virgo, ढो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

कन्या राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना चुनौतीपूर्ण रहेगा। संतान के स्वास्थ्य को लेकर आप काफी चिंतित रहेंगे। नौकरी और बिजनेस में आपको विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। धन कमाने के मार्ग में बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं। आपका कोई महत्वपूर्ण कार्य अटक सकता है, जिसको लेकर आप काफी चिंतित रहेंगे। आपके स्वभाव में चिड़चिड़ापन आएगा। आप किसी भी प्रकार के वाद-विवाद को बढ़ावा मत दीजिए। प्रेम संबंधों में उतार-चढ़ाव आयेंगें।

तुला राशि (Libra, रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

तुला राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना जीवन में संकट उत्पन्न कर सकता है। दांपत्य जीवन में परेशानियां आने की संभावना बन रही है। प्रेम संबंधों में दूरियां उत्पन्न हो सकती हैं। आपकी आर्थिक स्थिति में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। धन हानि होने की संभावना बन रही है। पैसों के लेन-देन में आपको सतर्क रहने की आवश्यकता है। आप दूसरों के कार्यों में हस्तक्षेप मत कीजिए। व्यापार से जुड़े हुए लोगों को मध्यम फल की प्राप्ति होगी।

वृश्चिक राशि (Scorpio, तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

वृश्चिक राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना अच्छा साबित होगा। किसी पुरानी बीमारी से छुटकारा मिल सकता है। आपके खर्चों में कमी आएगी। पैसों की बचत करने में आप सफल रहेंगे। आमदनी के स्रोत बढ़ सकते हैं। नया मकान, नया वाहन खरीदने का विचार बनाएंगे। बिजनेस में आपको भारी मुनाफा मिल सकता है। नौकरी के क्षेत्र में आपको पदोन्नति मिलने की संभावना बन रही है।

धनु राशि (Sagittarius, ये, यो, भा, भी, भू, धा, फा, ढा, भे)

धनु राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना अच्छा साबित होगा। आप अपने अच्छे स्वभाव से लोगों का दिल जीत सकते हैं। जीवनसाथी के साथ रिश्तो में सुधार आएगा। अचानक धन प्राप्ति के योग बन रहे हैं। दूर संचार माध्यम से खुशखबरी मिल सकती है, जिससे घर-परिवार का वातावरण खुशहाल बनेगा। आप अपने पुराने नुकसान की भरपाई कर सकते हैं। घरेलू जरूरतों की पूर्ति होगी। आपके अधूरे कार्य पूरे होंगे।

मकर राशि (Capricorn, भो, जा, जी, खी, खू, खे, खो, गा, गी)

मकर राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना भूमि से लाभ दिला सकता है। धन संबंधित मामलों में आपको अच्छा फायदा मिलेगा। जीवनसाथी के साथ चल रहे मतभेद दूर हो सकते हैं। माता-पिता का पूरा सहयोग मिलेगा। नौकरी और व्यापार में बदलाव आने के संकेत बने हुए हैं। आपको कई क्षेत्रों से लाभ प्राप्त हो सकता है। आप कोई नया काम शुरू कर सकते हैं। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी।

कुंभ राशि (Aquarius, गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

कुंभ राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना भाई बंधुओं की तरफ से परेशानी खड़ी कर सकता है। आप अपने आत्मविश्वास और हिम्मत से हर चुनौती का सामना करेंगे। आप अपने गुस्से पर काबू रखें। कई बनते बनते कार्य बिगड़ सकते हैं, जिसके कारण आप काफी चिंतित रहेंगे। आपका स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। खान-पान पर नियंत्रण रखने की आवश्यकता है।

मीन राशि (Pisces, दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

मीन राशि वाले जातकों के लिए मंगल ग्रह का वक्री होना आर्थिक दृष्टि से उन्नति कारक साबित होगा। भौतिक सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी होने की संभावना बन रही है। बिजनेस से जुड़े हुए लोगों को लाभ मिल सकता है। सरकारी नौकरी करने वाले लोगों को अपने कामकाज में अच्छे नतीजे हासिल होंगे। वाहन सुख की प्राप्ति हो सकती है। पारिवारिक वातावरण अच्छा रहेगा। जीवनसाथी से चल रहे मनमुटाव दूर हो सकते हैं।