‘टाइम’ कवर पर छपने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री थीं परवीन बाबी, इन 5 किरदारों ने बदली जिंदगी

हिंदी सिनेमा की खूबसूरत और बोल्ड एक्ट्रेस में शुमार परवीन बाबी इंडस्ट्री की सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्रियों में से एक थीं। साल 1949 में जूनागढ़ में पैदा होने वाली परवीन बाबी ने इंडस्ट्री को 19 साल दिए और एक ऐसा मुकाम हासिल किया कि एक्ट्रेस को फिल्म इंडस्ट्री की सबसे महंगी अभिनेत्रियों में गिना जाने लगा। लेकिन परवीन बाबी मात्र 50 साल की उम्र तक ही अपने करियर को चोटी तक ले जा सकीं और 20 जनवरी 2005 को ही इस दुनिया को अलविदा कह गईं। वहीं परवीन मशहूर टाइम मैगजीन के कवर पर छपने वाली पहली भारतीय एक्ट्रेस थीं।

बेहतरीन फिल्मों में किया काम-

परवीन ने साल 1972 में मॉडलिंग करियर की शुरूआत की और कुछ ही समय में उन्हें फिल्में भी मिलने लगी। साल 1970 से 1980 के बीच परवीन ने ‘दीवार’, ‘नमक हलाल’, ‘अमर अकबर एंथनी’ और ‘शान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं। इसके अलावा  परवीन ने अमिताभ बच्चन के साथ आठ फिल्मों में काम किया और ये सारी फिल्में हिट या सुपरहिट रहीं। परवीन की जिंदगी का सबसे खास पल था जब वो मशहूर टाइम मैगजीन के कवर पर छपने वाली पहली भारतीय एक्ट्रेस बनने का तमगा भी हासिल किया था।

इतना ही नहीं एक्ट्रेस परवीन की छवि और काम करने का अनोखा तरीका उन्हें अन्य एक्ट्रेस से अलग करता  था। वहीं फिल्मों के निर्माता भी उन्हें कोई भोली भाली लड़की या फिर किसी गांव लड़की किरदार देने में हिचकिचाते थे। शायद यही वजह थी कि परवीन पश्चिमी सभ्यता से प्रेरित किरदारों के लिए मशहूर थीं। चलिए आज हम आपको उनके बेहतरीन किरदारों के बारे में बताते हैं।

नीलू- फिल्म मजबूर

साल 1974 में आई फिल्म ‘मजबूर’ में परवीन को पहली बार पिछली सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ देखा गया। रवि टंडन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में परवीन ने नीलू का रोल किया था। भले ही परवीन का इस क्राइम थ्रिलर फिल्म में बहुत ज्यादा काम नहीं किया था लेकिन यहीं से फिल्मकारों ने उन पर ध्यान देना शुरू कर दिया था। अमिताभ बच्चन और परवीन की दोस्ती भी यहीं से शुरू हुई थी।

अनीता- फिल्म दीवार

वहीं साल 1975 में परवीन बाबी ने बिग बी के साथ फिल्म ‘दीवार’ की। इस फिल्म ने परवीन की दुनिया ही बदल थी। बता दें कि यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में परवीन ने अनीता का किरदार निभाया है। जो   सिगरेट और शराब पीती है। लोगों को उसमें बदलते दौर की नई स्त्री दिखी और इस किरदार ने उनके लाखों दीवाने पैदा कर दिए।

जेनी- फिल्म अमर अकबर एंथनी

साल 1977 में परवीन बाबी एक बार फिर अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म ‘अमर अकबर एंथनी’ में नजर आईं। ये वो दौर जब परवीन के अफेयर्स के किस्से सुर्खियां बनने लगे थे। इस फिल्म में जहां अमिताभ बच्चन ने एंथनी का किरदार निभाया तो वहीं परवीन ने जेनी के रूप में नज़र आईं।

अनु- फिल्म सुहाग

साल 1979 में परवीन के चर्चे अभिनेता कबीर बेदी के साथ खूब रहे। यहीं कारण था जब मनमोहन देसाई ने वर्ष 1979 की फिल्म ‘सुहाग’ में परवीन को एक किरदार ऑफर किया तो उन्होंने मना कर दिया। एक्ट्रेस का कहना था कि कबीर बेदी के साथ यूरोप जा रही हैं और पता नहीं कि कब लौटेंगी? हालांकि छह महीने बाद परवीन की वापसी हुई तो उन्होंने मनमोहन की फिल्म को साइन कर लिया और दर्शकों को अनु के रुप में दिखाई दीं। इस एक्शन ड्रामा फिल्म में परवीन की जोड़ी शशि कपूर के साथ बनी।

शीतल विनोद वर्मा- फिल्म : द बर्निंग ट्रेन

साल 1980 में जब निर्देशक धर्मेंद्र, विनोद खन्ना, जीतेंद्र, हेमा मालिनी, परवीन बाबी, नीतू सिंह, डैनी डेंजोंगपा जैसे बड़े-बड़े कलाकारों की फौज लेकर एक फिल्म ‘द बर्निंग ट्रेन’ बनाई तो इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। फिल्म में परवीन ने विनोद खन्ना के साथ काम किया।