शादी के 3 साल बाद प्रियंका चोपड़ा बनी मां, सरोगेसी के जरिए पहले बच्चे का किया स्वागत

बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपने दमदार अभिनय का लोहा मनवा चुकीं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और उनके सिंगर पति निक जोनस ने अपने फैंस के साथ एक बहुत बड़ी खुशखबरी साझा की है और यह खुशखबरी ऐसी है जिसने उनके लाखों फैंस को हैरानी में डाल दिया है। जी हां, अब यह चर्चित जोड़ी माता-पिता बन चुकी है।

बॉलीवुड में देसी गर्ल के नाम से मशहूर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने इस विषय में अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से सभी को जानकारी दी है। अभिनेत्री सरोगेसी के माध्यम से मां बनी हैं। प्रियंका चोपड़ा ने इस विषय में सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए सभी से अपनी निजता बनाए रखने की भी अपील की है।

आपको बता दें कि अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए इस खुशखबरी को अपने फैंस के साथ शेयर किया है। अभिनेत्री ने यह पोस्ट कुछ देर पहले ही साझा किया है। उन्होंने इस पोस्ट को शेयर करते हुए यह लिखा है कि “हमें यह बताते हुए बेहद खुशी है कि हमने सरोगेसी के जरिए अपने बच्चे का स्वागत किया है।”

अभिनेत्री ने अपनी पोस्ट में आगे यह लिखा है कि “इस खास मौके पर हम सम्मान पूर्वक अपनी गोपनीयता की मांग करते हैं क्योंकि इस समय हम अपना ध्यान अपने परिवार पर केंद्रित करना चाहते हैं। सभी का धन्यवाद।”

जैसे ही यह खबर सामने आई, फैंस बेहद खुश नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस खबर के सामने आते ही कपल को बधाई का सिलसिला शुरू हो गया है। अभिनेत्री के द्वारा शेयर किए गए इस पोस्ट पर उनके फैंस से लेकर कई सेलिब्रिटीज तक कमेंट करते हुए उन्हें बधाई दे रहे हैं। इतना ही नहीं बल्कि कपल के दोस्त और परिवार वाले भी उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।

प्रियंका चोपड़ा के पति निक जोनस के भाई जो जोनस ने दोनों की पोस्ट पर दिल वाला इमोजी कमेंट किया है। वहीं बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री लारा दत्ता ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए “बधाई” लिखा है। इसके अलावा उनके फैंस भी इस खबर को सुनने के बाद काफी खुश नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट को लाखों लोगों द्वारा लाइक कर चुका है और यह पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है।

गौरतलब है कि साल 2018 की सर्दियों में प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने उम्मेद भवन पैलेस में अपने अपने धर्म के अनुसार दो रीति-रिवाजों के मुताबिक शादी रचाई थी। प्रियंका चोपड़ा अपने पति निक जोनस से उम्र में 10 वर्ष बड़ी हैं परंतु इसके बावजूद भी उनके बीच अटूट प्यार है, जिसे देखने के बाद ऐसा मालूम होता है कि उम्र महज एक संख्या है।

हाल ही में दोनों ने अपनी शादी की तीसरी सालगिरह भी मनाई थी। बीते दिनों प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से अपने पति निक जोनस का सरनेम भी हटा दिया था, जिसके बाद ही दोनों के अलग होने की खबरें सुर्खियों का विषय बनी हुई थी परंतु बाद में यह सिर्फ महज अफवाह साबित हुई थी।

शादी के बाद अब प्रियंका चोपड़ा निक जोनस के साथ अमेरिका के लॉस एंजेलिस में एंजॉय कर रही हैं और कपल ने शादी के करीब 3 साल बाद सरोगेसी के माध्यम से अपनी पैरेंटहुड शुरुआत की है।