अक्षय खन्ना वो शानदार एक्टर जो बना गया अंडररेटेड, कभी करिश्मा कपूर से होने वाली थी शादी लेकिन..

बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री में ऐसे कई कलाकार हैं जो आज के समय में सक्रिय नहीं है। लेकिन उनके काम का लोहा हर कोई मानता है। इन्हीं अभिनेताओं में से एक हैं बॉलीवुड अभिनेता अक्षय खन्ना। आपको बता दें कि अक्षय खन्ना का नाम बॉलीवुड के सबसे शानदार कलाकारों में गिना जाता है। हर कोई उनकी एक्टिंग की तारीफ करता है। अक्षय खन्ना ने हमेशा ही अपने अभिनय से ना सिर्फ दर्शकों की वाहवाही लूटी है , बल्कि क्रिटिक्स को भी हैरान कर दिया है। अक्षय खन्ना अभिनेता विनोद खन्ना के बेटे हैं। बेशुमार टैलेंट होने के बावजूद इस एक्टर को वह स्टारडम और सफलता नहीं मिल पाई जिसके वह हकदार थे। अक्षय खन्ना आज अपना 48 वां जन्मदिन मना रहे हैं। तो चलिए जानते हैं इस अंडर रेटेड अभिनेता के जन्मदिन पर उनसे जुड़ी कुछ खास बातें।

अक्षय खन्ना ने वर्ष 1997 में हाई फिल्म हिमालय पुत्र से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। इस फिल्म को एक्टर के पिता विनोद खन्ना द्वारा ही प्रोड्यूस किया गया था। हालांकि फिल्म हिमालय पुत्र इतना अच्छा बिजनेस नहीं कर पाई, लेकिन इस फिल्म ने एक्टर के लिए इंडस्ट्री में सभी दरवाजे खोल दिए थे। इस फिल्म के बाद अक्षय खन्ना खन्ना को कई फिल्मों के ऑफर मिलने लगे थे। अक्षय खन्ना को असली पहचान फिल्म बॉर्डर से मिली थी। दिलचस्प बात तो यह थी कि मल्टीस्टारर फिल्म होने के बाद भी अक्षय खन्ना ने अपने अभिनय से सभी का ध्यान अपनी और खींचा था। इस फिल्म के लिए अक्षय खन्ना को अवार्ड भी मिला था।

अक्षय खन्ना फिल्म हमराज में एक नकारात्मक किरदार में नजर आए थे। इस फिल्म में भी अपने अभिनय से उन्होंने सभी को हैरान कर दिया था। यहां तक कि इस फिल्म में अक्षय खन्ना के किरदार को फिल्म के लीड अभिनेता बॉबी देवल से भी ज्यादा पसंद किया गया था। अक्षय खन्ना की निजी जिंदगी के बारे में बात करें तो अक्षय खन्ना ने आज तक शादी नहीं की है। करियर के शुरुआती दिनों में इस अभिनेता का नाम कई अभिनेत्रियों के साथ जुड़ा लेकिन किसी के साथ भी बात शादी तक नहीं पहुंची।

इस बात को बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि बॉलीवुड अभिनेता रणधीर कपूर अपनी बड़ी बेटी अभिनेत्री करिश्मा कपूर की शादी अक्षय खन्ना के साथ करवाना चाहते थे। कहां जाता है कि रणधीर कपूर इस बारे में विनोद खन्ना से भी बात की थी। लेकिन करिश्मा की मां बबीता ने इस रिश्ते को नामंजूर कर दिया था। दरअसल उस समय करिश्मा कपूर अपने करियर के पीक पर थी, जबकि अक्षय खन्ना की फिल्म कुछ खास सफलता हासिल नहीं कर पा रही थी। इसके बाद अक्षय खन्ना ने कहा था कि वह शादी करना ही नहीं चाहते थे। काम के बारे में बात करे तो इस एक्टर को पिछले साल आई फिल्म ‘दृश्यम 2’ में देखा गया था। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी। ताल, बॉर्डर, हलचल, हंगामा, गांधी माय फादर, रेस, दिल चाहता है जैसी कई फिल्मों में नजर आए अक्षय खन्ना अपने शानदार काम के लिए जानें जाते है।