अमिताभ से लेकर धर्मेंद्र तक, बेहद संघर्षपूर्ण है इनकी कहानी, कोई था वेटर तो किसी ने की बस कंडक्टर की नौकरी

बॉलीवुड इंडस्ट्री में सभी लोग अपने मन में एक सपना सजा कर आते हैं कि वह इस इंडस्ट्री में अच्छा खासा मुकाम हासिल कर पाएं परंतु सभी लोगों को इंडस्ट्री में कामयाबी नहीं मिल पाती है। ऐसे बहुत से सितारे हैं जो इंडस्ट्री में आते हैं और कुछ समय बाद गुमनामी के अंधेरे में खो जाते हैं लेकिन कुछ सितारे ऐसे भी हैं जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अच्छा खासा नाम कमाया है और आज के समय में भी यह इंडस्ट्री में जमे हुए हैं। बॉलीवुड में अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, अक्षय कुमार और धर्मेंद्र जैसे नाम है जो हर किसी के जुबान पर रहता है। भले ही बॉलीवुड के इन सितारों को यह मुकाम हासिल करने के लिए काफी समय लगा हो परंतु जो कलाकार कल्पना करता है वह मुकाम इन्होंने हासिल कर लिया। अपना मुकाम पाने के लिए इन कलाकारों ने बहुत मेहनत की है। आज हम आपको फिल्म इंडस्ट्री की कुछ ऐसी हस्तियों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं, जिन्होंने काफी संघर्ष के बाद सफलता पाई है।

अमिताभ बच्चन

बॉलीवुड इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन को भला कौन नहीं जानता है। यह किसी के परिचय के मोहताज नहीं है। इन्होंने अपनी बेहतरीन एक्टिंग के बलबूते लाखों लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई है। आप सभी लोग शायद इस बात को नहीं जानते होंगे कि अमिताभ बच्चन कभी किसी शिपिंग कंपनी में एग्जीक्यूटिव का काम करते थे। अमिताभ बच्चन की भारी आवाज थी, जिसके कारण कई बार इनको काम भी नहीं मिल पाता था परंतु वर्तमान समय में वही आवाज लोगों को बेहद पसंद आती है। अमिताभ बच्चन ने अपने फिल्मी करियर में कई सुपरहिट फिल्में की हैं।

अक्षय कुमार

अभिनेता अक्षय कुमार ने संघर्ष के दिनों में पहले रेस्टोरेंट में वेटर और शेफ के तौर पर काम किया था, इसके अतिरिक्त फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार मार्शल आर्ट्स के भी ट्रेनर रह चुके हैं। 90 के दशक में अक्षय कुमार ने कई एक्शन फिल्मों में काम किया। अपने एक्शन से इन्होंने सभी फैंस का दिल जीत लिया।

शाहरुख खान

बॉलीवुड के बादशाह कहे जाने वाले मशहूर अभिनेता शाहरुख खान सिर्फ ₹1500 लेकर दिल्ली से मुंबई आए थे। मुंबई आने के बाद इनका रहने का कोई भी ठिकाना नहीं था, जिसके कारण रेलवे पर ही यह अपनी रातें गुजारते थे। जब यह संघर्ष कर रहे थे, तब इन्होंने कॉन्सर्ट में अटेंडेड का काम किया था, इतना ही नहीं बल्कि इन्होंने फिल्म “कभी हां कभी ना” की टिकट भी बेची थी, जो 1994 में आई थी। फिल्मों में कदम रखने से पहले अभिनेता शाहरुख खान ने कई प्ले में काम किया, उनकी बेहतरीन एक्टिंग को लेकर खूब प्रशंसा भी हुई।

रजनीकांत

साउथ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर और दिग्गज अभिनेता रजनीकांत के फैंस की कोई कमी नहीं है। वर्तमान समय में लोग इनकी फिल्में देखना बेहद पसंद करते हैं इतना ही नहीं बल्कि लोग रजनीकांत की भगवान के रूप में पूजा भी करते हैं परंतु एक समय ऐसा भी था जब रजनीकांत बस कंडक्टर की नौकरी किया करते थे। आपको बता दें कि बेंगलुरु ट्रांसपोर्ट सर्विस में रजनीकांत कंडक्टर का काम करते थे। रजनीकांत ने वर्ष 1973 में एक्टिंग में डिप्लोमा किया, उसके बाद मद्रास फिल्म इंस्टीट्यूट में आवेदन किया था। पहली बार रजनीकांत को एक तमिल फिल्म में ब्रेक मिला, उसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया है।

धर्मेंद्र

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र ने अपना मुकाम हासिल करने के लिए बेहद संघर्ष किया है। पंजाब से मुंबई तक का सफर इनके लिए इतना आसान नहीं था। आपको बता दें कि धर्मेंद्र अपने मन में सपना संजोए जब मुंबई आए थे तो उन्होंने कई दिनों तक एक ड्रिलिंग फर्म में काम किया था। तब उन्हें ₹200 मिलते थे। मुंबई में इनका रहने का भी कोई ठिकाना नहीं था, जिसके कारण यह गैरेज में ही अपनी रात गुजारा करते थे। काफी लंबे समय तक फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेता धर्मेंद्र ने संघर्ष किया। बाद में वर्ष 1960 में “दिल भी तेरा हम भी तेरा” फिल्म में काम करने का अवसर प्राप्त हुआ।

कंगना रनौत

अभिनेत्री कंगना रनौत का फिल्मी करियर बेहद कठिन रहा था। कंगना के घरवाले यह चाहते थे कि यह डॉक्टर बने लेकिन कंगना रनौत एक्टिंग करना चाहती थीं। एक्टिंग का भूत इनके ऊपर इस कदर सवार हो गया था कि 16 वर्ष की उम्र में ही इन्होंने अपना घर छोड़ दिया। घर छोड़ने के बाद यह मुंबई आ गई थीं। मुंबई आने के बाद इनको कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। कई दिनों तक तो इन्होंने रोटी और अचार खा कर अपना किसी तरह गुजारा किया था। बाद में मॉडलिंग और थिएटर में इन्होंने अपनी किस्मत आजमाई थी। वर्ष 2005 में कंगना रनौत ने फिल्म “गैंगस्टर” से अपने करियर की शुरुआत की थी।