बुजुर्ग महिला ने छत पर लगाया तिरंगा, साथ देते नजर आया पति, जज्बा देख आनंद महिंद्रा ने की तारीफ

15 अगस्त 2022 को भारत की आजादी के 75 साल पूरे हो गए हैं। इस खास मौके पर स्वतंत्रता दिवस अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। देश की आजादी के इस जश्न को दोगुना करने के लिए भारत सरकार के द्वारा “हर घर तिरंगा” अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत आम जनता हो या फिर खास, हर किसी से भारत सरकार ने अपने घर पर तिरंगा लगाकर इस अभियान में शामिल होने की गुजारिश की है।

इस अभियान के तहत बॉलीवुड के कई सितारों ने अपने घर की छत पर तिरंगा लहराया तो किसी ने अपने घर की बालकनी में तिरंगा लगाया। लेकिन हाल ही में एक बुजुर्ग महिला और उसके पति की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस फोटो में देखा जा सकता है कि बुजुर्ग अपने घर की छत पर तिरंगा लगाते हुए नजर आ रहे हैं।

तस्वीर में देख सकते हैं कि बुजुर्ग दंपति ने किस तरह से इस मुहिम में शामिल होकर आजादी के इस जश्न को और भी ज्यादा खुशियों से भर दिया है। अपने घरों पर तिरंगा लगाकर देशभक्ति की अलख जगाने का काम कर रहे हैं।

आनंद महिंद्रा ने ट्विटर पर तस्वीर शेयर कर लिखी ये बात

भारत के जाने-माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा हमेशा ही किसी न किसी वजह से सुर्खियों का विषय बने रहते हैं। आनंद महिंद्रा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह लोगों के बीच आए दिन कोई न कोई पोस्ट शेयर करते रहते हैं, जो देखते ही देखते वायरल हो जाती हैं। बिजनेस टायकून आनंद महिंद्रा अपने ट्विटर एकाउंट के जरिए लोगों के साथ दिलचस्प जानकारी शेयर करते रहते हैं।

आनंद महिंद्रा की पैनी नजर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हर पोस्ट पर टिकी रहती है। अक्सर भारतीयों के जज्बे की तारीफ करते हुए अनोखे पोस्ट भी आनंद महिंद्रा अपने ट्विटर पर शेयर करते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक बुजुर्ग दंपत्ति की तस्वीर साझा की है, जो लोगों को बहुत पसंद आ रही है। आनंद महिंद्रा के द्वारा शेयर की गई तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है।

आनंद महिंद्रा ने इस तस्वीर को शेयर करने के साथ ही उनकी तारीफ करते हुए लोगों को एक बड़ी सीख भी दी है। आनंद महिंद्रा ने फोटो के साथ यह लिखा कि “अगर आप सोच रहे हैं कि इस बार स्वतंत्रता दिवस को लेकर इतना हो-हल्ला क्यों हो रहा है तो इसका जवाब इन दो लोगों से पूछिए। ये लोग आपको किसी भी लेक्चर से बेहतर समझा पाएंगे। जय हिन्द।”

तस्वीर में बुजुर्ग दंपत्ति छत पर खड़े दिख रहे हैं। बुजुर्ग महिला एक लोहे के ड्रम में चढ़ी है और एक लोहे की छड़ पर झंडा टांगती दिखाई दे रही है। नीचे उसका पति उस ड्रम को पकड़कर खड़ा है, जिससे अपनी पत्नी को सहारा दे सके। बुजुर्ग होने के बावजूद झंडे और देश के प्रति ऐसा प्रेम देखने लायक है।

आनंद महिंद्रा की एक बात तो सच है कि फोटो में नजर आ रहे लोग उस पीढ़ी के हैं, जिनके लिए आजादी के मायने आज के समय से बिल्कुल अलग थे। उन लोगों ने अपनी आंखों से देश को आजाद होते हुए देखा था इसलिए उनके जज्बात हम सबसे कहीं ज्यादा होंगे। इस फोटो को हजारों लोगों द्वारा देखा जा चुका है। वहीं सैकड़ों ने इसे रीट्वीट किया है। यह फोटो तेजी से वायरल हो रही है और लोग जमकर कमेंट और शेयर कर रहे हैं।