“कभी हार नहीं मानूंगा, आपको गर्व महसूस कराऊंगा…” मां की बर्थ एनिवर्सरी पर अर्जुन कपूर हुए भावुक, लिखा दिल छू लेने वाला नोट

यह बात हम सभी लोग अच्छी तरह से जानते हैं कि इस दुनिया में मां की तुलना किसी से भी नहीं की जा सकती। दुनिया में कोई भी मां का स्थान नहीं ले सकता है और उनके जाने के बाद जो दर्द होता है, उसे बयां करना बहुत मुश्किल है। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अर्जुन कपूर के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। मां की मृत्यु के इतने सालों बाद भी अर्जुन कपूर उन्हें भूल नहीं पाए। अर्जुन कपूर ने अपनी मां मोना सुरी कपूर की बर्थ एनिवर्सरी पर उन्हें याद किया है।

इसके साथ ही अभिनेता ने अपने हाथ का लिखा हुआ एक पुराना लेटर भी पोस्ट किया है। आपको बता दें कि फिल्म निर्माता बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना कपूर का 25 मार्च 2012 को कैंसर से निधन हो गया था। हर साल की तरह इस साल भी अर्जुन कपूर ने अपनी दिवंगत मां मोना सूरी कपूर की जयंती पर उन्हें याद किया है। उन्होंने 1997 में अपनी मां को लिखे एक लेटर को सोशल मीडिया पर साझा किया।

अर्जुन कपूर ने लिखा इमोशनल पोस्ट

आपको बता दें कि बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर ने लेटर और अपनी कुछ तस्वीरों का कोलाज बनाकर शेयर किया है, जिसमें वह अपनी मां के साथ नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही अर्जुन कपूर ने इस पोस्ट का कैप्शन भी बहुत भावुक कर देने वाला लिखा है, जिसे पढ़ने के बाद कोई भी इमोशनल हो सकता है। अर्जुन कपूर ने यह लिखा है कि “अब फोटोस खत्म हो रही हैं मां। मेरे पास शब्द भी खत्म हो गए। फिर से कुछ ऐसा लिख रहा हूं, जो मेरे अंदर के बच्चे को समेटे हुए है। हो सकता है मेरी एनर्जी और ताकत भी खत्म हो गई हो, लेकिन आज आपका जन्मदिन है और यह मेरे लिए साल का सबसे अच्छा दिन है।”

अर्जुन कपूर ने कैप्शन में आगे यह लिखा ” मैं आपसे वादा करता हूं कि मैं कभी हार नहीं मानूंगा। मैं आपसे वादा करता हूं कि मुझे नई एनर्जी और ताकत मिलेगी। मैं वादा करता हूं कि आप जहां भी हो मैं आपको गर्व महसूस कराऊंगा। लव यू। आपकी मुस्कान के बिना खाली महसूस करता हूं। मेरी हर चीज़ को जन्मदिन मुबारक हो।”

अर्जुन कपूर ने फोटो शेयर करते हुए लिखा “मेरी मां सोने से ज्यादा कीमती है, फूल की पंखुड़ी से ज्यादा कोमल है, एक किशोर से ज्यादा उत्साही है, मुझसे ज्यादा प्यारी है।” एक्टर ने लिखा है कि “हे मां! कभी परेशान मत होइए, क्योंकि आपके आंसू पानी की ताजा बूंदों की तरह हैं और आपकी मुस्कान 1,00,00,000 रुपए और भी बहुत कुछ है।” अर्जुन कपूर ने लेटर पर सिग्नेचर भी किए और साथ ही लिखा था “आपका बेटा एके।”

साल 2012 में हुआ मोना सूरी का निधन

आपको बता दें कि अर्जुन कपूर की मां मोना सूरी प्रोड्यूसर बोनी कपूर की पहली पत्नी थीं। बोनी कपूर ने साल 1996 में मोना सूरी को छोड़कर श्रीदेवी से शादी रचा ली थी, जिसके बाद से वह बुरी तरह से टूट गई थीं। अपने जीवन में हुए उतार-चढ़ाव में उन्हें हाइपरटेंशन की समस्या हो गई थी। इसके साथ वह कैंसर का भी शिकार हो गई थीं। साल 2012 में मोना का निधन हो गया था। कभी अर्जुन कपूर तो कभी उनकी बहन अंशुला कपूर मां मोना सूरी की थ्रोबैक तस्वीरें शेयर करते रहते हैं।