“IAS हों तो ऐसे” लोगों की मदद के लिए कीचड़ तक में घुस गई ये महिला अधिकारी, लोग कर रहे खूब तारीफ

असम में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से लोगों का जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो चुका है। यहां दिन प्रतिदिन हालत बिगड़ते ही जा रहे हैं। इन मुश्किल हालातों में एक महिला आईएएस अधिकारी ने आगे बढ़कर मोर्चा संभाला है। जी हां, असम में बाढ़ के हालातों में एक आईएएस अधिकारी कीचड़ में उतर कर लोगों की मदद कर रही हैं।

असम में बाढ़ के बीच लोगों की मदद करते और हालातों का जायजा लेते हुए महिला आईएएस अधिकारी कीर्ति जल्ली (IAS Keerthi Jalli) की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही हैं। जैसे ही यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं तो लोग उनके काम की सराहना करते हुए नहीं थक रहे हैं।

आपको बता दें कि असम में बाढ़ और भूस्खलन के कारण आम जन-जीवन अस्त व्यस्त है। राज्य के 27 जिलों में भयंकर तबाही मची हुई है। लोगों के घर तबाह हो चुके हैं। वहीं 7.18 लाख से ज्यादा लोगों के जीवन पर काफी बुरा प्रभाव पड़ा है। 14 जिलों में 359 राहत शिविर और वितरण केंद्र चलाए जा रहे हैं। यहां पर 12000 से अधिक बच्चे और 80000 से अधिक लोगों ने शरण ले रखी है। वहीं अभी तक 30 लोगों की जान जा चुकी है।

IAS अधिकारी अवनीश शरण ने शेयर की तस्वीर

दरअसल, 2009 बैच के आईएएस अधिकारी अवनीश शरण ने असम में तैनात आईएएस अधिकारी कीर्ति जल्ली की एक फोटो शेयर की है। उन्होंने तस्वीर शेयर करते हुए ‘हाथ जोड़कर’ इमोजी के साथ उनके कामों की भी प्रशंसा की। आईएएस अवनीश शरण के द्वारा जो तस्वीर शेयर की गई है, उसमें देखा जा सकता है कि महिला आईएएस अधिकारी कीर्ति जल्ली एक अन्य महिला के साथ एक नाव में खड़ी मुस्कुराते हुए दिखाई दे रही हैं। दोनों के ही पांव कीचड़ से सने हुए भी देखे जा सकते हैं।

ऐसा बताया जा रहा है कि असम में बाढ़ के बीच लोगों की सहायता करने के लिए, उनकी दिक्कतें सुनने के लिए आईएएस अधिकारी कीर्ति जल्ली सीधे जमीन पर उतर गई। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है और यूजर्स ने उनकी सराहना की। लोगों का कहना है कि ऐसे अफसरों की कमी है।

नाव में बैठकर बाढ़ प्रभावित हालातों का लिया जायजा

आपको बता दें कि कीर्ति जल्ली 2013 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। कीर्ति जल्ली असम में काफी चर्चित अधिकारी हैं। कोरोना काल भी वह चर्चा में रही थीं। कोरोना काल में वह अपनी शादी के अगले ही दिन ड्यूटी पर आ गई थीं। वहीं जैसे ही उनकी अब बाढ़ के दौरान लोगों की मदद की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो लोगों ने दिल्ली के आईएएस कपल को इनसे सीख लेने की सलाह दी है, क्योंकि दिल्ली में एक आईएएस दंपत्ति सुविधाओं का दुरुपयोग करते हुए पाए गए थे।

आईएएस अधिकारी कीर्ति जल्ली की एक और तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह नाव में बैठकर बाढ़ प्रभावित हालातों का जायजा लेने जा रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते 50 सालों से ही वह इसी तरह से बाढ़ से परेशान होते चले आ रहे हैं। लोगों ने यह बताया कि इतने सालों में ऐसा पहली बार हुआ है कि जब कोई आईएएस अधिकारी उनके पास बाढ़ के दिनों में आई हों और उनकी दिक्कतें सुनी हों।

असम में हाल ही में आई बाढ़ से कछार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हजारों लोग अभी भी जिले भर में अस्थाई राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। उपायुक्त ने कीर्ति जल्ली ने बुधवार को भी विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। ऐसा बताया जा रहा है कि कीर्ति जल्ली नदी के बीचो-बीच टापू पर बसे चेसरी गांव में नाव से पहुंचीं। इसके बाद वह चप्पल उतार कर कीचड़ भरे रास्तों से होते हुए अंदर पहुंचीं और गांव का हाल जाना।