भारती सिंह ने बेटे का करवाया पहला फोटोशूट, गोला संग शेयर किया प्यारा Video

मशहूर कॉमेडियन भारती सिंह कुछ दिनों पहले ही मां बनी हैं। भारती सिंह ने अपने पति हर्ष लिंबाचिया के साथ अपने बेटे का स्वागत किया है। इन दिनों यह दोनों माता-पिता बनने के हर पल का लुफ्त उठा रहे हैं। वहीं भारती सिंह भी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं और नई मां लगातार अपने बच्चे की झलकियां पोस्ट कर रही हैं। वैसे कपल ने अपने बेटे का अब तक कोई ऑफिशियल नाम नहीं रखा है लेकिन प्यार से यह अपने बेटे को गोला बुलाते हैं।

आपको बता दें कि भारती सिंह ने 3 अप्रैल 2022 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था। हर्ष लिंबाचिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर भारती के मैटरनिटी शूट से एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसके माध्यम से उन्होंने फैंस को यह खुशखबरी दी थी। हर्ष लिंबाचिया ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में “यह एक लड़का है” लिखा था। तस्वीर में कपल को व्हाइट ड्रेस में नीले रंग की रिबन से सजी एक टोकरी पकड़े हुए देखा जा सकता है। तस्वीर के ऊपर नीले रंग में “इट्स अ बॉय” भी लिखा हुआ नजर आ रहा है।

भारती सिंह अक्सर सोशल मीडिया पर अपने बेटे को लेकर बात करती रहती हैं और वह अक्सर यह कहते हुए नजर आती हैं कि वह बहुत ही जल्द अपने फैंस को बेटे की पहली झलक दिखाएंगी। भारती सिंह ने अभी तक अपने बेटे के चेहरे का खुलासा नहीं किया है। वहीं सभी फैंस गोला की पहली तस्वीर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में भारती सिंह ने अपने बेटे गोला के पहले बेबी शूट की झलक फैंस को दिखाई है।

भारती ने करवाया बेटे का पहला फोटोशूट

भारती सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल “लाइफ ऑफ लिंबाचिया” पर अपने बेटे गोला के पहले बेबी शूट का एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने यह वीडियो 12 मई 2022 को पोस्ट किया था। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि हर्ष लिंबाचिया और भारती सिंह अपने बेबी बॉय के साथ व्हाइट कलर में ट्विन करते हुए दिख रहे हैं। वैसे इस वीडियो में भारती ने अपने बेटे गोला का चेहरा नहीं दिखाया है। उन्होंने इसके बजाय स्टिकर का इस्तेमाल किया है।

इससे पहले बेबी बॉय की नर्सरी की दिखाई थी झलक

आपको बता दें कि भारती सिंह ने अपने पति हर्ष लिंबाचिया के साथ 4 मई 2022 को एक प्यारी इंस्टा स्टोरी शेयर की थी। फोटो में उनके बेबी बॉय की नर्सरी की झलक देखने को मिली थी। हालांकि, यह उनके बच्चे की सफेद रंग की प्यारी खाट थी, जिसने हमारा ध्यान अपनी तरफ खींचा। इस पालने की कीमत ₹31500 बताई जा रही है।

डिलीवरी के कुछ दिनों के अंदर ही काम पर लौटीं

भारती सिंह डिलीवरी के महज 12 दिनों के अंदर ही काम पर वापस आ गई थीं। कुछ लोगों ने उनकी हिम्मत की खूब सराहना की, तो कुछ लोग ऐसे भी थे जिन्होंने इसके लिए उन्हें ट्रोल भी किया था। भारती सिंह ने एक इंटरव्यू के दौरान काम पर लौटने का फैसला उनके द्वारा क्यों लिया गया था, इसका खुलासा किया था।

भारती सिंह ने यह बताया था कि “मैंने गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को काम करते देखा है। मैं अमृतसर से हूं। जो महिलाएं निर्माण स्थलों पर मजदूर के रूप में काम करती हैं, वे न केवल अपने बेबी बंप, बल्कि अपनी गर्भावस्था के दौरान ईंटों, सीमेंट और छड़ जैसे भारी निर्माण सामग्री के वजन भी ले जाती हैं। क्यों क्या मुझे घर पर सिर्फ इसलिए बैठना चाहिए, क्योंकि मैं इसका खर्च उठा सकती हूं?”

भारती सिंह ने क्यों नहीं दिखाया बेटे का चेहरा?

दरअसल, “खतरा खतरा शो’ के सेट से मीडिया से बातचीत करते हुए भारती सिंह ने अपने बेटे का चेहरा दुनिया को दिखाने की बात कही थी। उन्होंने बताया था कि वह चाहती तो पहले दिन ही बेटे का चेहरा दिखा देतीं, लेकिन घर के कुछ बड़े-बुजुर्ग ने उन्हें ऐसा करने से मना किया है, उनका कहना है कि बच्चे का चेहरा नहीं दिखाना चाहिए। भारती सिंह ने कहा कि वह 40 दिन पूरे होने के बाद बेटे की सारी तस्वीरें फैंस को दिखाएंगी।