बिपाशा बसु ने शेयर की बेटी की पहली तस्वीर, ‘देवी’ को प्यार से निहारती दिखीं एक्ट्रेस

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री बिपाशा बसु और उनके पति करण सिंह ग्रोवर के लिए साल 2022 बहुत ही खास रहा है। जी हां, बीती 12 नवंबर को करण सिंह ग्रोवर और बिपाशा बसु के घर शादी के पूरे 6 साल के बाद नन्हीं परी का जन्म हुआ है। बच्ची के जन्म के बाद से ही इन दोनों की खुशी का ठिकाना नहीं है। नन्ही परी के जन्म के कुछ घंटे बाद ही बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए यह खुशखबरी फैंस से शेयर की और अपनी बेटी के नाम की जानकारी दी थी।

अभिनेत्री बिपाशा बसु की बेटी का नाम जानकर फैंस काफी खुश हुए थे। वहीं फैंस उनसे उनकी लाडली की एक झलक दिखाने की गुजारिश भी कर रहे थे लेकिन अब अभिनेत्री ने फैंस का इंतजार खत्म कर दिया है। जी हां, बिपाशा बसु ने अपने फैंस की इस इच्छा को पूरा करने के लिए अब उन्होंने अपनी बेटी ‘देवी’ की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है।

बिपाशा बसु-करण सिंह ग्रोवर ने शेयर की ‘देवी’ की पहली तस्वीर

बिपाशा बसु ने अपनी लाडली बेटी देवी की पहली झलक शेयर की है। इस तस्वीर में आप सभी लोग पिता करण सिंह ग्रोवर को अपनी लाडली को पकड़े हुए देख सकते हैं। बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर ने एक साथ सोशल मीडिया पर बेटी देवी बसु सिंह ग्रोवर के साथ तस्वीर शेयर की है, जिसमें उन्होंने अपनी बेटी का चेहरा छुपाया हुआ है।

इस तस्वीर के जरिए बिपाशा बसु ने प्यारी सी एंजेल बनाने की रेसिपी भी शेयर की है। तस्वीर में देख सकते हैं कि बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर अपनी नन्ही गुड़िया को हाथ में थामे हुए हैं और कपल अपनी बेटी को प्यार से निहारते हुए नजर आ रहा है। बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर के फैंस को यह तस्वीर बहुत पसंद आ रही है।

अभिनेत्री बिपाशा बसु ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए एक प्यारा सा कैप्शन भी लिखा है, जिसमें वह स्वीट बेबी एंजल बनाने की रेसिपी शेयर कर रही हैं। बिपाशा बसु ने लिखा है “प्यारी बेबी एंजल बनाने के लिए हमारी रेसिपी पढ़े… आप का चौथाई कप, मेरा चौथाई कप, मां के आशीर्वाद और प्यार का आधा प्याला, जादू कि टॉपिंग, रेनबो की 3 बूंदें, एंजल डस्ट, मसाला: स्वाद के अनुसार क्यूटनेस।” बिपाशा बसु द्वारा शेयर की गई अपनी बेटी की यह पहली तस्वीर इंटरनेट पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। अभिनेत्री के फैंस देवी की फोटो पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं। कमेंट बॉक्स में लोग दिल वाली इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

साल 2016 में शादी के बंधन में बंधे थे बिपाशा और करण

आपको बता दें कि बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर की पहली मुलाकात फिल्म “अलोन” के सेट पर हुई थी। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान बिपाशा और करण के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद अप्रैल 2016 में दोनों ने शादी कर ली थी। वहीं कपल ने 12 नवंबर 2022 को अपनी बेटी का स्वागत किया है। शादी के पूरे 6 साल के बाद उनके घर में किलकारियां गूंजी हैं, जिससे उनकी जिंदगी की खुशियां दोगुनी हो गई हैं।