सोनू सूद से नेपाली लड़के ने मांगी सर्जरी के लिए मदद, अभिनेता बोले- हिंदुस्तान से अपने देश बिना लाठी के दौड़ते हुए जाओगे

सोनू सूद इस समय जरूरतमंद लोगों के लिए मसीहा बने हुए हैं। अगर कोई भी निर्धन और जरूरतमंद व्यक्ति अभिनेता से मदद मांगता है तो उसकी सहायता के लिए सोनू सूद तुरंत तैयार हो जाते हैं। अभिनेता सोनू सूद इन दिनों अपने नेक कामों से सभी लोगों के चेहरे पर खुशी लाने का काम कर रहे हैं। आए दिन यह किसी ना किसी जरूरतमंद की सहायता करते रहते हैं और सोशल मीडिया पर लोग इनके नेक कामों और दरियादिली की खूब तारीफ कर रहे हैं। इन दिनों सोनू सूद अपने कामों से सुर्खियों में छाए हुए हैं। इसी बीच सोनू सूद एक नेपाली लड़के की सहायता के लिए सामने आए।

आपको बता दें कि एक नेपाली लड़के ने अभिनेता सोनू सूद से अपनी सर्जरी करवाने की मदद मांगी है, जिस पर सोनू सूद उसकी मदद के लिए तुरंत तैयार हो गए। दरअसल, पिछले 10 सालों से नेपाली लड़का एंकिलोसिंग स्पॉन्डिलाइटिस नाम की गंभीर बीमारी का सामना कर रहा है। इस बीमारी की वजह से यह लड़का ठीक से भी नहीं चल पाता और ना ही बैठ पाता है। इस लड़के ने अपना इलाज कराने की पूरी कोशिश की। डॉक्टरों ने उसे सर्जरी के लिए कहा परंतु इस लड़के की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं है कि यह सर्जरी के पैसे दे पाए। उसी मामले में इसने अभिनेता सोनू सूद से सहायता मांगी।

आपको बता दें कि टि्वटर पर मधु पॉडेल नाम के एक टि्वटर यूज़र ने एक वीडियो साझा किया। जिस वीडियो में देखा जा सकता है कि बहुत कठिनाई से लाठी पकड़ कर घर के अंदर एक लड़का चलता हुआ नजर आ रहा है। ट्विटर पर अपना दर्द बयां करते हुए इस लड़के ने अभिनेता सोनू सूद से विनती की है और लिखा है कि “हेलो सर, मैं नेपाल से मधु पॉडेल हूं। मैं पिछले 10 सालों से Ankylosing Spondylitis की बीमारी से जूझ रहा हूं। मुझे दसवीं में मेरा स्कूल छोड़ना पड़ा। AIIMS में डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी। लेकिन मैं यह अफॉर्ड नहीं कर सकता। क्या आप मेरी मदद कर सकते हैं?”

सोनू सूद को जैसे ही इस बारे में पता चला, उन्होंने तुरंत अपने स्टाइल में मदद का भरोसा दिया। अभिनेता ने इस नेपाली लड़के को जवाब देते हुए ट्वीट में यह लिखा कि “अतिथि देवो भव: हिंदुस्तान से अपने देश नेपाल बिना लाठी के दौड़ते हुए जाओगे। जय हिंद!” सोनू सूद के इस ट्वीट पर लोगों की जमकर प्रतिक्रिया आ रही है। सभी लोग अभिनेता की खूब तारीफ कर रहे हैं। अभिनेता ने अपने जवाब से सभी लोगों का दिल जीत लिया।

बताते चलें कि अभिनेता सोनू सूद लॉकडाउन के दौरान से ही लगातार जरूरतमंद लोगों की सहायता कर रहे हैं। यह अपने नेक कामों से गरीबों के मसीहा बनकर उभरे हैं। सोनू सूद तन, मन और धन से लगातार लोगों की सहायता करने में जुटे हुए हैं। सबसे पहले उन्होंने मुंबई में फंसे हुए प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने का इंतजाम करवाया, जिसके बाद से ही इनकी मदद का सिलसिला जारी है। वर्तमान समय में अभिनेता के नेक कामों की वजह से ही लोग इनको भगवान की तरह पूजने लगे हैं। इतना ही नहीं बल्कि कुछ लोगों ने तो सोनू सूद के नाम का मंदिर भी बनवाया है।