सावन में खरीदकर घर लाएं ये 6 चीजें, चमक जाएगी किस्मत, जीवनभर नहीं होगी पैसों की कमी

सावन का पावन महीना भगवान शिव जी को समर्पित है। भगवान शिव जी के भक्तों के लिए यह महीना बहुत ही खास माना जाता है। सावन के महीने में भगवान शिव जी की विशेष पूजा अर्चना की जाती है। ऐसा माना जाता है कि अगर सावन में विधि-विधान पूर्वक भगवान शिवजी की पूजा की जाए, तो ऐसे महादेव का आशीर्वाद भक्तों पर बना रहता है और जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं।

आपको बता दें कि इस साल सावन का महीना 14 जुलाई 2022, गुरुवार से शुरू हो रहा है और यह 12 अगस्त 2022 तक रहेगा। सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव जी का अभिषेक करने से उनकी विशेष कृपा प्राप्त होती है। सावन के महीने में चारों ओर भगवान भोलेभंडारी की कृपा पाने के लिए पूजा-पाठ, व्रत, साधना की जाती है।

मान्यता अनुसार, सावन के पवित्र महीने में भक्तों की मनोकामना भगवान शिव जी बहुत जल्दी सुनते हैं। ऐसे में शास्त्रों में कुछ ऐसी वस्तुओं के बारे में उल्लेख किया गया है, जिन्हें आप अगर सावन के महीने में खरीदकर अपने घर लेकर आते हैं, तो इससे भोलेनाथ की कृपा से आपकी किस्मत चमक सकती है। तो चलिए आपको बताते हैं सावन में कौन सी चीजें खरीदने से भगवान शिव जी प्रसन्न हो जाते हैं।

त्रिशूल

भगवान शिव जी को देवों का देव कहा जाता है। हम सभी लोगों ने तस्वीरों में देखा होगा कि महादेव हमेशा अपने साथ त्रिशूल रखते हैं। त्रिशूल को तीन देव और तीनों लोकों का प्रतीक माना गया है। अगर आप सावन के पवित्र महीने में त्रिशूल अपने घर में लाते हैं तो बहुत शुभ माना जाता है। इसके घर में होने से आपदाओं का डर नहीं रहता। भगवान शिवजी का त्रिशूल बुरी शक्तियों से घर और परिवार की रक्षा करता है। आप तांबे या चांदी का त्रिशूल घर में लाकर रख सकते हैं। यह बहुत शुभ माना गया है।

रुद्राक्ष

आपको बता दें कि रुद्राक्ष स्वयं शिव जी का पर्याय माना गया है। अगर आप इसे सावन के महीने में शुभ मुहूर्त में घर लाते हैं, तो इससे तरक्की के रास्ते खुल जाते हैं। इसके साथ ही सावन में रुद्राक्ष की माला धारण करने से समस्त बीमारियों का भी नाश हो जाता है। अगर आप घर में रुद्राक्ष रखते हैं, तो इससे घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर हो जाती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है।

डमरु

भगवान शिवजी हमेशा डमरु के साथ नजर आते हैं। जिस घर में डमरु होता है, वहां कभी अमंगल नहीं होता है। डमरु की ध्वनि में इतनी शक्ति होती है कि घर के वातावरण को तनाव मुक्त बना देती है। सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव जी की स्तुति रोजाना घर में डमरु बजाकर कीजिए, इससे भोलेनाथ बहुत प्रसन्न होते हैं।

गंगाजल

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं सावन में कांवड यात्रा शुरू हो जाती है। भगवान शिवजी को प्रसन्न करने के लिए भक्त लंबी यात्रा कर कड़े नियमों का पालन करते हुए नदी से गंगाजल भरकर लाते हैं और शिवलिंग पर अर्पित करते हैं। ऐसा कहा जाता है कि इससे देवों के देव महादेव अत्यंत प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों की हर मनोकामना को पूरी कर देते हैं। ऐसी स्थिति में अगर आप सावन के पवित्र महीने के पहले दिन या किसी भी सोमवार को गंगाजल घर लाकर किचन में रखते हैं, तो इससे घर में सुख-समृद्धि और धन-धान्य में कभी भी कमी नहीं होती है।

चांदी का कड़ा

धार्मिक ग्रंथों के मुताबिक, भगवान शिव जी अपने पैरों में चांदी का कड़ा धारण किए हुए होते हैं। अगर आप सावन के महीने में चांदी का कड़ा खरीदते हैं, तो यह बहुत शुभ माना जाता है। जो भी व्यक्ति चांदी का कड़ा हाथ या पैर में पहनना चाहता है, वह इसे सावन में शुभ मुहूर्त में धारण कर सकता है। इसके लिए आपको किसी जानकार की सलाह जरूर लेनी चाहिए।

भस्म

ऐसा कहा जाता है कि भगवान शिव जी की रमाई भस्म को घर में रखने से दरिद्रता खत्म हो जाती है और कभी भी घर में दरिद्रता नहीं आती है। आप इसे सावन के किसी भी सोमवार के दिन भगवान शिव जी के मंदिर से लेकर आ सकते हैं और इसे आप एक चांदी की डिब्बी में रख दीजिए। आप सावन के पूरे महीने उसे शिवजी की पूजा में शामिल कीजिए। इसके बाद आप तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रख दीजिए। ऐसा करने से घर की बरकत बनी रहती है।