Chhath Puja 2020: छठ पूजा में छठी मईया को प्रसन्न करने के लिए इन फलों का जरूर लगाएं भोग

हिंदू धर्म में छठ पूजा का बहुत महत्व माना जाता है। हर वर्ष कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को छठ पूजा का त्यौहार मनाया जाता है। आपको बता दें कि इस वर्ष छठ पूजा की शुरुआत 18 नवंबर से हो चुकी है और 20 नवंबर को छठ पर्व की मुख्य पूजा है। छठ व्रत बेहद कठिन माना गया है। छठ के त्यौहार में जो महिलाएं व्रती होती है वह 36 घंटे तक का लंबा व्रत करती हैं। छठ पूजा में छठी मईया को चढ़ाने के लिए कई प्रकार के पकवान बनाए जाते हैं और छठी माता को फल भी अर्पित किए जाते हैं। अगर आप पहली बार छठ पूजा मनाने जा रही हैं तो आज हम आपको इस लेख के माध्यम से यह जानकारी देने जा रहे हैं कि छठी माता को कौन से फल अति प्रिय हैं। आप छठ पूजा के दौरान इन फलों को छठी माता को जरूर अर्पित जरूर कीजिए, इससे माता प्रसन्न होंगी।

छठ पूजा में इन फलों का जरूर लगाएं भोग

केला

छठ पूजा में आप छठी माता को केले का भोग जरूर लगाएं। माता को यह फल अति प्रिय है। धार्मिक मान्यता अनुसार केले के पेड़ में भगवान विष्णु जी का वास होता है, इसी वजह से केला बहुत ही पवित्र माना गया है। आप इस फल को छठी माता को पूरी पवित्रता के साथ भोग के रूप में चढ़ाएं।

गन्ना

छठ पूजा में गन्ना का विशेष स्थान माना गया है। आप छठ पूजा के दौरान गन्ना माता रानी को जरूर अर्पित कीजिए। कई स्थानों पर छठ पूजा में शाम के समय आंगन में गन्ने का घर बनाकर उसके नीचे हाथी रखकर छठी माता की पूजा की जाती है। ऐसा माना जाता है कि ऐसा करने से छठी मईया के आशीर्वाद से सुख-शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है।

डाभ नींबू

डाभ नींबू खाने में खट्टा-मीठा लगता है। यह सामान्य निंबू के आकार से बड़ा होता है। छठी मैया को डाभ नींबू अति प्रिय है, इसलिए आप पूजा में इसका प्रयोग जरूर कीजिए।

नारियल

छठ के पर्व में नारियल का विशेष महत्व माना गया है। अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करने के लिए भक्त नारियल अर्पित करके मनौती मांगते हैं। ऐसा माना जाता है कि नारियल मां लक्ष्मी जी का स्वरुप है। यह फल बहुत ही पवित्र माना गया है। खासतौर से छठ के त्यौहार में इसका बहुत महत्व माना जाता है। अगर आप छठ पूजा में नारियल अर्पित करतीं हैं तो इसे छठी मईया आपसे प्रसन्न होंगी।

सुथनी फल

सुथनी फल देखने और स्वाद में शकरकंदी की तरह लगता है। इस फल को बहुत ही शुद्ध माना गया है। आप छठी माता की पूजा में इस फल का भोग जरूर लगाएं।

सिंघाड़ा

अगर आयुर्वेद की दृष्टि से देखा जाए तो सिंघाड़ा बहुत ही गुणकारी माना जाता है। सिंघाड़ा जल में रहने वाला फल है। सिंघाड़ा धन की देवी माता लक्ष्मी जी को भी अति प्रिय है। अगर व्यक्ति सिंघाड़ा का सेवन करता है तो इससे बहुत सी बीमारियों से छुटकारा मिलता है। आप सिंघाड़ा को छठ पूजा के दौरान अर्पित जरूर करें, इससे छठी माता आपसे प्रसन्न होंगी। छठी माता को सिंघाड़ा बेहद प्रिय है।