धनतेरस पर खरीदकर लाएं ये चीजें, मां लक्ष्मी की बरसने लगेगी कृपा, घर में होगी बरकत

दिवाली के त्यौहार के बस कुछ ही दिन बाकी रह गए हैं। दीपों का त्योहार दिवाली की शुरुआत धनतेरस से होती है। प्रत्येक वर्ष कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। धनतेरस दिवाली के दो दिन पहले मनाया जाने वाला त्यौहार है, लेकिन इस बार तिथियों के संयोग की वजह से धनतेरस के अगले दिन ही दिवाली मनाई जाएगी।

इस साल धनतेरस 23 अक्टूबर को है और दिवाली 24 अक्टूबर को। शास्त्रों के मुताबिक, धनतेरस वाले दिन ही भगवान धन्वंतरी का जन्म हुआ था, इसलिए इसे धनतेरस के त्यौहार के रूप में मनाया जाता है। ऐसा बताया जाता है कि भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे, इसलिए इस दिन बर्तन खरीदने की परंपरा है।

धनतेरस के दिन धन्वंतरि देव के साथ-साथ धन की देवी माता लक्ष्मी और कुबेर देवता की पूजा अर्चना की जाती है। धनतेरस का दिन खरीदारी करने के लिए काफी शुभ माना जाता है। ऐसे में इस दिन कुछ चीजें ऐसी भी हैं, जिनकी खरीदारी करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और मां लक्ष्मी जी की कृपा होती है।

आज हम आपको ऐसी कुछ चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनको अगर आप धनतेरस पर घर में खरीदकर लाते हैं तो इससे मां लक्ष्मी की कृपा से घर में बरकत बनी रहती है और सुख-समृद्धि का आगमन होता है।

श्रीयंत्र

दिवाली के त्यौहार पर श्रीयंत्र खरीदना काफी शुभ माना जाता है। यह यंत्र धन की देवी माता लक्ष्मी जी को अति प्रिय है। इसी वजह से घर के अंदर इसकी पूजा भी की जाती है। ऐसा माना जाता है कि जिस घर में श्रीयंत्र की पूजा होती है, वहां पर मां लक्ष्मी जी की कृपा बरसने लगती है। ऐसे में आप धनतेरस वाले दिन श्रीयंत्र खरीदकर अपने घर जरूर लाएं।

सोना और चांदी

ऐसा माना जाता है कि धनतेरस के दिन सोना और चांदी की खरीदारी करना बहुत शुभ होता है, इसलिए आप धनतेरस वाले दिन अपनी क्षमता के अनुसार सोने की खरीदारी करने की कोशिश कीजिए। अगर आप सोना नहीं खरीद सकते हैं, तो आपको परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। ऐसी स्थिति में आप चांदी भी खरीद सकते हैं। आप धनतेरस वाले दिन चांदी का सिक्का खरीदें। लेकिन आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि चांदी के सिक्के के ऊपर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश बने होने चाहिए और दिवाली के दिन इस सिक्के की भी पूजा कीजिए।

गोमती चक्र

धनतेरस के दिन गोमती चक्र को भी खरीदना चाहिए। हालांकि, इनकी संख्या 11 रहनी चाहिए। दिवाली के दिन इन गोमती चक्र की पूजा करने के पश्चात इन्हें एक पीले रंग के कपड़े में बांधकर तिजोरी में रख दीजिए। ऐसा माना जाता है कि इससे घर की आर्थिक तंगी दूर हो जाती है और संपन्नता आती है।

धनिया के बीज

धनतेरस के दिन धनिया के बीज खरीदें और मां लक्ष्मी जी को अर्पित करें। धनतेरस के दिन अन्य सामानों की खरीदारी के साथ ही धनिया के बीच भी खरीदना चाहिए और कुछ बीजों को घर के बगीचे में बो दें। ऐसा माना जाता है कि धनिया के उगने के साथ ही घर में खुशहाली आती है।

झाड़ू

धनतेरस के दिन झाड़ू जरूर खरीद कर लाएं। झाड़ू मां लक्ष्मी जी को अति प्रिय है। इसको मां लक्ष्मी का स्वरूप भी माना जाता है। अगर धनतेरस वाले दिन झाड़ू खरीदते हैं, तो इससे घर की दरिद्रता दूर होती है और घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है।