इस दिन है कार्तिक पूर्णिमा, कर लें ये 5 काम, लक्ष्मी जी की कृपा से घर में बनी रहेगी धन-समृद्धि

इस बार 19 नवंबर 2021 दिन शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा पड़ रही है। पूर्णिमा तिथि भगवान विष्णु जी और माता लक्ष्मी जी को अति प्रिय है। सनातन धर्म में भी प्रत्येक पूर्णिमा का बहुत महत्व माना गया है परंतु कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि का विशेष महत्व माना जाता है। कार्तिक मास की पूर्णिमा से कई पौराणिक कथाएं जुड़ी हुई हैं। इस दिन को त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी लोग जानते हैं। इसके साथ ही इस दिन काशी में देव दिवाली मनाने की भी परंपरा है।

ऐसा माना जाता है कि अगर इस दिन कुछ कार्य किए जाए तो इससे व्यक्ति को अपने जीवन में शुभ फल की प्राप्ति होती है। इन कामों को करने से घर में धन-धान्य बना रहता है। घर परिवार की सारी परेशानियां दूर हो जाती हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से कार्तिक पूर्णिमा के दिन कौन से काम जरूर करनी चाहिए, इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

पूर्णिमा के दिन जरूर करें ये काम

व्रत रखकर लक्ष्मी नारायण की पूजा कीजिए

आप पूर्णिमा तिथि पर व्रत रखकर जगत के पालनहार भगवान विष्णु और धन की देवी माता लक्ष्मी जी की पूजा करें। चंद्रमा दर्शन करने के साथ अर्घ्य भी दें। ऐसा माना जाता है कि अगर कार्तिक पूर्णिमा पर व्रत रखा जाए तो इससे सूर्य लोक की प्राप्ति होती है। इस दिन अगर लक्ष्मी नारायण की पूजा की जाए तो परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।

तुलसी पूजन करें

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पूर्णिमा तिथि भगवान विष्णु जी को समर्पित है। इसी वजह से इस दिन तुलसी पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। भगवान विष्णु जी को तुलसी अति प्रिय है। अगर आप तुलसी की पूजा करते हैं तो इससे घर में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता का आगमन होता है। इतना ही नहीं बल्कि भगवान विष्णु जी के साथ माता लक्ष्मी जी की भी कृपा व्यक्ति को प्राप्त होती है।

पूर्णिमा के दिन करना चाहिए दान-स्नान

हिंदू धर्म में पूर्णिमा तिथि का विशेष महत्व माना गया है। इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने का भी विशेष महत्व माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर देवता पृथ्वी पर आकर गंगा में स्नान करते हैं। इसी वजह से पूर्णिमा तिथि के दिन गंगा में स्नान जरूर करना चाहिए। अगर आप गंगा में स्नान नहीं कर सकते तो ऐसी स्थिति में आप नहाने के पानी में थोड़ा सा गंगाजल डालकर इससे स्नान कर सकते हैं। इसी के साथ पूर्णिमा पर आप अपनी क्षमता अनुसार अनाज, वस्त्र का दान कर सकते हैं। अगर आप पूर्णिमा तिथि पर चावल का दान करते हैं तो यह बहुत ही शुभ होता है। ऐसा माना जाता है कि पूर्णिमा तिथि पर दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और घर परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।

6 तपस्विनियों का पूजन करें

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन 6 तपस्विनियों की पूजा करना चाहिए। इन्हें स्वामी कार्तिक की माता माना गया है। ऐसा माना जाता है कि इनके पूजन से घर में धन-धान्य बना रहता है। आप कार्तिक पूर्णिमा के दिन शिवा, सम्भूति, प्रीति, संतति, अनुसुइया और क्षमा इन छह तपस्विनी कृतिकाओं का पूजन जरूर कीजिए। चंद्रमा निकलने पर इनका पूजन करें।

दीपदान करें

कार्तिक पूर्णिमा पर अगर दीपदान किया जाए तो इससे शुभ फल की प्राप्ति होती है क्योंकि इस दिन देव दिवाली भी मनाई जाती है। आप कार्तिक पूर्णिमा के दिन किसी नदी या सरोवर के किनारे दीपदान कर सकते हैं। अगर नदी या सरोवर के पास दीपदान करना संभव नहीं है तो ऐसी स्थिति में आप देवस्थान पर जाकर भी दीपदान कर सकते हैं, इससे देवता आपसे प्रसन्न होंगे और उनकी कृपा से घर में धन-धान्य और सुख-शांति सदैव बनी रहेगी।