दशहरे के दिन नारियल से जुड़े ये उपाय आपकी आर्थिक तंगी करेंगे दूर, कई परेशानियों का होगा समाधान

हिंदू धर्म में ऐसी बहुत सी चीजें हैं जिनको शुभ कार्यों में प्रयोग में लाया जाता है। इन्हीं चीजों में से एक नारियल है। जब कोई शुभ कार्य होता है तो नारियल फोड़ा जाता है। नारियल को “श्रीफल” भी कहा जाता है। “श्री” का मतलब होता है लक्ष्मी। अगर आप कोई भी नई चीज खरीद कर लाते हैं या फिर किसी नए कार्य की शुरुआत करते हैं तो सबसे पहले नारियल फोड़ना जरुरी माना जाता है। इसके अलावा अगर आप दशहरे के दिन नारियल से जुड़े हुए कुछ उपाय करते हैं तो इससे आपके जीवन की धन से जुड़ी हुई परेशानियों का समाधान हो सकता है।

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं दशहरे को बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में मनाया जाता है। अगर आप इस दिन नारियल के कुछ साधारण से उपाय करते हैं तो आपको अपने कर्जो से छुटकारा प्राप्त होगा और आर्थिक तंगी दूर होगी। नारियल से जुड़े हुए उपायों को करने से माता लक्ष्मी जी की भी कृपा आपके ऊपर बरसेगी।

दशहरे पर करें नारियल से जुड़े हुए ये उपाय

कर्जो से छुटकारा पाने के लिए

इस संसार में हर व्यक्ति अपने जीवन में कभी ना कभी किसी कारण से पैसा उधार ले लेता है परंतु उधार लिया गया पैसा चुकाने में बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अगर आप अपने कर्जो से मुक्ति प्राप्त करना चाहते हैं तो दशहरे के दिन प्रातः काल में उठकर स्नान करने के पश्चात अपनी लंबाई के बराबर काले रंग का धागा लीजिए, इसके बाद आप नारियल के ऊपर उसको लपेट दीजिए, इतना करने के बाद आपको नारियल रखकर पूजा करनी होगी। पूजा पूरी होने के बाद आप नारियल को बहते हुए जल में प्रवाहित कर दीजिए, साथ ही आपको भगवान से कर्ज मुक्ति की प्रार्थना करनी होगी। इस उपाय को करके आप शीघ्र ही कर्ज से मुक्ति प्राप्त कर सकते हैं।

आर्थिक तंगी से छुटकारा पाने के लिए

अगर आप आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं तो ऐसे में दशहरे वाले दिन एक जटा वाला नारियल लीजिए, इसके साथ ही आप गुलाब के फूल, कमल के फूल की माला, सवा मीटर गुलाबी और सफेद रंग का कपड़ा, दही, सफेद रंग की मिठाई, दो जनेऊ लेकर किसी भी लक्ष्मी मंदिर में माता लक्ष्मी जी को अर्पित कीजिए, इसके पश्चात आपको कपूर और दीपक जलाकर माता लक्ष्मी जी की आरती करनी होगी और श्री कनकधारा स्त्रोत का जाप कीजिए। आपको यह उपाय अपने सच्चे मन और विश्वास के साथ करना होगा। इस उपाय को करने से आर्थिक तंगी दूर होती है।

कार्यों में सफलता पाने के लिए

अगर आपको अपने कामकाज में सफलता प्राप्त करनी है तो इसके लिए दशहरे वाले दिन लाल रंग के सूती कपड़े में एक नारियल लपेटकर बहते हुए जल में प्रवाहित कीजिए। नारियल को प्रवाहित करते समय आपको अपनी मनोकामना मन ही मन दोहराने होगी। इस साधारण से उपाय से कार्यों में सफलता प्राप्त होती है।

नारियल को हनुमान मंदिर में अर्पित करें

अगर आप अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करना चाहते हैं तो इसके लिए चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर नारियल पर स्वास्तिक का चिन्ह बनायें। अब उस नारियल को आप हनुमान मंदिर में जाकर अर्पित कीजिए, इसके बाद आपको हनुमान जी को गुड़, चना का भोग लगाना होगा और ऋण मोचक मंगल स्त्रोत का पाठ करना होगा, इससे आर्थिक संकट दूर होता है।