दीपावली पर सदियों से आजमाएं जाते हैं ये टोटके, धन प्राप्ति के लिए जरूर करें यह उपाय

दीपावली के त्यौहार को खुशियों और सुख-समृद्धि का त्योहार माना गया है। अंधेरी रात को रोशन करने का त्योहार दीपावली कार्तिक मास में कृष्ण पक्ष की अमावस्या पर मनाई जाती है। आपको बता दें कि इस वर्ष दीपावली का त्यौहार 14 नवंबर को मनाया जाएगा। ऐसा माना जाता है कि दीपावली की रात को धन की देवी माता लक्ष्मी जी स्वयं भक्तों के घर में पधारती हैं। अगर दीपावली के दिन माता लक्ष्मी जी की विधि-विधान पूर्वक पूजा की जाए तो इससे साल भर घर के अंदर धन की कमी नहीं रहती है। विधि-विधान पूर्वक लक्ष्मी जी की पूजा करने से माता का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

अगर हम ज्योतिष शास्त्र के अनुसार देखें तो दिवाली के दिन ऐसे बहुत से उपाय किए जाते हैं जो धन प्राप्ति के लिए अचूक माने गए हैं। धन में वृद्धि करने और माता लक्ष्मी जी की कृपा पाने के लिए लोग सदियों से कई टोटके करते आ रहे हैं। यह बेहद अचूक माने गए हैं। आज हम आपको दिवाली पर धन प्राप्ति के कुछ उपायों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

दिवाली पूजा के साथ महालक्ष्मी मंत्र का जाप

अक्सर देखा गया है कि व्यक्ति मेहनत करके पैसा कमा लेता है परंतु इसके बावजूद भी जीवन में पैसों की किल्लत लगी रहती है। किसी न किसी तरह से आर्थिक समस्या उत्पन्न होती रहती है। अगर आप दीपावली के दिन धन की देवी माता लक्ष्मी जी को मना लेते हैं तो इससे आर्थिक परेशानियां दूर हो सकती हैं। दीपावली के दिन पूजा करने के साथ-साथ आप महालक्ष्मी जी के मंत्र “ऊं श्रीं ह्रीं श्रीं कमले कमलालये प्रसीद प्रसीद् श्रीं ह्रीं श्रीं ऊं महालक्ष्मयै नम:” का जाप कम से कम एक माला यानी 108 बार जरूर कीजिए। आप इस मंत्र का जाप अधिक से अधिक चाहे जितनी बार भी कर सकते हैं। इस मंत्र का जाप करने के लिए आपको कमलगट्टे की माला का प्रयोग करना होगा। अगर आप निष्ठा और विश्वास के साथ इस मंत्र का जाप करेंगे तो इससे धन की कमी दूर हो जाएगी।

हल्दी की गांठ पूजा में रखें

दीपावली के दिन धन की देवी माता लक्ष्मी जी की पूजा के दौरान कुछ हल्दी की गांठ जरूर रखिए। जब आपकी पूजा पूरी हो जाए तब आप हल्दी की उन गांठों को किसी कपड़े में लपेट कर धन रखने की जगह पर रख दीजिए। इस उपाय को करने से घर में बरकत आती है।

दीपक जलाने से परेशानियां होंगी दूर

ऐसा माना जाता है कि शनि देव की वक्र दृष्टि की वजह से व्यक्ति को अपने जीवन में आर्थिक परेशानियों से गुजरना पड़ता है। अगर आप इसी वजह से परेशान चल रहे हैं तो अपनी इन परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए दिवाली का दिन बहुत ही उत्तम माना जाता है। जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं अमावस्या तिथि को दिवाली का त्यौहार मनाया जाता है इसलिए आप अगले सुबह सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करने के पश्चात पीपल के पेड़ में जल अर्पित कीजिए और देर रात्रि के समय दीपक भी जलाएं। दीपक जलाने के बाद आप चुपचाप बिना पीछे मुड़े हुए वापस घर पर आ जाइए।

झाड़ू का उपाय

झाड़ू को माता लक्ष्मी जी का प्रतीक माना गया है। अगर आप दीपावली के दिन माता लक्ष्मी जी की कृपा प्राप्त करना चाहते हैं तो झाड़ू का यह उपाय आजमा सकते हैं। दीपावली के दिन आप एक नई झाड़ू खरीद कर लाएं और उससे पूरे घर की सफाई कर लीजिए, उसके बाद आप उस झाड़ू को कहीं पर छुपा कर रख दीजिए। ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को करने से पूरे साल घर में धन की कमी नहीं रहती है।