शनिवार को करें इन चीजों का दान, शनिदेव की बनी रहेगी कृपा, बुरे प्रभावों से मिलेगा छुटकारा

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं सप्ताह का हर दिन किसी न किसी देवी-देवता को समर्पित होता है। उसी तरह शनिवार का दिन शनि देव को समर्पित है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, यह दिन शनिदेव को प्रसन्न करने का सबसे उत्तम दिन माना जाता है।

शनिदेव एक ऐसे देवता है जो किसी भी व्यक्ति की बिगड़ी किस्मत को सुधार सकते हैं। ऐसा माना जाता है कि अगर शनिदेव किसी व्यक्ति से प्रसन्न हो जाएं, तो उस व्यक्ति के जीवन की सारी दुःख परेशानियां दूर हो जाती हैं और व्यक्ति को कम मेहनत में अधिक सफलता मिलती है।

वहीं अगर शनिदेव किसी व्यक्ति से नाराज हो जाएं, तो इसकी वजह से व्यक्ति के जीवन में एक के बाद एक कई परेशानियां उत्पन्न होने लगती हैं। लाख कोशिश करने के बावजूद भी व्यक्ति को अपनी मेहनत का फल नहीं मिल पाता है।

आज हम आपको इस लेख के माध्यम से कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनका दान अगर आप शनिवार के दिन करते हैं, तो इससे शनिदेव प्रसन्न होते हैं।

अन्न का दान

शनिवार के दिन अन्न का दान करना बहुत ही उत्तम माना जाता है। आप इस दिन सात प्रकार के अनाज का दान कर सकते हैं। आप सात प्रकार के अन्न में गेहूं, चावल, ज्वार, मक्का, बाजरा, चना और काली उड़द का दान करें। आप किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को अनाज का दान कर सकते हैं। इससे शनिदेव प्रसन्न होते हैं। इतना ही नहीं बल्कि जिन लोगों के ऊपर शनि दोष, साढ़ेसाती, शनि की ढैय्या का प्रभाव चल रहा है, तो वह भी कम हो जाता है।

 काले तिल का दान

अगर आप शनिदेव की कृपा पाना चाहते हैं, तो इसके लिए शनिवार और अमावस्या पर काले तिल का दान जरूर कीजिए। ऐसा करने से शनिदेव की कृपा दृष्टि सदैव बनी रहती है। इतना ही नहीं बल्कि अगर किसी व्यक्ति पर राहु-केतु का दोष है, तो वह भी शांत हो जाता है।

काले कंबल का दान

शनिवार के दिन काला कंबल और काले रंग के वस्त्रों का दान करना बहुत ही उत्तम माना जाता है। अगर कोई व्यक्ति शनिवार के दिन काले रंग के वस्त्रों या फिर काले रंग के कंबल का दान किसी जरूरतमंद को करता है, तो इससे शनिदेव प्रसन्न होते हैं और जीवन की सारी परेशानियां दूर करते हैं। आपको बता दें कि शनि देव को काले रंग की वस्तुएं सबसे ज्यादा पसंद होती हैं। इसलिए शनिवार को इस रंग की चीजों का दान करना शुभ माना जाता है।

लोहा का दान

शनिवार के दिन लोहे का दान करना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि जो व्यक्ति शनिवार के दिन लोहे का दान करता है, तो उससे शनिदेव अत्यधिक प्रसन्न हो जाते हैं। लोहा शनिदेव को सबसे अधिक प्रिय है। अगर आप शनिदेव की कृपा प्राप्त करना चाहते हैं, तो इसके लिए शनिवार के दिन लोहे से बनी हुई वस्तु का दान कर सकते हैं।

शनिवार के दिन न करें यह गलती

आप शनिवार के दिन मेहनत करने वालों का अनादर मत कीजिए। आप इस दिन किसी मजदूर का शोषण ना करें। शनि देव कर्म प्रधान हैं। इसलिए जो लोग मेहनत करने वालों को परेशान करते रहते हैं, उन्हें शनि देव के सख्त दंड का सामना करना पड़ता है।