मेहनत करने के बावजूद भी नहीं हो रहे सफल तो कर लीजिए ये काम, कामयाबी चूमेगी कदम, मिलेंगी खुशियां

संसार में हर किसी व्यक्ति का सपना होता है कि वह अपने जीवन में अपार सफलता प्राप्त करें, जिसके लिए वह दिन-रात खूब मेहनत करता है परंतु कई बार देखा गया है कि लाख कोशिश और मेहनत करने के बावजूद भी लोगों को सफलता नहीं मिल पाती है। ऐसी स्थिति में लोग काफी निराश हो जाते हैं। जब मेहनत का उचित फल नहीं मिल पाता है तो अक्सर लोग अपनी किस्मत को दोष देने लगते हैं।

ऐसी मान्यता है कि अगर किसी व्यक्ति को अपनी किस्मत का साथ मिले तो वह कम मेहनत में अधिक सफलता प्राप्त करता है परंतु जिन लोगों की किस्मत साथ नहीं देती, उनको कठिन मेहनत करने के बावजूद भी कामयाबी नहीं मिल पाती है। अगर आपके साथ भी कुछ ऐसा ही हो रहा है तो ऐसे में आप कुछ उपाय कर सकते हैं।

दरअसल, शास्त्रों में कुछ ऐसे उपायों के बारे में बताया गया है, जिनको करने से जीवन की निराशा खत्म हो जाती है और जीवन में खुशियां आती हैं। इन उपायों को करने से हर काम में सफलता मिलती है। तो चलिए जानते हैं आखिर यह उपाय कौन से हैं।

गणेश जी का नाम लीजिए

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं भगवान गणेश जी सभी देवी-देवताओं में प्रथम पूजनीय हैं। कोई भी शुभ काम या पूजा-पाठ में सबसे पहले गणेश जी की पूजा की जाती है। इसी वजह से आप किसी भी काम को कर रहे हैं तो सबसे पहले या फिर घर से निकलने से पहले श्री गणेशाय मंत्र का जाप जरूर कीजिए। इसके पश्चात चार कदम पीछे हटकर कार्य को शुरू कीजिए। इससे कार्य में सफलता मिलती है।

काले धागे का इस्तेमाल करें

अगर किसी को बुरी नजर से बचाना है या फिर शनि दोष से बचना है तो इसके लिए काला धागा बांधा जाता है। काला धागा बांधने के अन्य भी बहुत से फायदे बताए गए हैं। ऐसा माना जाता है कि बुरी नजर से बचाने के लिए काले धागे में असीम शक्ति होती है। आप बाजार से काले रंग का सूती धागा लेकर आ जाएं और उस पर अपनी उम्र के बराबर गांठ लगा लीजिए। अब इस सभी गांठ पर केले और तुलसी के पत्तों का रस लगा लें। इसके बाद आप उस पर पीला सिंदूर लगाएं। अब इसको आप अपने दाहिने हाथ पर कंधे के नीचे 21 दिन के लिए लगाएं। ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को करने से जीवन की निराशा खत्म हो जाती है और जीवन में अपार खुशियां आती हैं।

इस मंत्र का जाप करें

गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र का हिंदू धर्म में काफी महत्व बताया गया है। ऐसी मान्यता है कि अगर कोई व्यक्ति इन मंत्रों का नियमित रूप से जाप करता है तो जीवन की सारी परेशानियां और दु:ख दूर होते हैं। आप रोजाना कम से कम 21 बार इन मंत्रों का जाप जरूर कीजिए। अगर आप ऐसा करेंगे तो आपको गायत्री मां और भगवान शिव जी की अपार कृपा प्राप्त होगी और जीवन की सारी परेशानियां दूर हो जाएंगी।

रोटी का उपाय करें

अगर आप अपने कामकाज में सफलता प्राप्त करना चाहते हैं तो रोटी का यह उपाय कर सकते हैं। जब भी आप किसी जरूरी कार्य से घर से बाहर जा रहे हों तो उस दौरान आप निकलने से पहले हाथ से बनी हुई ताजा आटे की रोटी लीजिए और रास्ते में किसी भी कौवा को खिला दीजिए। ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को करने से काम में सफलता मिलती है।