अगर आप भी अपनी जींस को धोते समय कर बैठते हैं गलतियां तो आपके लिए ये जरूरी ख़बर है

आज के टाइम में जींस एक कॉमन फैशन में आ चुका है। पुरुष, महिलाएं, लड़के-लड़किया सभी जींस को बड़े शौक से पहनते हैं। क्योंकि जींस आरामदायक होने के साथ साथ आपको मॉर्डन लुक और स्टाइल भी देती है। इतना ही नहीं आज के समय में केजुअल ड्रेस के तौर पर जींस को पहनना ज्यादा लोग पंसद करते हैं। हालांकि ज्यादातर लोग जींस इसलिए भी खरीदते हैं क्योंकि जींस बहुत जल्दी गंदी नहीं होती और इसे कई बार बिना धुले भी पहना जा सकता है। लेकिन अगर आप अपनी बाकी कपड़ों के साथ-साथ अपनी जींस को भी साबुन-सर्फ से रगड़ कर धोते हैं तो बिल्कुल गलत कर रहे हैं। आइए जानते हैं जींस को साफ रखने के लिए एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं।

यह है एक्सपर्ट्स की सलाह

आप भले ही कितने भी सफाई के शौकीन हों, लेकिन अगर जींस की सफाई पर ध्यान नहीं देते और आम कपड़ों के तरफ धोते हैं तो ऐसा बिल्कुल ना करें। दरअसल फैशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि जींस धोने के लिए बनी ही नहीं होती है। क्योंकि किसी भी जींस को बार-बार धोने से उसके कपड़े को नुकसान होता है। इसलिए एक्सपर्ट्स का मानना है कि जींस को कभी धोना ही नहीं चाहिए।

जींस साफ कैसे होगी?

अगर एक्सपर्ट्स का मानना है कि जींस को धोना ही नहीं चाहिए तो आपके मन में ये सवाल जरूर आएगा कि फिर जींस को साफ कैसे करें। जींस ना धोने का ये बिल्कुल मतलब नहीं कि गंदी जींस को पहनते ही चले जाएं। क्योंकि गंदी जींस को पहनने से आपकी स्किन और हाईजीन के लिए गलत होगा।  दुनिया की पहली जींस के निर्माता और Levis Strauss के CEO चिप बर्ग का कहना है कि अगर आपकी जींस पर कहीं दाग या धब्बा लग जाए तो टूथब्रश की मदद से सिर्फ उसी हिस्से को साफ करें। चिप का कहना है कि नई जींस को डायरेक्ट 6 महीने बाद ही धोना चाहिए, इससे वह और अच्छी लगती हैं।

बिना धोए बैक्टीरिया से कैसे बचें?

लगातार जींस को पहनने से जाहिर सी बात है कि वो गंदी जरूर होगी और उसमें कई तरीके के बैक्टीरिया भी आ सकते हैं। जींस से बैक्टीरिया को मारने के लिए आप अपनी जींस को रातभर के लिए फ्रीजर में रख दें। सुबह होते ही फ्रीजर से जींस निकालकर इसे धूप में सुखा दें और वापस से पहन लें।

जींस को गर्म पानी से ना धोएं-

जींस को धोते समय हमेशा डर बना रहता है कि कहीं उसका रंग ना छूट जाए। ऐसे में जींस को धोने के लिए ठंडे पानी का ही इस्तेमाल करें। लेकिन उसे धोने से पहले उल्टा कर लें और इसे उल्टा ही सुखाएं। अगर आपकी जींस नई है तो पहली बार धोते समय दो चम्मच नमक पानी में घोल कर फिर जींस को भिगो दें। इससे जींस का रंग जल्दी फेड नहीं हो पाता।

मशीन के बजाय हाथ से धोएं-

अक्सर लोग जल्दबाज़ी में जींस को भी आम कपड़ों की तरह वॉशिंग मशीन में धोने लगते हैं, लेकिन ऐसा करना गलत तरीका है। क्योंकि जींस को मशीन में धोना या ब्रश से घिसना ठीक नहीं होता है। जींस को घंटे भर के लिए आधी बाल्टी पानी में आधा चम्मच माइल्ड डिटर्जेंट डालकर भिगो दें। जिसके बाद ठंडे पानी से धो लें। जींस धोना जितना मुश्किल काम दिखता है उतना होता नहीं है।

अगर जींस के इतिहास की बात करें तो इसकी शुरुआत 1600 की शुरुआत के साथ हुई थी। दरअसल इटली के एक शहर जेनोआ में कपास से एक पैटर्न का फैब्रिक बनाया जाता था, जिसे वहां ‘जीन’ नाम से बुलाया जाता था। जिसके बाद जीन के नाम पर जीन्स रख दिया गया।