पापा ने अनोखे अंदाज में मनाया अपनी बिटिया का पहला जन्मदिन, दी गोलगप्पा पार्टी, लोगों को मुफ्त खिलाए 1 लाख गोलगप्पे

वैसे तो बेटियां हर घर की लाडली होती हैं। अक्सर यही कहा जाता है कि बेटे मां के करीब होते हैं, तो बेटियां अपने पापा के सबसे ज्यादा करीब माने जाती हैं। बेटियां अपने पापा की परी होती हैं। बाप-बेटी का घर में सबसे प्यारी, बड़ा गहरा चाव और लगाव होता है। तभी तो उम्र के हर पड़ाव पर पापा उनके लिए खास भूमिका निभाते हैं।

इसी बीच मध्य प्रदेश से पापा से जुड़ा हुआ एक किस्सा सामने आया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जहां शख्स ने अपनी बेटी के पहले जन्मदिन पर 1 लाख गोलगप्पा मुफ्त में शहर के लोगों को खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की।

मध्य प्रदेश से जो मामला सामने आया है, उसके बारे में जानकर हर कोई तारीफ कर रहा है। दरअसल, राजधानी के उपनगर कोलार बंजारी चौराहे का नजारा उस समय अलग नजर आया, जब यहां पर लगने वाली पानी पुरी का ठेला रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजा हुआ दिखाई दिया था। 50 मीटर लंबे टेंट में लोगों की भीड़ देखने को मिली। खुशी-खुशी बच्चे, बड़े और बुजुर्ग पानी पूरी खाते हुए नजर आए।

बिटिया के पहले जन्मदिन पर पापा ने नि:शुल्क खिलाए एक लाख गोलगप्पे

दरअसल, आज हम आपको जिस शख्स के बारे में बता रहे हैं, उसका नाम अंचल गुप्ता है, जो भोपाल के कोलार इलाके में गोलगप्पे बेचते हैं। हाल ही में अंचल गुप्ता की बेटी अनोखी 1 साल की हो गई। अपनी बेटी के पहले जन्मदिन की खुशी में सबके साथ शेयर करने और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश देने के मकसद से अंचल गुप्ता ने एक लाख गोलगप्पे नि:शुल्क लोगों को खिलाए।

पानी पुरी का काम करके महीने का 15 से 18 हजार कमाने वाले अंचल गुप्ता ने अपनी बेटी अनोखी का जन्मदिन विशेष तरह से मना कर यह संदेश दिया कि बेटियां भी वरदान हैं। अंचल गुप्ता ने अपनी बेटी अनोखी का जन्मदिन बहुत ही खास अंदाज से मनाया, जिसकी चर्चा प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश में हो रही है।

मुखर्जी नगर कोलार में गुप्ता चाट भंडार चलाने वाले अंचल गुप्ता के यहां पिछले साल बेटी का जन्म हुआ था, जिसके बाद उन्होंने बेटी का नाम अनोखी रखा। बता दें कि इन्होंने पिछले साल भी बेटी होने की खुशी में मुफ्त में 50 हजार गोलगप्पे खिलाए थे।

अंचल गुप्ता ने दोपहर दो से छह बजे तक एक लाख एक हजार गोलगप्पे खिलाने का लक्ष्य रखा था। साढ़े छह बजे तक लोगों ने एक लाख गोलगप्पे खाए। वहीं एक हजार गोलगप्पे उन्होंने जरूरतमंद लोगों में बांट दी। कोलार मुख्य मार्ग बंजारी से आते-जाते लोग पानी पुरी का लुफ्त लेते रहे।

गाड़ियों को रोक-रोककर लोगों ने अलग-अलग स्टाइल पर पानी पुरी खाई। जब लोगों को गोलगप्पे का लुफ्त लेते हुए उनकी बेटी के जन्मदिन के बारे में बात पता चली तो उन्होंने बेटी अनोखी को ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद भी दिया।

विधायक रामेश्‍वर शर्मा ने भी खिलाए  गोलगप्पे


आपको बता दें कि जब कोलार के विधायक रामेश्वर शर्मा को इस बारे में जानकारी प्राप्त हुई, तो वह भी बेटी को आशीर्वाद देने पिता अंचल गुप्ता के गोलगप्पे स्टाल पर पहुंच गए। उन्होंने अपने हाथों से खुद लोगों को गोलगप्पे खिलाए। रामेश्वर शर्मा ने इसका वीडियो भी ट्वीट किया है।

इसके साथ ही उन्होंने लिखा “अनोखी का अनोखा जन्मदिन आप भी बधाई दीजिए। मुखर्जी नगर कोलार में गुप्ता चाट भंडार चलाने वाले भाजपा कार्यकर्ता अंचल गुप्ता ने अपनी बेटी अनोखी गुप्ता के जन्मदिन पर नागरिको को मुफ़्त में 1 लाख फ़ुल्की खिलायी।”

रामेश्वर शर्मा ने यह कहा कि “निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के महिला सशक्तिकरण अभियान को सफल बनाने में अंचल गुप्ता जैसे पिता की सहभागिता निश्चित रूप से वंदनीय है। अंचल ने अपनी बेटी के जन्म पर 50 हजार फ़ुल्की खिलायी थी और बेटी के जन्मदिन पर एक लाख फ़ुल्की खिलायी।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी दी बधाई


वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अंचल गुप्ता की इस अनोखी पहल की तारीफ की और बेटी को जन्मदिन की बधाई देते हुए आशीर्वाद दिया। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामेश्वर शर्मा के ट्वीट को रिप्लाई करते हुए लिखा कि “बेटी अनोखी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं! सदा सुखी और आनंदित रहो, उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद।”