25 जुलाई से सावन का महीना हो रहा है शुरू, भूलकर भी न करें ये 7 काम अन्यथा बढ़ सकती है परेशानी

सावन का महीना 25 जुलाई 2021 से शुरू होने वाला है। हिंदू धर्म में सावन का महीना बहुत ही महत्वपूर्ण माना गया है। कुछ दिनों के बाद ही सावन का पवित्र महीना शुरू होगा। इस दिन का शिव भक्त बेसब्री से इंतजार करते हैं। सावन के महीने में शिव मंदिरों के अंदर भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। लोग भगवान शिवजी की पूजा-आराधना करके इनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

आपको बता दें कि सावन महीना भगवान शिव की पूजा-आराधना के लिए बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि जो व्यक्ति सावन के महीने में सोमवार को व्रत करता है और भगवान शिव जी की पूजा करता है उसको मनवांछित जीवनसाथी की प्राप्ति होती है। इतना ही नहीं बल्कि जीवन में सुख समृद्धि में भी बढ़ोतरी होती है।

अगर शादीशुदा महिलाएं सावन महीने का सोमवार व्रत करती हैं तो उन्हें भगवान शंकर सौभाग्य का वरदान प्रदान करते हैं। अगर सावन के महीने में शिवलिंग पर जल अभिषेक किया जाए तो इससे कई गुना अधिक फायदा प्राप्त होता है। सावन के महीने में व्रत, उपासना और नियमों का पालन करना बहुत ही आवश्यक है। सावन के महीने में कुछ कामों को करने से बचना होगा।

सावन के पवित्र महीने में भूलकर भी न करें ये काम

1. सबसे पहले आपको सावन के महीने में खाने-पीने की चीजों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। आप इस महीने में मांस-मछली भूलकर भी ना खाएं। इसके अलावा खाने में लहसुन-प्याज का इस्तेमाल मत कीजिए। सावन के महीने में सादा भोजन ही करें।

2. सावन के महीने में आप हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन मत कीजिए क्योंकि सावन में हरी सब्जियों में पित्त बढ़ाने वाले तत्वों की मात्रा अधिक होती है। इसके अलावा सावन के महीने में कीट-पतंगों की संख्या में भी वृद्धि हो जाती है, जो स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक साबित होता है।

3. आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि सावन के महीने में बैंगन का सेवन ना करें क्योंकि यह खाना अच्छा नहीं माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार देखा जाए तो बैंगन को अशुद्ध बताया गया है। वैज्ञानिक दृष्टि से देखा जाए तो सावन के महीने में बैंगन में कीड़े अधिक लग जाते हैं। ऐसी स्थिति में अगर बैंगन का सेवन किया जाए तो इससे हमारी सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है।

4. सावन के पवित्र महीने में दूध का सेवन नहीं करना चाहिए। धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन के महीने में भगवान शिव जी का अभिषेक दूध से किया जाता है। अगर हम वैज्ञानिक दृष्टि से देखें तो इन दिनों में दूध पित्त बढ़ा सकता है।

5. अगर आप सावन के महीने में भगवान शिव जी की पूजा कर रहे हैं तो आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि कभी भी शिवलिंग पर हल्दी अर्पित ना करें।

6. अगर सावन के महीने में आपके घर के दरवाजे पर गाय या सांड आता है तो उसे मारकर ना भगाएं बल्कि उसको कुछ खाने के लिए दीजिए। सांड को मारना शिव जी की सवारी नंदी का अपमान करने के बराबर माना गया है।

7. सावन के पवित्र महीने में आप अपने मन में बुरे विचार ना लाएं और ना ही इस महीने में किसी का भी अपमान करें।