गणेश चतुर्थी पर करें इन 4 मंत्रों का जाप, जीवन की हर परेशानी से मिलेगा छुटकारा

10 सितंबर से गणेश चतुर्थी का पावन पर्व आरंभ हो चुका है। गणेश चतुर्थी के इस पर्व का भक्त साल भर बेसब्री से इंतजार करते हैं। देश भर में लोग अपने घरों में गणपति बप्पा की मूर्ति स्थापित कर रहे हैं। इतना ही नहीं बल्कि कई स्थान ऐसे भी हैं, जहां पर भगवान गणेश जी के पंडाल भी सजाए जा रहे हैं। आपको बता दें कि भाद्रपद मास में शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को गणेश चतुर्थी का पर्व हर वर्ष मनाया जाता है। इस पर्व को लेकर भक्तों के अंदर एक अलग ही उत्साह देखने को मिलता है।

हिंदू धर्म मान्यताओं के मुताबिक, भगवान गणेश जी सभी देवों में प्रथम पूजनीय माने गए हैं। अगर कोई भी शुभ कार्य, पूजा-पाठ किया जाता है तो सबसे पहले भगवान गणेश जी की पूजा की जाती है। ऐसा माना जाता है कि सर्वप्रथम भगवान गणेश जी की पूजा करने से कामकाज में सफलता हासिल होती है और भक्तों की सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर भक्त अपनी मनोकामना को पूरा करने के लिए तरह-तरह के उपाय अपनाते हैं।

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, कुछ ऐसे खास मंत्रों के बारे में बताया गया है जिनका अगर जाप किया जाए तो इससे व्यक्ति की मनचाही इच्छा बहुत जल्द पूरी हो जाती है। इन मंत्रों का जाप अलग-अलग मनोकामनाओं के आधार पर कर सकते हैं। हर मनोकामना के लिए एक खास मंत्र होता है जिसको गणेश चतुर्थी पर जाप करने से गणपति बप्पा अपने भक्तों की मनोकामनाएं जल्द से जल्द पूरी करते हैं। वैसे तो आप इन मंत्रों का जाप कभी भी कर सकते हैं परंतु गणेश चतुर्थी पर इन मंत्रों का उच्चारण किया जाए तो अधिक लाभ मिलने की मान्यता है। तो चलिए जानते हैं आखिर यह मंत्र कौन से हैं।

नौकरी-व्यवसाय से जुड़ी मनोकामनाएं पूरी करने के लिए

आजकल के समय में देखा गया है कि लोग नौकरी की तलाश में भटकते रहते हैं या फिर जॉब में तरक्की प्राप्त करना चाहते हैं, या बॉस से परेशान रहते हैं। अगर आपको भी इस तरह की समस्या आ रही है तो आप मंत्र “ऊं श्रीं सौम्याय सौभाग्याय गं गणपतये वर वरद सर्वजनं मे वशमानाय स्वाहा।” का जाप करते हुए गणेश जी की पूजा कीजिए। ऐसा करने से नौकरी की परेशानियों से छुटकारा मिलने के साथ ही बिजनेस और व्यापार की समस्या भी दूर होगी।

गृह-क्लेश और तनाव दूर करने के लिए करें ये उपाय

अगर किसी व्यक्ति के घर में अक्सर किसी न किसी वजह से वाद-विवाद होता रहता है या फिर परिवार के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर तनाव उत्पन्न होता रहता है तो ऐसे में आप शांत माहौल में ध्यान केंद्रित करते हुए मंत्र “गं क्षिप्रप्रसादनाय नम:” का जाप कीजिए। इससे घर परिवार के सभी प्रकार की परेशानियां दूर होंगी। इस मंत्र का जाप करने से सब कुछ ठीक होने लगेगा और जिंदगी की टेंशन व तनाव दूर होगी।

धन संबंधित समस्या दूर करने के लिए

अगर आपके जीवन में धन से जुड़ी हुई परेशानियां चल रही हैं तो आप भगवान गणेश जी का यह रामबाण मंत्र “ऊं हस्ति पिशाचिनी लिखे स्वाहा।” का उच्चारण कर सकते हैं। इस मंत्र से आपकी हर मनोकामना पूर्ण होगी और आपके जीवन में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहेगी।

कार्य में सफलता प्राप्ति हेतु

अगर आप अपने कामकाज को पूरा करने के लिए कठिन मेहनत कर रहे हैं परंतु इसके बावजूद भी सफलता प्राप्त नहीं हो पा रही है तो ऐसे में आप सच्चे मन से मंत्र “ऊं गं नमः” का जाप कीजिए। अगर आप इन मंत्रों का उच्चारण करते हैं तो दुर्भाग्य से छुटकारा मिलता है और बिगड़े हुए काम बनते हैं। इस मंत्र का जाप करने से कामकाज में सफलता प्राप्त होती है।