इस दिन मनाई जाएगी गणेश जयंती, इस विधि से करें पूजा मनोकामनाएं होंगी पूरी, जानें शुभ मुहूर्त

15 फरवरी 2021 दिन सोमवार को इस बार गणेश जयंती पड़ रही है। आपको बता दें कि माघ माह में शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश जयंती के रूप में मनाया जाता है। इसको गणेश चतुर्थी, माघ विनायक चतुर्थी और वरद चतुर्थी के नाम से भी जानते हैं। अगर हम दक्षिण भारतीय मान्यता के अनुसार देखें तो इस दिन भगवान श्री गणेश जी का जन्म हुआ था। ऐसा माना जाता है कि यदि इस दिन विधि-विधान पूर्वक व्रत और पूजा की जाए तो भक्तों की सारी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं।

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं भगवान गणेश जी विघ्नहर्ता हैं, यदि इनका आशीर्वाद किसी व्यक्ति पर हो तो उस व्यक्ति के जीवन के सारे संकट दूर हो जाते हैं और व्यक्ति का जीवन खुशहाल बनता है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से गणेश जयंती शुभ मुहूर्त, महत्व और पूजा विधि के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं। अगर आप शुभ मुहूर्त में विधि-विधान पूर्वक गणेश जी की पूजा करेंगे तो इससे आपकी सारी अधूरी इच्छा पूरी हो सकती हैं और गणेश जी का आशीर्वाद आपके ऊपर बना रहेगा।

जानिए गणेश जयंती तिथि और शुभ मुहूर्त

2021 में चतुर्थी तिथि का आरंभ 14 फरवरी 2021 दिन रविवार को रात्रि 1:58 बजे से है और चतुर्थी तिथि समाप्त 16 फरवरी 2021 दिन सोमवार की सुबह 3:36 बजे पर होगी। अगर हम गणेश जयंती के शुभ मुहूर्त के बारे में जानें तो गणेश जयंती के दिन पूजा करने के लिए शुभ समय 11:28 बजे से दोपहर 1:43 बजे तक रहने वाला है। गणेश जयंती पूजा की कुल अवधि 2 घंटे 14 मिनट तक रहेगी। आपको बता दें कि इस बार गणेश जयंती पर रवि योग बन रहा है। 15 फरवरी 2021 की सुबह 6:59 बजे से शाम को 6:29 बजे तक रवि योग रहेगा।

गणेश जयंती पूजा विधि

1- अगर आप गणेश जयंती पर पूजा कर रहे हैं तो इस दिन सुबह के समय उठकर स्नान-ध्यान करने के पश्चात गणपति बप्पा के व्रत का संकल्प लीजिए।

2. गणेश जयंती पर शुभ मुहूर्त के समय किसी पाटे चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर गणेश जी की प्रतिमा या चित्र को स्थापित कीजिए।

3. उसके बाद आप गंगाजल छिड़क कर गणपति बप्पा को प्रणाम कीजिए।

4. भगवान गणेश जी की सिंदूर से तिलक कीजिए और धूप, दीप जलाइए।

5. भगवान गणेश जी की पूजा के दौरान उनकी प्रिय चीजें जैसे- मोदक के लड्डू, सिंदूर, जनेऊ और 21 दूर्वा चढ़ाएं। इसके बाद आपको अपने परिवार सहित गणेश जी की आरती करनी होगी।

6. पूजा समाप्त होने के बाद आप कुछ लड्डूओं को भगवान गणेश जी की प्रतिमा के पास ही छोड़ दीजिए और बाकी लड्डुओं में से सबसे पहले ब्राह्मण को दीजिए बाकी अन्य लोगों और परिवार के लोगों में लड्डूओं को बांटें।

जानिए गणेश जयंती का महत्व

गणेश जयंती का दिन बहुत ही शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, गणेश जयंती के दिन विधि-विधान पूर्वक गणेश जी की पूजा करनी चाहिए। आप इस दिन अपनी सच्ची श्रद्धा और प्रेम पूर्वक गणेश जी की पूजा करें। ऐसा माना जाता है कि इस दिन जो भक्त गणेश जी की पूजा करता है उसको पूरे साल के गणेश चतुर्थी व्रत के शुभ फल की प्राप्ति होती है। भगवान श्री गणेश जी बुद्धि, शुभता के देवता माने जाते हैं। अगर इनकी कृपा दृष्टि किसी व्यक्ति पर हो तो जीवन में शुभ परिणाम मिलते हैं। इंसान के जीवन की सभी बाधाएं दूर हो जाती हैं। व्यक्ति को सभी प्रकार के विघ्न से मुक्ति प्राप्त होती है। गणेश जयंती के दिन भगवान गणेश जी को लाल वस्त्र, लाल फूल, लाल चंदन और लाल मिठाई आदि अर्पित करना शुभ माना जाता है।