नवरात्रि की महाअष्टमी-नवमीं पर कन्या पूजन के दौरान भेंट करें ये चीजें, मां दुर्गा की बरसेगी कृपा

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं शारदीय नवरात्र चल रहे हैं। नवरात्रि के 9 दिन मां दुर्गा को समर्पित है। नवरात्रि के 9 दिनों तक माता रानी के नौ स्वरूपों की अलग-अलग दिन विधि विधान से पूजा-अर्चना की जाती है और व्रत रखा जाता है। इस बार शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 26 सितंबर से हुई थी और अष्टमी और नवमी तिथि को इसका समापन किया जाएगा। ऐसा माना जाता है कि अष्टमी और नवमी तिथि पर कन्या पूजन करने से मां दुर्गा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।

नवरात्रि के 9 दिनों में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा अर्चना करने के पश्चात आठवें या नौवें दिन पर अष्टमी और नवमी मनाई जाती है। लोग इस दिन कंचन बैठाते हैं, जिसमें 9 कन्याओं को बुलाया जाता है। कन्याओं को पूड़ी, हलवा, खीर, चना और प्रसाद आदि खिलाने के अलावा उपहार भी दिए जाते हैं। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक नवरात्रि अष्टमी और नवरात्रि नवमी तिथि के दिन मां दुर्गा का आशीर्वाद पाने के लिए भक्त सच्चे मन से मां माता रानी की पूजा आराधना करते हैं।

ऐसी मान्यता है कि अगर इस दिन इनमें से कोई एक चीज कन्याओं को उपहार में दे दी जाए, तो माता रानी प्रसन्न होकर भक्तों पर अपनी कृपा बरसाती हैं। तो चलिए जानते हैं कन्या पूजन में कन्याओं को किन चीजों को उपहार में देने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं।

कन्या पूजन में मान्यतानुसार दें ये उपहार

आपको बता दें कि इस साल नवरात्रि की अष्टमी तिथि 3 अक्टूबर और नवमी तिथि 4 अक्टूबर के दिन पड़ रही है। कन्या पूजन अपनी श्रद्धानुसार किसी भी दिन किया जा सकता है। कुछ भक्त दुर्गाष्टमी के दिन कन्याओं को कंचक खिलाते हैं और कुछ नवमी तिथि को ज्यादा शुभ मानते हैं। ऐसा माना जाता है कि कन्याओं को कुछ चीजें देने से मां दुर्गा की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

लाल रंग के वस्त्र

लाल रंग मां अम्बे को बेहद प्रिय है। ऐसे में अष्टमी और नवमी तिथि पर कन्याओं को उपहार में लाल रंग के वस्त्र देना शुभ होता है। अगर आप लाल रंग के वस्त्र नहीं दे सकते हैं, तो आप लाल रंग की चुनरी भी कन्याओं को दे सकते हैं।

फल

ज्योतिष के जानकारों का ऐसा बताना है कि कन्याओं को भोजन करवाने के बाद विदा करते समय उन्हें एक फल उपहार में जरूर देना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि कन्याओं को फल देकर विदा करने से आपके पुण्य फलों में वृद्धि होती है। शास्त्रों में केला और नारियल को शुभ माना गया है। केला भगवान विष्णु जी को प्रिय है और नारियल देवी लक्ष्मी जी को पसंद है। इसलिए आप कन्याओं को भोजन करवाते समय उन्हें एक फल उपहार में जरूर दें।

मिठाई

कन्याओं को प्रसाद स्वरूप मिठाई दिया जा सकता है। इस दौरान आप आटे का हलवा, सूजी का हलवा माता रानी को भोग लगाएं। ऐसा करने से अगर व्यक्ति की कुंडली में गुरु ग्रह की स्थिति कमजोर है, तो वह मजबूत होती है।

चावल या जीरा

बेटी के विदा होने के समय उसे विदाई में चावल दिए जाते हैं, इसका जिक्र शास्त्रों में भी मिलता है। उसी तरह कन्याओं को भोजन कराने के पश्चात विदा करते समय चावल देना चाहिए। चावल के साथ जीरा भी दे सकते हैं।

श्रृंगार सामग्री

कन्या पूजन के दौरान भेंट में कन्याओं को श्रृंगार की सामग्री देना बहुत शुभ माना जाता है। इसके लिए श्रृंगार की चीजों को पहले पूजा में दुर्गा माता को अर्पित कीजिए, फिर श्रृंगार की चीजों को कन्याओं को बांटे। इससे मां दुर्गा शीघ्र प्रसन्न होती हैं।