डीजे पर देर रात तक दोस्तों संग डांस करता रहा दूल्हा, नाराज दुल्हन ने किसी और संग लिए फेरे और फिर…

अक्सर देश में कई प्रकार की शादियों से जुड़े हुए किस्से देखने और सुनने को मिलते हैं, जिसमें लड़का और लड़की पक्ष के बीच विवाद भी हो जाता है। अभी तक आप सभी लोगों ने सिर्फ दूल्हे के परिवार वालों द्वारा बारात लौटाने की खबरें सुनी होंगी। लेकिन अब लड़की वाले भी फिल्मों ही नहीं बल्कि असलियत में बारात लौटाने लगे हैं।

पिछले दिनों देश के अनेक हिस्सों से इस प्रकार की खबरें सुनने को मिली थी, जिसमें शराबी दूल्हे और उसके दोस्तों के नाच-गाने से परेशान होकर लड़की के घरवाले ने बारात वापस लौटा दी और शादी किसी दूसरे दूल्हे के साथ करवा दी। अब इसी बीच राजस्थान से भी कुछ इसी तरह का मामला सामने आया है।

दरअसल, राजस्थान के चुरू जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला देखने को मिला है, जहां पर एक दूल्हे को अपने दोस्तों के साथ डीजे पर उछल कूद करना भारी पड़ गया। जिले में एक बारात में आए दूल्हे और उसके दोस्तों का हुड़दंग देखकर दुल्हन नाराज हो गई।

गुस्साई दुल्हन ने पूरी बारात को वापस लौटा दिया, जिसके बाद दुल्हन के परिवारवालों ने दुल्हन की शादी किसी दूसरे युवक से करवा दी। अब दूल्हा पक्ष ने पुलिस में जाकर इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। चलिए जानते हैं आखिर यह पूरा मामला क्या है।

दूल्हे ने भी खूब मचाई हुड़दंग

दरअसल, आज हम आपको जिस मामले के बारे में बता रहे हैं यह चुरू जिले के राजगढ़ तहसील के चेलाना गांव का है। 15 मई को हरियाणा के सिवानी वार्ड संख्या 10 निवासी अनिल पुत्र महावीर जाट बरात लेकर राजगढ़ के चेलाना बास अपनी दुल्हन मंजू को लेने पहुंचा था। दुल्हन के घर पहुंचते ही करीब 150 से ज्यादा बाराती गाजे-बाजे और डीजे की धुन पर डांस करने लगे। रात 9:00 बजे के करीब बारात दुल्हन के घर के लिए निकली लेकिन डीजे की धुन और शराब के नशे में बाराती ऐसे डूबे की रात 1:00 बजे तक नाचते ही रह गए।

जब रात के 2:00 बजे भी बारात नहीं पहुंची तो लड़की वालों का पारा हाई हो गया। इस बीच सारे रीति रिवाज, रस्में और मुहूर्त सब निकल गए, जिसके बाद दुल्हन पक्ष ने जब बारातियों को उपद्रव बंद करने के लिए कहा तो उन्होंने दुल्हन के रिश्तेदारों से लड़ाई करनी शुरू कर दी। मुहूर्त के अनुसार 1:15 बजे फेरों का समय था। मगर हुड़दंग की आड़ में यह मुहूर्त भी निकल गया, जिसके बाद परिजनों ने लड़की की शादी कहीं और करवाने का फैसला ले लिया और लड़की वालों ने शादी किसी दूसरे युवक से करवा दी।

जब बारात पहुंची तो दुल्हन की हो गई थी शादी

ऐसा बताया जा रहा है कि जब बारात रात के 2:00 बजे दुल्हन के घर पहुंची तो उनकी हैरानी की कोई भी सीमा नहीं थी। दुल्हन की शादी किसी और से हो चुकी थी। इसके बाद दूल्हे और तमाम रिश्तेदारों को खाली हाथ लौटना पड़ा।

दूल्हा ने थाने में दर्ज करवाई शिकायत

इसके बाद सोमवार को दूल्हा और उसके रिश्तेदार राजगढ़ थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। वहीं लड़की वालों का ऐसा कहना है कि सात फेरों की रस्म में ही जब इतनी लापरवाही रही तो फिर आगे यह लोग क्यों रिश्ता निभा पाएंगे। बहरहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवाया। इन सब के बाद दोनों पक्षों को पारिवारिक कारणों का हवाला देकर लिखित में शादी कैंसिल होने का पुलिस को लिखकर दिया गया।