21 फरवरी को समाप्त है गुप्त नवरात्रि, महानवमी के दिन करें ये उपाय, चमक जाएगी किस्मत

हिंदू धर्म में नवरात्रि का बहुत ही महत्व माना गया है। साल भर में 4 नवरात्रि का त्यौहार आते हैं, जिनमें से दो गुप्त नवरात्रि होती है। माघ माह में पड़ने वाली नवरात्रि को गुप्त नवरात्रि कहा जाता है। इस बार गुप्त नवरात्रि 12 फरवरी से शुरू हुई थी जो 21 फरवरी 2021 को समाप्त होगी। आपको बता दें कि गुप्त नवरात्रि में मां आदिशक्ति की 10 महाविद्याओं की साधना की जाती है। गुप्त नवरात्रि का समय सिद्धियां प्राप्त करने का माना गया है। तांत्रिकों के लिए गुप्त नवरात्रि का बहुत महत्व माना गया है। यह इस समय माता की आराधना करके सिद्धियां प्राप्त करते हैं। गुप्त नवरात्रि में माता रानी की गुप्त तरीके से पूजा की जाती है।

ऐसा बताया जाता है कि अगर गुप्त नवरात्रि में कुछ साधारण से उपाय किए जाए तो इससे व्यक्ति के जीवन की परेशानियां दूर हो सकती हैं। 21 फरवरी 2021 दिन रविवार को गुप्त नवरात्रि की नवमी तिथि है, जिसको महानवमी के नाम से भी जाना जाता है। यदि आप आर्थिक रूप से कमजोर हैं। कर्ज को लेकर आप काफी चिंतित चल रहे हैं या फिर कठिन मेहनत करने के बावजूद भी आपको उन्नति प्राप्त नहीं हो पा रही है तो ऐसी स्थिति में आप इस दिन कुछ उपाय अपना सकते हैं, इससे आपके जीवन की सारी समस्याएं दूर होंगी और आपकी किस्मत चमकेगी।

धन प्राप्ति हेतु

अगर आप अपने जीवन से धन से जुड़ी हुई परेशानियों को दूर करना चाहते हैं तो इसके लिए गुप्त नवरात्रि के आखिरी दिन यानी नवमी के दिन भोजपत्र पर केसर की स्याही से दुर्गा अष्टोत्तर शतनाम लिखिए उसके पश्चात अष्टोत्तर शतनाम में लिखे मां के 108 नामों का उच्चारण करते हुए हवन में आहुति दीजिए। जब हवन पूरा हो जाए तब भोजपत्र चांदी में जड़वा कर ताबीज की तरह बनवा लीजिए। अब इसको आप गले में धारण कीजिए या फिर आप इसको चांदी की डिब्बी में सुरक्षित करके धन रखने के स्थान पर भी रख सकते हैं। अगर आप इस उपाय को करेंगे तो इससे जीवन से धन की कमी दूर होगी। ऐसी मान्यता है कि इस उपाय को करने से व्यक्ति को अपार धन की भी प्राप्ति होने की संभावना रहती है।

इस उपाय से कर्ज से मिलेगी मुक्ति

धन से जुड़ी हुई परेशानियां लोगों को अक्सर लगी रहती है। कई बार ऐसा होता है कि व्यक्ति को पैसा भी उधार लेना पड़ जाता है परंतु कर्ज लिए गए पैसे को चुकाने में व्यक्ति को काफी कठिनाई होती है। अगर आप भी अपने कर्ज को चुका नहीं पा रहे हैं तो ऐसी स्थिति में आप गुप्त नवरात्रि के आखिरी दिन यानी नवमी तिथि पर एक उपाय कर सकते हैं। आप इस दिन आम की समिधा से हवन अग्नि प्रज्वलित कीजिए और उसमें गाय के शुद्ध घी में कमलगट्टे को डुबोकर दुर्गा सप्तशती का पाठ करते हुए आहुति दीजिए।

हवन पूर्ण होने के पश्चात अपने घर पर नौ कन्याओं को बुलाकर पूजन करें और उन्हें मखाने की खीर बनाकर खिलाएं। उसके बाद दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद लीजिए और उनको सम्मान पूर्वक विदा कीजिए। अगर आप इस उपाय को करते हैं तो इससे दुर्गा माता की कृपा प्राप्त होगी और कर्ज से छुटकारा मिलेगा।

नौकरी-व्यापार में उन्नति के लिए

अगर आप अपने अपनी नौकरी में आने वाली समस्याओं को दूर करना चाहते हैं और तरक्की पाना चाहते हैं तो इसके लिए गुप्त नवरात्रि की नवमी के दिन मां दुर्गा के समक्ष दुर्गा सप्तशती के 12वें अध्याय के 21 पाठ निष्ठा के साथ कीजिए। इसके पश्चात कन्या पूजन करके उन्हें भोजन करवाएं। इस उपाय को करने से व्यापार और नौकरी की समस्या दूर होगी और आप कारोबार में तरक्की हासिल करेंगे।