सप्ताह का हर दिन अलग-अलग देवताओं को है समर्पित, चढ़ाएं ये खास चीज, घर में बनी रहेगी सुख-समृद्धि

धर्म ग्रंथों के अनुसार देखा जाए तो सप्ताह का हर वार किसी ना किसी देवी-देवता को समर्पित है। अगर संबंधित दिन पर भगवान की पूजा अर्चना की जाए तो इससे व्यक्ति को अपने जीवन में शुभ फल की प्राप्ति होती है। बहुत से लोग ऐसे हैं जो हर वार देवी-देवता से संबंधित मंदिरों में जाकर दर्शन करते हैं और भगवान की पूजा अर्चना करते हैं। अगर आप सप्ताह के दिन के हिसाब से देवताओं को खास चीजें अर्पित करते हैं तो इससे आपको मनचाहे फल की प्राप्ति होती है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से किस दिन कौन से भगवान के मंदिर जाना चाहिए और कौन सी खास चीज अर्पित करनी चाहिए, जिससे घर में सुख-समृद्धि बनी रहे। इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

रविवार

रविवार का दिन सप्ताह का पहला दिन होता है। यह दिन सूर्य नारायण जी को समर्पित है। इस दिन सूर्य देव की विशेष पूजा अर्चना और व्रत की जाती है। ऐसा बताया जाता है कि यदि इस दिन सूर्य देवता की पूजा अर्चना और व्रत किया जाए तो व्यक्ति को सूर्य के समान तेज प्राप्त होता है और यश कीर्ति में बढ़ोतरी होती है, इतना ही नहीं बल्कि कुंडली में सूर्य भी मजबूत बनता है, इसके अलावा रविवार को भगवान विष्णु या श्री कृष्ण के मंदिर में गुड़, पीली दाल या दूध से बनी हुई चीजें अर्पित करते हैं तो इससे बुरा समय खत्म हो जाता है।

सोमवार

सोमवार का दिन देवों के देव महादेव को समर्पित है। ऐसा बताया जाता है कि सोमवार के दिन अगर भोलेनाथ की पूजा की जाए तो इससे भगवान खुश होते हैं और भक्तों के सभी दुख दूर करते हैं। सोमवार के दिन आप किसी भी शिव मंदिर में जाकर सफेद रंग के फूल के साथ रुद्राक्ष भगवान को अर्पित कीजिए, इससे आपके रुके हुए काम पूरे होंगे।

मंगलवार

मंगलवार का दिन संकट मोचन महाबली हनुमान जी को समर्पित है। ऐसा माना जाता है कि हनुमान जी इस पृथ्वी पर साक्षात रूप से विराजमान हैं। अगर मंगलवार के दिन हनुमान जी की पूजा की जाए और हनुमान चालीसा का पाठ किया जाए तो भक्तों को हर मुसीबत से छुटकारा मिलता है। आप मंगलवार के दिन हनुमान जी के मंदिर में लाल मसूर और गुड़ अर्पित करें, इससे सौभाग्य में बढ़ोतरी होती है।

बुधवार

बुधवार का दिन विघ्नहर्ता गणेश जी को समर्पित है। यह दिन बुध ग्रह का दिन भी माना जाता है। बुधवार के दिन गणेश जी की पूजा करने से जीवन के सभी विघ्न दूर हो जाते हैं और बुद्धि का वरदान भगवान देते हैं। आप बुधवार के दिन गणेश जी के मंदिर में जाकर घर के बने लड्डू और दूर्वा अर्पित कीजिए, इससे तरक्की के मार्ग हासिल होंगे।

गुरुवार

गुरुवार का दिन भगवान विष्णु और गुरु बृहस्पति जी को समर्पित है। गुरुवार के दिन यदि पूजा की जाए तो कुंडली में बृहस्पति की स्थिति मजबूत बनती है। गुरुवार के दिन आप गुरु बृहस्पति या भगवान विष्णु जी के मंदिर में जाकर पीले रंग की कोई वस्तु या दाल अर्पित कीजिए, इससे आमदनी के स्रोत बढ़ते हैं।

शुक्रवार

शुक्रवार का दिन धन की देवी माता लक्ष्मी, मां संतोषी और मां दुर्गा को समर्पित है। अगर आप शुक्रवार के दिन धन की देवी माता लक्ष्मी जी की पूजा करते हैं तो इससे आपको विशेष कृपा मिलती है। शुक्रवार का दिन शुक्र ग्रह का भी होता है। आप शुक्रवार के दिन माता के मंदिर में जाकर खीर, खिचड़ी या लाल रंग की चुनरी अर्पित करें।

शनिवार

शनिवार का दिन न्याय के देवता शनि देव को समर्पित है। अगर आप शनिवार के दिन शनि देव की पूजा करते हैं तो शनि के बुरे प्रभाव से छुटकारा मिलता है। शनिवार के दिन सूर्यास्त के पश्चात पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाना चाहिए और शनि देव को सरसों का तेल अर्पित कीजिए। आप शनिवार के दिन शनि मंदिर में काली दाल और सरसों का तेल चढ़ाएं, इससे अशुभ प्रभाव खत्म होंगे और आप अपने जीवन में सफलता हासिल करेंगे।