होलिका दहन वाले दिन पड़ रही लक्ष्मी जयंती, ये चीजें आग में डालने से बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा

होलिका दहन का त्योहार होली के एक दिन पूर्व मनाया जाता है। यह त्यौहार हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है। इस पर्व को बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में भी देखा जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, यह त्योहार फाल्गुन माह की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। इस साल होलिका दहन 7 मार्च को होगा और इसी दिन लक्ष्मी जयंती भी मनाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा वाले दिन ही धन की देवी माता लक्ष्मी जी समुंद्र मंथन के दौरान प्रकट हुई थीं। लिंग पुराण में फाल्गुन पूर्णिमा को ऐश्वर्य प्रदायक भी बताया गया है।

ऐसी मान्यता है कि होलिका दहन की जो आग होती है, वह नकारात्मक ऊर्जा को खत्म कर देती है। ज्योतिष शास्त्र में भी होलिका दहन की अहमियत बताते हुए कुछ उपायों के बारे में बताया गया है। अगर इन उपायों को किया जाए तो इससे व्यक्ति को धन की देवी माता लक्ष्मी जी की कृपा प्राप्त होती है। इसके अलावा परिवार में सुख-सौभाग्य में वृद्धि होती है। आखिर होलिका दहन के समय अग्नि में किन चीजों को डालना चाहिए? चलिए इसके बारे में जानते हैं।

नारियल

अगर घर परिवार में कोई बीमार है, तो उस व्यक्ति के सिर से पैर तक 7 बार घड़ी घूमने की दिशा में नारियल उतार दीजिए। इसके बाद उस नारियल को होलिका की अग्नि में डाल दीजिए। इसके बाद सात बार परिक्रमा करनी होगी। अगर आप इस साधारण से उपाय को करते हैं, तो इससे सभी रोगों से छुटकारा मिल जाता है। लेकिन इस बात का ध्यान दीजिए कि गर्भवती महिला के मामले में नारियल का उपयोग मत कीजिए।

गन्ना

आपको बता दें कि होली तक गेहूं के साथ-साथ गन्ने की फसल भी तैयार हो जाती हैं। धन की देवी माता लक्ष्मी जी को खील-बताशे और गन्ने बहुत ज्यादा पसंद है। इसलिए होलिका दहन का अनुष्ठान करते समय खील-बताशे जरूर अर्पित कीजिए। इससे धन की देवी माता लक्ष्मी जी की कृपा दृष्टि व्यक्ति पर सदैव बनी रहती है।

गेहूं की बालियां

होली के समय गन्ने के अलावा गेहूं की फसल भी तैयार हो जाती है। गांव देहात में होली पर फसल और पशुओं की पूजा करने का रिवाज होता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार देखा जाए तो आप गेहूं की सात बालियां लीजिए और होलिका दहन की आग में आहुति दें। यह बहुत ही अच्छा माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि 7 अंक बहुत भाग्यशाली होता है। आहुति देने के बाद सात बार परिक्रमा भी कीजिए। अगर आप इस उपाय को करते हैं तो घर में ऐश्वर्य की कमी नहीं होती है।

हरे चने

अगर कारोबार और नौकरी में अवसर प्राप्त करना चाहते हैं तो इसके लिए होलिका दहन की आग में हरे चने डालें। यह बहुत ही अच्छा माना गया है. इससे बच्चों पर भी अच्छा प्रभाव पड़ता है। इतना ही नहीं बल्कि मां लक्ष्मी जी भी अपना आशीर्वाद व्यक्ति के ऊपर बनाए रखती हैं।

कपूर

होलिका दहन की आग में घी में भीगे हुए कपूर डाल दें। इससे घर में सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। इतना ही नहीं बल्कि इससे पितृ दोष भी दूर होता है। होली की पूजा में भी कपूर का इस्तेमाल किया जाता है। पूजा करने के पश्चात पूरे घर में कपूर को घुमाना चाहिए।