Site icon NamanBharat

हनी सिंह पर पत्नी शालिनी ने दर्ज कराया केस, कोर्ट में खोला सिंगर का कच्चा-चिट्ठा, लगाए ये आरोप

बॉलीवुड इंडस्ट्री से आए दिन कोई न कोई ऐसी खबर निकल कर सामने आ जाती है जिसको जानने के बाद हर कोई आश्चर्यचकित हो जाता है। इसी बीच बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर और अभिनेता हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार ने सिंगर पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार ने उनके और उनके परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर अदालत ने हनी सिंह और अन्य को नोटिस जारी किया है और इसका रिप्लाई देने को कहा है।

हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार द्वारा कोर्ट में दायर की गई याचिका तीस हजारी स्थित चीफ मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट तान्या सिंह के सामने पेश की गई। इस मामले में हनी सिंह को पेश होकर 28 अगस्त तक जवाब मांगा है। शालिनी तलवार ने अपनी याचिका में हनी सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपनी याचिका में यह बताया है कि उनके साथ घर में क्रूर व्यवहार किया जाता है। शालिनी तलवार की तरफ से अधिवक्ता संदीप कपूर और अपूर्ण पांडे ने अदालत में यह बताया है कि शादी के बाद से ही उनके मुवक्किल के साथ मारपीट की जा रही है।

शायद ही यह बात बहुत कम लोगों को पता होगा कि हनी सिंह ने अपने बचपन के प्यार से शादी की है। जी हां, शालिनी तलवार हनी सिंह का बचपन का प्यार है। जब हनी सिंह ने इंडस्ट्री में कदम नहीं रखा था तो उससे पहले ही शालिनी से शादी रचा ली थी। बचपन से ही शालिनी और हनी सिंह एक अच्छे दोस्त थे और स्कूल के दिनों में ही इन दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था।

शालिनी और हनी सिंह दोनों स्कूल के दिनों से ही एक-दूसरे को अच्छी तरह से जानते हैं और एक-दूसरे को काफी पसंद भी करने लग गए थे। धीरे-धीरे इन दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी और यह दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे। शुरुआत में उन्होंने अपनी प्रेम कहानी के बारे में किसी को भी नहीं बताया। इन दोनों ने 23 जनवरी 2011 को सात फेरे लिए थे। शादी करके दोनों ने अपने प्यार की डोर को और मजबूत बना दिया।

हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार ने अपनी याचिका में यह बताया है कि जब वह स्कूल में पढ़ाई किया करती थीं तो उस समय के दौरान हिरदेश सिंह उर्फ़ हनी सिंह भी उसी स्कूल में पढ़ते थे। शालिनी और हनी सिंह के बीच साल 2001 में प्यार हो गया था। इसके बाद 2003-2004 में शालिनी ने बैचलर ऑफ साइंस से अपनी ग्रेजुएशन पूरी की थी। जब हनी सिंह ने साल 2008 में अपनी चार्टर्ड अकाउंटेंट की पढ़ाई कंप्लीट की तो वह नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करने लगे थे।

शालिनी ने अपनी याचिका में यह बताया है कि लगभग 10 साल के प्यार के बाद 14 मार्च 2010 को दोनों के घरवालों की मर्जी से उन्होंने सगाई की। उसके बाद 23 जनवरी 2011 को दोनों ने परिवार वालों की मौजूदगी में सरोजनी नगर के गुरुद्वारे में विवाह कर लिया था। शालिनी ने बताया कि हिरदेश सिंह उर्फ हनी सिंह को म्यूजिक से शुरू से बहुत प्यार रहा है। म्यूजिक के प्रति उनके प्यार की वजह से ही शालिनी ने उनका हमेशा साथ दिया। शादी के कुछ समय के बाद ही हनी सिंह के गाने काफी लोकप्रिय हो गए। लोग उन्हें यो यो हनी सिंह के नाम से जानने लगे। वहीं हनी सिंह देश और दुनिया में स्टेज शो फिल्मों में गाने लगे जिससे उनकी कमाई करोड़ों में होने लग गई। उन्होंने यह बताया कि हनी सिंह अपनी कमाई हमेशा अपने मां-बाप को दिया करते थे।

शालिनी का कहना है कि हनी सिंह ने अपनी कमाई से एक रूपया भी अपनी पत्नी को नहीं दिया। शादी के सालों बाद अब शालिनी ने अपनी याचिका में हनी सिंह और अपने हनीमून के अनुभव के बारे में भी बताया। उनका कहना है कि उनके एक जानकार जीत कलसी ने हनी सिंह और उनको मॉरीशस का हनीमून पैकेज गिफ्ट किया था। जब दोनों मॉरीशस पहुंचे तो शालिनी को एहसास हुआ कि हनी सिंह का व्यवहार बदला हुआ था। वह ज्यादातर चुप और शांत रहने लगे थे। उन्होंने बताया कि जब हनी सिंह से उन्होंने उनके बदलते व्यवहार के बारे में पूछा तो सिंगर बहुत ज्यादा गुस्से में आ गए थे। और शालिनी को बेड पर धक्का देकर चिल्लाने लगा कि “यो यो हनी सिंह से सवाल करने की हिम्मत किसी की नहीं होती तो तुम भी मुझसे कभी कोई सवाल मत करना।” हनी सिंह ने यह भी कहा था कि “मैं वैसे ही शादी को लेकर परेशान हूं। मैं तो शादी करना ही नहीं चाहता था लेकिन तुमसे वादा किया था तो मुझे शादी करनी पड़ी।”

शालिनी ने बताया कि इतना बोलने के बाद हनी सिंह होटल के कमरे से बाहर निकल कर चले गए। करीब 10-12 घंटे के बाद वह वापस आए तो शालिनी ने उनसे कमरे में अकेला छोड़कर जाने की वजह पूछी तो हनी सिंह ने बड़ी बेरहमी से शालिनी की पिटाई की। इसके बाद से ही दोनों के संबंध खराब होने लग गए। शालिनी तलवार ने यह कहा है कि जब हनी सिंह बहुत ज्यादा फेमस होने लगे तो उन्होंने कई महिलाओं के साथ जिस्मानी संबंध भी बना लिए थे और वह हमेशा अपनी शादी की बात लोगों से छुपाया करते थे।

Exit mobile version