आने वाला है भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव, जन्माष्टमी पर करें ये उपाय, मुरली वाले की होगी कृपा

रक्षाबंधन के बाद अब जन्माष्टमी का त्योहार बहुत नजदीक आ रहा है। कृष्ण जन्माष्टमी भगवान श्री कृष्ण जी का जन्मोत्सव होता है, जिसे हर वर्ष भाद्रपद मास में कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन आधी रात को भगवान कृष्ण जी का जन्म हुआ था। आपको बता दें कि इस वर्ष कृष्ण जन्माष्टमी 30 अगस्त 2021 को मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान कृष्ण जी का जन्म इसी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में हुआ था। पूरे देश भर में जन्माष्टमी का त्यौहार बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। विशेष रूप से मथुरा-वृंदावन में इस त्यौहार की अलग ही धूम देखने को मिलती है।

कृष्ण जन्माष्टमी के दिन खासकर मंदिरों और घरों में लोग बाल गोपाल के जन्म उत्सव का आयोजन करते हैं और इस दिन बाल गोपाल के लिए पालकी सजाई जाती है। आपको बता दें कि कृष्ण जन्माष्टमी के दिन नि:संतान दंपत्ति विशेष तौर पर जन्माष्टमी का व्रत रखते हैं। बाल गोपाल कृष्ण जैसी संतान की कामना से यह व्रत रखा जाता है। अगर कृष्ण जन्माष्टमी के दिन कुछ विशेष उपाय किए जाए तो इससे व्यक्तियों की मनोकामनाएं पूर्ण हो सकती हैं और भगवान कृष्ण जी का आशीर्वाद मिलता है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से कृष्ण जन्माष्टमी के कुछ उपाय बताने वाले हैं।

कृष्ण जन्माष्टमी पर करें ये विशेष उपाय

1. अगर आप धन से जुड़ी हुई परेशानियों से छुटकारा पाना चाहते हैं तो इसके लिए जन्माष्टमी के दिन घर में गाय तथा बछड़े की छोटी सी प्रतिमा लेकर आएं। ऐसा करने से पैसों से जुड़ी हुई परेशानियां दूर होती हैं और आर्थिक स्थिति में सुधार आता है। इतना ही नहीं बल्कि इस उपाय को करने से संतान से जुड़ी हुई परेशानियों से भी मुक्ति मिलती है।

2. आप जन्माष्टमी के दिन भगवान कृष्ण जी को चांदी की बांसुरी अर्पित कीजिए और पूजा करने के पश्चात इस बांसुरी को अपने पर्स या पैसे रखने का स्थान पर रख दीजिए। ऐसा करने से धन की समस्या दूर होती है।

3. अगर आप अपनी मनोकामनाओं को पूरा करना चाहते हैं तो इसके लिए जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण जी को 56 भोग पकवान अर्पित करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, 56 भोग से भगवान कृष्ण जी प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों की सारी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।

4. आपको बता दें कि भगवान श्री कृष्ण जी जगत के पालनहार भगवान विष्णु जी के अवतार हैं। भगवान श्री हरि विष्णु और माता लक्ष्मी जी को परिजात के फूल बेहद प्रिय हैं। इसलिए आप कृष्ण जन्माष्टमी के दिन पूजा के दौरान आप परिजात के फूल जरूर भगवान को अर्पित कीजिए। इससे कृष्ण जी प्रसन्न होते हैं।

5. जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं भगवान श्री कृष्ण जी के मुकुट पर मोर पंख उनके मुकुट की शोभा बढ़ाता है। भगवान कृष्ण जी को मोर पंख अति प्रिय है। इसलिए जन्माष्टमी के दिन भगवान कृष्ण जी को मोर पंख जरूर अर्पित कीजिए।

6. जन्माष्टमी के दिन भगवान कृष्ण जी के बाल रूप की पूजा की जाती है। आपको बता दें कि भगवान विष्णु जी के अवतार कृष्ण जी के बाल स्वरूप का अभिषेक आप जन्माष्टमी वाले दिन शंख में दूध लेकर करें क्योंकि विष्णु जी को शंख अति प्रिय है।