कार्तिक महीना हो गया शुरू, इन नियमों का करें पालन, लक्ष्मी जी प्रसन्न होकर कर देंगी मालामाल

21 अक्टूबर 2021 से कार्तिक महीना शुरू हो गया है और यह महीना 19 नवंबर को खत्म होगा। भगवान विष्णु जी को यह महीना अति प्रिय है। ऐसा बताया जाता है कि इस महीने में व्रत, तप और पूजा पाठ करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। कार्तिक मास से देव तत्व भी मजबूत होता है। इसी महीने में भगवान विष्णु जी निद्रा से जागते हैं और सृष्टि में आनंद और कृपा की बरसात होती है। इसी महीने में धन की देवी माता लक्ष्मी जी धरती पर भ्रमण करती है और भक्तों को अपार धन देती हैं। इस दौरान बहुत ही अहम व्रत-त्योहार करवाचौथ, धनतेरस, दीपावली मनाए जाएंगे। यह महीना कई मामलों में बहुत ही खास होता है। इस महीने से सारे शुभ कार्य शुरू हो जाते हैं।

ऐसी मान्यता है कि कार्तिक महीना धर्म करके पुण्य कमाने के साथ-साथ मालामाल होने का भी मौका देता है। मान्यता अनुसार, कार्तिक महीने में माता लक्ष्मी जी धरती पर विचरण करने के लिए आती हैं। ऐसी स्थिति में धन की देवी माता लक्ष्मी जी को प्रसन्न करने के लिए यह सबसे उत्तम समय माना जाता है। अगर इस दौरान कुछ नियमों का पालन किया जाता है तो इससे व्यक्ति मालामाल हो सकता है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से कार्तिक महीना में कौन से नियमों का पालन करना चाहिए, इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

कार्तिक महीना में इन नियमों का करें पालन

1. कार्तिक महीने में आप अपने घर में तुलसी का पौधा लगा सकते हैं और तुलसी के पौधे के नियमित रूप से पूजा करें। अगर आप कार्तिक मास में तुलसी की पूजा करते हैं तो पूजा का महत्व कई गुना अधिक बढ़ जाता है। इससे समृद्धि की बरसात होती है। अगर आप ऐसा करते हैं तो इससे विवाह संबंधित परेशानियों से भी छुटकारा मिलता है। इतना ही नहीं बल्कि ऐसा करने से घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है।

2. कार्तिक महीने में दीपदान अवश्य करना चाहिए। इसके लिए नदी, तालाब और घर के एक कोने में दीपक जरूर जलाएं। अगर आप ऐसा करेंगे तो इससे आपको अपने जीवन में शुभ फल की प्राप्ति होती है।

3. कार्तिक महीने में आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि इस दौरान आप शरीर पर तेल ना लगाएं। बल्कि मौसम बदलने के साथ ही रूखी त्वचा को नमी देने के लिए नरक चतुर्थी से तेल लगाना शुरू कीजिए।

4. कार्तिक महीने में उड़द, मूंग, मसूर, चना, मटर और राई का सेवन नहीं करना चाहिए।

5. कार्तिक महीने को बहुत ही पवित्र महीना माना जाता है। इसलिए आप कार्तिक महीने में ब्रह्मचर्य का पालन जरूर कीजिए।

6. कार्तिक महीने में भूमि पर सोना भी एक प्रमुख नियम माना गया है। भूमि पर सोने से मन में सात्विकता का भाव आता है तथा अन्य विकार भी समाप्त होते हैं।

7. कार्तिक महीने का जो लोग व्रत कर रहे हैं, उनको इस बात का ध्यान रखना होगा कि वह तपस्वियों के समान व्यवहार करें। इस महीने में कम बोलना चाहिए, आप किसी की भी निंदा या विवाद मत कीजिए। आपको इस महीने में अपने गुस्से पर काबू रखना होगा और अपने मन पर संयम रखें।