करवा चौथ पर करें ये उपाय, पति-पत्नी का रिश्ता हमेशा के लिए होगा मजबूत, नहीं होगी धन की कमी

करवा चौथ सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए रखती हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार करवा चौथ का व्रत हर वर्ष कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर मनाया जाता है। इस साल कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्थी तिथि 13 अक्टूबर को रात 1:59 बजे से शुरू होगी, जो 14 अक्टूबर को रात 3:08 बजे तक है।

इस बार करवा चौथ का व्रत 13 अक्टूबर 2022 को ही मनाया जाएगा। इस व्रत में महिलाएं दिनभर निर्जल रहकर शाम को करवा चौथ व्रत की कथा सुनती है और रात में चंद्र देव के दर्शन करने के बाद अपने पति का चेहरा देखकर अपना व्रत खोलती है।

ऐसा माना जाता है कि इस दिन निर्जला व्रत रखने से महिलाओं को शुभ फल की प्राप्ति होती है और सौभाग्यवती होने का आशीर्वाद मिलता है। वहीं अगर इस दिन कुछ विशेष उपाय किए जाएं, तो इससे पति-पत्नी के बीच का रिश्ता हमेशा मजबूत बना रहता है और घर में खुशहाली आती है।

पति-पत्नी के बीच अनबन दूर करने के लिए करें ये उपाय

अगर पति पत्नी के रिश्ते में अक्सर किसी ना किसी बात को लेकर तकरार और मनमुटाव रहता है, तो इसके लिए करवा चौथ के दिन पांच बेसन के लड्डू लें। इसके साथ आटा-शक्कर के बने पांच पेड़े, 5 केले और 250 ग्राम चने की भीगी दाल को गाय को खिलाएं। ऐसा करने से पति-पत्नी के बीच मनमुटाव दूर हो जाता है।

पति-पत्नी के बीच प्यार बढ़ाने का उपाय

करवा चौथ के दिन गौरी-शंकर पुत्र गजानन की आराधना कीजिए। गणेश भगवान की पूजा-अर्चना के लिए दूर्वा के साथ गुड़ की 21 गोलियां भगवान को अर्पित करें। इस उपाय को करने से पति-पत्नी के रिश्ते में आई दरार हमेशा के लिए दूर होती है।

आर्थिक तंगी से छुटकारा पाने का उपाय

करवा चौथ के दिन “ऊं श्री गणधिपतये नम:” मंत्र का जाप कीजिए और गणपति को हल्दी की पांच गांठें अर्पित करें। ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को करने से घर में मां लक्ष्मी का आगमन होता है और आर्थिक परेशानियों से भी छुटकारा मिलता है।

पति का भरोसा जीतने का उपाय

अगर रिश्ते में भरोसा नहीं है, तो वह रिश्ता ज्यादा लंबे समय तक नहीं चल पाता है क्योंकि किसी भी रिश्ते की नींव भरोसे पर ही टिकी होती है। अगर आप अपने पति का भरोसा जीतना चाहती हैं तो करवा चौथ के दिन आप यह उपाय करें। आप करवा चौथ के दिन 11 गोमती चक्र लीजिए और लाल रंग की सिंदूर की डिब्बी में रखकर कहीं छुपा कर रख दें। इस आसान से उपाय को करने से पति-पत्नी के बीच रिश्ता मजबूत होता है। इससे पति-पत्नी के बीच अविश्वास की स्थिति भी दूर हो जाती है।

कर्ज से मुक्ति पाने का उपाय

कई बार ऐसा होता है कि ना चाहते हुए भी लोगों को कर्ज लेना पड़ जाता है परंतु कई बार कर्ज उतारना बहुत मुश्किल हो जाता है। अगर आप कर्जे से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो करवा चौथ वाले दिन भगवान गणेश जी को भी गुड़ का भोग लगाएं। इसके साथ ही गणपति से अपने घर की स्थिति के सुधार के लिए प्रार्थना कीजिए। इसके बाद आप यह गुड़ गाय को खिला दीजिए। इस उपाय को करने से घर में बरकत आती है और आमदनी में भी वृद्धि होती है।