आज नहाए खाय के साथ छठ पर्व शुरू, पूजा में इन बातों का रखें ध्यान, छठी माता का मिलेगा आशीर्वाद

हिंदू धर्म में छठ पर्व एक ऐसा पर्व है जिसमें मूर्ति की पूजा शामिल नहीं है। इस दिन पूजा में छठी मैया के लिए व्रत किया जाता है। यह व्रत कठिन व्रतों में से एक माना जाता है। इस पर्व की शुरुआत नहाए खाय के साथ 18 नवंबर 2020 से शुरू हो गई है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश का छठ पूजा प्रमुख त्यौहार होता है। आपको बता दें कि 20 नवंबर को छठ पूजा पड़ रही है। 4 दिनों तक चलने वाले इस त्यौहार के लिए लोगों ने तैयारी कर ली हैं। छठ पूजा में सूर्य देवता की विशेष पूजा की जाती है। ऐसा माना जाता है कि छठी माता सूर्य देवता की बहन हैं। अगर सूर्य देव की उपासना की जाए तो इससे छठी माता भी प्रसन्न हो जाती हैं और सभी मनोकामनाएं पूरी करती हैं। अगर आप छठ पूजा के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखते हैं तो इससे आपको अपनी पूजा का शुभ फल मिलेगा। तो चलिए जानते हैं छठ पूजा के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

छठ पूजा में इन बातों का रखें ध्यान

  • छठ व्रत करने वाले लोगों को इस बात का ध्यान रखना होगा कि जब आप छठी मईया का प्रसाद बना रहे हों तब उस दौरान पवित्रता का पूरा ध्यान रखें। हाथ पैर धोकर प्रसाद तैयार कीजिए। इस दौरान आपको मांस-मछली के सेवन से बचना होगा।

  • जो लोग छठ पूजा में चढ़ाए जाने वाले प्रसाद को तैयार कर रहे हैं उन लोगों को तब तक खाना नहीं खाना चाहिए जब तक प्रसाद तैयार ना हो जाए। प्रसाद तैयार होने के बाद ही आप कुछ खाए-पिए।
  • जिस स्थान पर छठ पूजा के लिए आप प्रसाद तैयार कर रहे हैं, उस जगह पर भोजन मत कीजिए क्योंकि इसकी वजह से पूजा अशुद्ध मानी जाती है।
  • छठी माता का प्रसाद बहुत पवित्रता के साथ बनाया जाता है, इसलिए आपको यह ध्यान रखना होगा कि प्रसाद को पैर ना लगाएं।
  • जो छठ का व्रत कर रहे हैं उनको अपने मन में किसी भी प्रकार का गलत विचार नहीं लाना चाहिए। व्रत करने वाले किसी को भी बुरा भला ना कहें। अगर आप ऐसा करते हैं तो आपको अपने व्रत का वास्तविक लाभ नहीं मिल पाएगा।

  • छठ पूजा के दौरान जब आप सूर्य देवता को अर्घ्य दे रहें हो तो उस दौरान आप चांदी, स्टील, शीशा और प्लास्टिक के बर्तनों का इस्तेमाल भूलकर भी ना करें। आप सूर्य देवता को अर्घ्य देने के लिए तांबे के लोटे का इस्तेमाल कर सकते हैं।
  • व्रत करने वाले लोगों को छठी माता की मनौती को नहीं भूलना चाहिए, जो मनौती हो उसे समय पर जरूर पूरा कीजिए।
  • छठ पूजा के दौरान आप सात्विक भोजन का सेवन कीजिए। लहसुन, प्याज का सेवन भूलकर भी मत कीजिए और संभव हो सके तो घर में प्याज और लहसुन बिल्कुल भी मत रखिए।
  • आपको इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि घर में बच्चे छठ पूजा का प्रसाद जूठा ना करें। जब तक छठ का त्यौहार पूरा ना हो जाए तब तक आप छठ पूजा के प्रसाद को किसी को भी खाने मत दीजिए इसके अलावा बिना हाथ धोए पूजा का सामान किसी को भी छूने मत दीजिए।