लता मंगेशकर तीन बहनों और एक भाई में थीं सबसे बड़ी, कुछ ऐसा था स्वर कोकिला का परिवार

भारत की दिग्गज गायिका लता मंगेशकर जिन्हें भारत के लाखों-करोड़ों लोग भारत की कोकिला के नाम से भी जानते हैं उनका निधन 92 वर्ष की आयु में 6 फरवरी 2022 की सुबह हो गया। जैसे ही लता जी के निधन की खबर सामने आई, ना केवल इंडस्ट्री में बल्कि पूरे भारत में शोक की लहर दौड़ गई है।

लता मंगेशकर जी को कोरोना संक्रमण की वजह से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट कराया गया था। जहां पर कई डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था परंतु अचानक ही उनकी तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई जिसके चलते उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया था परंतु लाख कोशिशों के बावजूद भी स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जान ना बचाई जा सकी।

भले ही लता मंगेशकर जी का पार्थिव शरीर हमारे बीच में अब नहीं है परंतु वह अप्रत्यक्ष रुप से हमेशा सभी के दिलों में जिंदा रहेंगी। लता मंगेशकर जी ने 92 वर्ष की अपनी जीवन यात्रा में हजारों गानों में अपनी आवाज दी है। जहां उनके कुछ गीत अमर हो गए, वहीं कुछ गीतों के जरिए वह लोगों के दिलों में आज भी बसी हुई हैं।

स्वर कोकिला के नाम से मशहूर लता मंगेशकर की आवाज इतनी सुरीली थी कि आज भी कानों में मिश्री घोल देती है। लता मंगेशकर जी के निधन की खबर सुनते ही हर किसी का दिल टूट गया और आंखें आंसुओं से भीग गई। लता मंगेशकर जी ने अपने इस लंबे करियर में 30,000 से ज्यादा गानों में अपनी आवाज दी है परंतु आज यही आवाज खामोश हो चुकी है।

28 सितंबर 1929 को मध्यप्रदेश के इंदौर में जन्मी लता मंगेशकर जी ने महज 13 साल की छोटी उम्र से ही गाना शुरू कर दिया था। लता जी के पिताजी पंडित दीनानाथ मंगेशकर संगीत की दुनिया और मराठी रंगमंच के जाने-माने व्यक्ति थे। लता जी को अपने पिता से ही संगीत की शिक्षा प्राप्त हुई थी। लता जी की माता का नाम शीवंती मंगेशकर है। शीवंती हाउस वाइफ थीं। जन्म के समय लता जी का नाम हेमा रखा गया था लेकिन कुछ समय के बाद उनके पिता ने थिएटर के कैरेक्टर लतिका के नाम पर उनका नाम लता रख दिया।

लता मंगेशकर जी पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी बहन थीं उनके बाद उनकी तीन बहने मीना मंगेशकर, आशा भोंसले, उषा मंगेशकर और भाई हृदयनाथ मंगेशकर है। लता मंगेशकर समेत सभी भाई बहनों ने अपनी आजीविका के रूप में संगीत को ही चुना है। लता मंगेशकर जी के कदमों पर ही चल कर उनकी बहनों और भाई ने संगीत की दुनिया में अपना दायरा बढ़ाया।

मीना मंगेशकर

लता मंगेशकर जी के बाद उनकी छोटी बहन मीना का जन्म हुआ था। लता मंगेशकर ने बड़ी बहन होने के नाते अपना फर्ज बखूबी तरीके से निभाया और उन्होंने अपनी छोटी बहन मीना का ठीक तरीके से ख्याल रखा। 90 वर्षीय मीना एक भारतीय मराठी और हिंदी भाषा के पार्श्व गायिका और संगीतकार हैं। इसके अलावा उन्होंने कुछ गानों को कंपोज भी किया है।

आशा भोंसले

लता मंगेशकर जी की 88 वर्षीय बहन आशा भोंसले भी मशहूर गायिका हैं। आशा भोंसले की आवाज में भी कम जादू नहीं है। आशा भोंसले बॉलीवुड की सफल गायिकाओं में शुमार हैं। अगर आप लता जी और आशा की आवाज सुनेंगे तो आप भी यही कहेंगे कि सच में इनके परिवार को सरस्वती जी का वरदान प्राप्त हुआ है।

उषा मंगेशकर

लता मंगेशकर जी की 86 वर्षीय बहन उषा मंगेशकर मराठी, हिंदी, बंगाली, कन्नड़, नेपाली, भोजपुरी, गुजराती और असमिया गानों की वजह से जानी जाती हैं। संगीत की दुनिया में इनका भी सिक्का खूब चला है। इसके अलावा उषा मंगेशकर पेंटिंग में भी खास रूचि रखती हैं। उषा ने दूरदर्शन के लिए एक म्यूजिकल ड्रामा भी प्रोड्यूस किया था।

हृदयनाथ मंगेशकर

हृदयनाथ मंगेशकर (84) लता, मीना, आशा और उषा के सबसे छोटे हुए व लाडले भाई हैं। इन्होंने भी संगीत की दुनिया में कदम रखा और अपनी अच्छी खासी पहचान बनाई है। संगीत निर्देशक के रूप में फिल्म जगत में भी हृदयनाथ मंगेशकर अपना लोहा मनवा चुके हैं। उन्हें प्यार से सब बाला साहेब बुलाते हैं।