शिल्पा शेट्टी का विवादों से रहा है नाता, कभी सरेआम किस तो कभी बोल्ड फोटोशूट की वजह से चर्चा में रही थीं अभिनेत्री

बॉलीवुड इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा शिल्पा शेट्टी को भला कौन नहीं जानता। उन्होंने अपनी एक्टिंग, डांसिंग और फिटनेस के दम पर लोगों के दिलों में एक अलग ही जगह बनाई है। शिल्पा शेट्टी एक ऐसी अभिनेत्री हैं जो अपने अभिनय और खूबसूरती के लिए जानी जाती हैं। एक लंबे समय से शिल्पा शेट्टी फिल्मों में नजर नहीं आई हैं। लेकिन शिल्पा शेट्टी किसी न किसी वजह से सुर्खियों में छाई रहती हैं। शिल्पा कई बार विवादों में भी जुड़ चुकी हैं।

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा को अश्लील वीडियो बनाने और उन्हें ऐप पर दिखाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। इसको लेकर शिल्पा शेट्टी चर्चा का विषय बनी हुई हैं परंतु इससे पहले भी कई बार शिल्पा शेट्टी विवादों का हिस्सा रह चुकी हैं। शादी से पहले और शादी के बाद भी शिल्पा शेट्टी और विवाद का रिश्ता नहीं टूट पाया है।

आपको बता दें कि कभी सोशल मीडिया पर उनकी विवादित तस्वीरें वायरल हुई थीं तो कभी आईपीएल में उनके पति पर मैच फिक्सिंग पर सवाल भी उठाए गए थे। इतना ही नहीं बल्कि शिल्पा शेट्टी जब मशहूर शो “बिग ब्रदर” का हिस्सा रही थीं तो उस दौरान भी वह विवादों में घिर चुकी हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी से जुड़े हुए कुछ विवादों के बारे में जानकारी देने वाले हैं।

किस को लेकर सुर्खियों में आई थीं शिल्पा शेट्टी

आपको बता दें कि साल 2007 में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी चर्चा में छाई थीं। दरअसल, जब एक कार्यक्रम के दौरान हॉलीवुड एक्टर रिचर्ड गेर ने अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी को किस कर लिया था तो उस दौरान शिल्पा चर्चा का विषय बन गई थीं। यहां अचानक से ही रिचर्ड ने सरेआम स्टेज पर ही शिल्पा शेट्टी को किस कर लिया था। यह एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने वाला एक कार्यक्रम था। जब यह विवाद हुआ तो इसकी वजह से देशभर में शिल्पा शेट्टी का विरोध किया गया था परंतु शिल्पा शेट्टी ने इस मामले को बहुत ज्यादा भाव नहीं दिया था।

शिल्पा शेट्टी को एक साधु ने किया था किस

जब शिल्पा शेट्टी साल 2009 में सखीगोपाल मंदिर गई हुई थीं तो वहां पर एक साधु ने उनको किस कर लिया था, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हुई थीं। बाद में शिल्पा शेट्टी ने ऐसा कहा था कि “कोई पिता अपनी बेटी के गालों पर किस नहीं कर सकते क्या?” यह मामला भी काफी दिनों तक चर्चा का विषय बना हुआ था।

आईपीएल में सट्टेबाजी का लगा था आरोप

आपको बता दें कि जब मशहूर बिजनेसमैन राज कुंद्रा और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी की टीम राजस्थान रॉयल्स आईपीएल में खेलना शुरू हुई थी तो उस दौरान शिल्पा के पति राज कुंद्रा पर मैच फिक्सिंग के आरोप भी लगे थे। राज कुंद्रा उन 7 सट्टेबाजों के संपर्क में थे जो उनकी टीम पर सट्टा लगा रहे थे।

बोल्ड फोटोशूट

शिल्पा शेट्टी साल 2006 में भी चर्चा का विषय बनी हुई थीं। इस साल में शिल्पा शेट्टी के खिलाफ एक गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। यह वारंट मदुरई कोर्ट द्वारा बोल्ड फोटोशूट करवाने के लिए जारी किया गया था। उस दौरान शिल्पा शेट्टी शादीशुदा नहीं थीं तब उन्होंने यह फोटोशूट किसी मैगजीन के लिए करवाया था।

राज कुंद्रा की पहली पत्नी कविता ने शिल्पा पर लगाया था आरोप

शिल्पा शेट्टी उस समय के दौरान सबसे ज्यादा सुर्खियों में आई थीं, जब उनके ऊपर राज कुंद्रा की पहली पत्नी कविता ने घर तोड़ने का आरोप लगाया था। कविता का ऐसा मानना है कि उनकी और राज की शादी टूटने की वजह सिर्फ शिल्पा शेट्टी हैं। राज कुंद्रा ने अपनी पहली पत्नी कविता को तलाक देकर शिल्पा शेट्टी से शादी रचाई थी।