नवरात्रि पर ऐसे करें माता रानी की पूजा, घर में नहीं रहेगी धन की कमी, भक्तों को मिलेगा आशीर्वाद

17 अक्टूबर से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना का पवित्र दिन यानी शारदीय नवरात्रि शुरू हो चुके हैं। नवरात्रि के 9 दिनों तक भक्त माता की उपासना करके इनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। नवरात्रि का दिन मां शक्ति की उपासना का महत्वपूर्ण दिन माना गया है। अगर आप नवरात्रि पर माता का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते हैं तो इसके लिए शास्त्रों में बताए गए कुछ उपायों को अपना सकते हैं। इन उपायों को करने से माता प्रसन्न होती हैं। आज हम आपको नवरात्रि पर किन उपायों को करके माता रानी को खुश कर सकते हैं, इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

नवरात्रि पर इन तरीकों से करें माता रानी को प्रसन्न

दुर्गा सप्तशती का पाठ

नवरात्रि का त्योहार 9 दिनों तक चलने वाला खास त्यौहार होता है। इस समय के दौरान अगर आप माता रानी की पूजा के दौरान उनके दुर्गा सप्तशती का पाठ करते हैं तो इससे माता का आशीर्वाद आपके ऊपर हमेशा बना रहेगा। मान्यता अनुसार जो लोग नवरात्रि के दिनों में दुर्गा सप्तशती का पाठ करते हैं, उनके सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। जाने-अनजाने में हुई भूल को माता रानी माफ करती हैं। जब आप दुर्गा सप्तशती का पाठ कर लें तब आखिर में आप क्षमा प्रार्थना करें।

लाल रंग के फूल अर्पित करें

नवरात्री के 9 दिनों तक आप घर में माता रानी की पूजा उपासना कर रहे हैं तो इनकी पूजा के दौरान आप लाल रंग के फूल जरूर अर्पित कीजिए। माता रानी को लाल रंग के फूल बहुत प्रिय हैं।

लक्ष्मी जी की पूजा

नवरात्रि के दिनों में माता लक्ष्मी जी की भी पूजा करनी चाहिए परंतु आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि आप माता लक्ष्मी जी के उस तस्वीर की पूजा कीजिए जिसमें मां लक्ष्मी कमल के फूल पर विराजमान हों। यह बहुत ही शुभ माना जाता है। इस उपाय को करके आप माता लक्ष्मी जी के साथ-साथ माता दुर्गा जी की भी कृपा प्राप्त कर सकते हैं और आपके घर-परिवार में धन से जुड़ी हुई परेशानियां उत्पन्न नहीं होगी।

गणपति जी की पूजा

शास्त्रों के अनुसार देखा जाए तो गणपति जी को सभी देवी-देवताओं में प्रथम पूजनीय माना जाता है। अगर कोई भी शुभ कार्य किया जाता है तो सबसे पहले गणपति जी की पूजा अर्चना की जाती है। ऐसे में अगर आप नवरात्रि के दौरान अपने घर के मुख्य दरवाजे पर स्वास्तिक बनाते हैं और गणेश जी की पूजा करते हैं तो घर की सभी प्रकार के नकारात्मक ऊर्जा दूर हो जाती है, इतना ही नहीं बल्कि घर पर आने वाली विपत्ति भी टल जाती है।

नवरात्रि पूजा के दौरान इन चीजों को करें अर्पित

मां दुर्गा की पूजा अर्चना के दिन यानी नवरात्री में आप माता रानी को लाल रंग का कपड़ा और कौड़ी अर्पित कीजिए, इसके पश्चात आप लाल कपड़े में कौड़ी को रखकर अपने घर के धन रखने वाले स्थान पर रख दीजिए। अगर आप यह साधारण सा काम कर लेते हैं तो इससे आपके घर परिवार में हमेशा सुख और संपदा बनी रहेगी। आपके जीवन में जो भी परेशानियां चल रही हैं, उनका समाधान हो जाएगा। मां दुर्गा की कृपा से आप अपना जीवन हंसी-खुशी से व्यतीत कर पाएंगे।