ऐसे करें मां लक्ष्मी की पूजा, धन से जुड़ी समस्या होगी दूर, घर में आएगी सुख-समृद्धि

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं हिंदू धर्म में पूजा पाठ का विशेष महत्व माना जाता है। सप्ताह में हर दिन देवी देवता की पूजा की जाती है। हर दिन किसी न किसी देवी देवता को समर्पित होता है। शास्त्रों के अनुसार देखा जाए तो शुक्रवार का दिन मां लक्ष्मी जी की पूजा उपासना का दिन माना जाता है। इस दिन धन की देवी माता लक्ष्मी जी की उपासना करने का विधान है। ऐसी मान्यता है कि शुक्रवार के दिन अगर मां लक्ष्मी जी की पूजा की जाए तो इससे मां का आशीर्वाद प्राप्त होता है। शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी जी की पूजा करना बहुत ही शुभ माना गया है। यह मां लक्ष्मी से सुख-संपत्ति और वैभव का आशीर्वाद पाने का दिन होता है।

ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, शुक्रवार का दिन शुक्र ग्रह का भी होता है। शुक्र ग्रह को मजबूत बनाने के लिए कई प्रकार के उपाय किए जाते हैं। यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में शुक्र की स्थिति मजबूत है तो इसकी वजह से जीवन में सभी सुखों की प्राप्ति होती है परंतु शुक्र ग्रह अशुभ है तो इसके कारण जीवन में तमाम प्रकार की आर्थिक परेशानियां उत्पन्न होने लगती है और दांपत्य जीवन में भी कड़वाहट आती है। आज हम आपको शुक्रवार के कुछ उपाय बताने जा रहे हैं, जिसकी सहायता से आपके जीवन से धन से जुड़ी हुई परेशानियां दूर होंगी और घर में सुख-समृद्धि आएगी।

1. मां लक्ष्मी जी की पूजा उपासना का सबसे शुभ दिन शुक्रवार का दिन माना गया है। यह दिन धन की देवी मां लक्ष्मी जी को समर्पित है। अगर आप शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी जी की पूजा करते हैं तो इससे धन से संबंधित सारी परेशानियां दूर होती हैं।

2. शुक्रवार के दिन आप सफेद रंग की चीजें जैसे दूध, चावल, दही, चीनी, आटा, मिश्री, सफेद कपड़े, खीर आदि का दान करें। इससे आपको अपने जीवन में शुभ फल की प्राप्ति होगी। शुक्रवार को यह चीजें दान करना बहुत ही शुभ मानी जाती हैं।

3. शुक्रवार का व्रत जरूर करना चाहिए और इस दिन शुक्र से संबंधित चीजों का दान करना चाहिए। इसके साथ ही शुक्र देव के मंत्र “ॐ शुं शुक्राय नम” अथवा “ॐ हिमकुन्दमृणालाभं दैत्यानां परमं गुरुम् सर्वशास्त्रप्रवक्तारं भार्गवं प्रणमाम्यहम्” का जाप कीजिए।

4. अगर आपको सुख-समृद्धि की कामना है तो ऐसे में श्रीयंत्र की पूजा जरूर कीजिए। आपको बता दें कि श्रीयंत्र को माता लक्ष्मी जी का स्वरूप माना जाता है। यह बहुत ही अधिक शुभ फल देने वाला माना गया है। श्रीयंत्र की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है।

5. शुक्रवार के दिन अगर आप मां लक्ष्मी जी की पूजा कर रहे हैं तो आप उनकी पूजा आराधना के दौरान श्री सूक्त का पाठ जरूर कीजिए और मां लक्ष्मी जी को कमल का फूल अर्पित करें। शुक्रवार के दिन आप पीले रंग का कपड़ा लीजिए और उसमें पांच पीली कौड़ी, केसर और एक चांदी के सिक्के को बांधकर अपनी तिजोरी में रख दीजिए। इस उपाय को करने से धन की कमी दूर होती है।

6. धन की देवी माता लक्ष्मी जी की पूजा में केसर और हल्दी का विशेष रूप से इस्तेमाल किया जाता है। शुक्रवार के दिन माता लक्ष्मी जी की पूजा और शुभता लिए हुए केसर या हल्दी के टुकड़े को पर्स में रखने से माता लक्ष्मी जी की कृपा प्राप्त होती है और पर्स पैसों से भरा रहता है।