आर्थिक तंगी के कारण चाय और चूरन बेचकर गुजारा करते थे अन्नू कपूर, पत्नी से दो बार कर चुके हैं शादी

बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता अन्नू कपूर का जन्म 20 फरवरी 1956 को भोपाल मध्यप्रदेश में हुआ था। इन्होंने अपनी बेहतरीन एक्टिंग के बलबूते इंडस्ट्री में अच्छा खासा नाम कमाया है लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में यह मुकाम पाने के लिए उन्होंने अपने जीवन में बहुत संघर्ष किया है। कई कठिनाइयों से गुजरने के बाद वह इस मुकाम तक पहुंच पाएं हैं। अन्नू कपूर बेहतरीन अभिनेता हैं और इन्होंने कई हिंदी फिल्मों में काम किया है। इनका फिल्मी कैरियर बेहद शानदार रहा परंतु एक वक्त ऐसा भी था जब उनको अपना गुजारा चलाने के लिए कभी चाय तो कभी चूरन बेचना पड़ता था। तो चलिए जानते हैं अन्नू कपूर के करियर और निजी जीवन से जुड़ी हुई बातों के बारे में…..

अन्नू कपूर के पिताजी का नाम मदन लाल था। ये एक थिएटर कंपनी चलाते थे। वहीँ अन्नू कपूर की माताजी एक शिक्षिका थीं। उनका परिवार बेहद कठिन समय से गुजरा है। अन्नू कपूर के घर की आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण यह अपनी पढ़ाई भी पूरी नहीं कर पाए थे। आपको बता दें कि उनकी मां महज ₹40 रूपए के वेतन पर एक स्कूल में पढ़ाया करती थीं। घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण अन्नू कपूर ने परिवार का हाथ बटाने का फैसला लिया और वह काम करने के लिए बाहर निकल पड़े। उन्होंने पैसे कमाने के लिए कभी चाय बेचा तो कभी उनको चूरन के नोट भी बेचने पड़े थे।

अन्नू कपूर एक बेहतरीन अभिनेता हैं परंतु यह अभिनेता नहीं बनना चाहते थे बल्कि इनका सपना था कि यह आईएएस ऑफिसर बनें लेकिन आर्थिक तंगी के कारण इनकी पढ़ाई पूरी नहीं हो पाई थी जिसकी वजह से इनका आईएएस अफसर बनने का सपना अधूरा ही रह गया। अन्नू कपूर की किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। आपको बता दें कि अन्नू कपूर ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में साल 1983 में आई फिल्म “मंडी” से डेब्यू किया था परंतु उनको असली पहचान फिल्म “उत्सव” से हासिल हुई थी।

अन्नू कपूर ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में कदम रखने से पहले नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से अभिनय की पढ़ाई की थी। जब उनकी उम्र 23 साल की थी तब उन्होंने एक नाटक के दौरान 70 वर्ष के बुजुर्ग व्यक्ति का किरदार निभाया था। खबरों के अनुसार ऐसा बताया जाता है कि उनके इस किरदार को फिल्मकार श्याम बेनेगल ने बहुत पसंद किया जिसके बाद उनको फिल्म “मंडी” में काम करने का प्रस्ताव दिया था। इस फिल्म के अंदर अन्नू कपूर के अभिनय की लोगों ने खूब प्रशंसा की थी।

अभिनेता अन्नू कपूर ने हिंदी फिल्म जगत की कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है। यह एक अच्छे बॉलीवुड अभिनेता होने के साथ-साथ टीवी इंडस्ट्री के भी जाने-माने चेहरे रहें हैं। अन्नू कपूर ने टीवी पर कई शो होस्ट किए हैं। टेलीविजन शो “अंताक्षरी” उनके यादगार शो में से एक है। अन्नू कपूर को हिंदू शास्त्रों का भी गहरा ज्ञान है। अन्नू कपूर ने अपने करियर में अच्छा खासा नाम कमाया है। अगर हम इनके निजी जीवन की बात करें तो यह अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर भी खूब सुर्खियों में छाए रहे हैं।

आपको बता दें कि अन्नू कपूर ने साल 1992 में अनुपमा कपूर से शादी रचाई थी लेकिन इनकी यह शादी ज्यादा लंबे समय तक नहीं चल पाई और अगले ही साल इन दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद अन्नू कपूर ने साल 1995 में अरुणिता मुखर्जी से विवाह किया था। ऐसा बताया जाता है कि अन्नू कपूर चोरी-चुपके अपनी पहली पत्नी अनुपमा कपूर से होटल में मिलते थे। जब इन सभी बातों की जानकारी अरुणिता मुखर्जी को पता लगी तो उन्होंने अन्नू कपूर से तलाक ले लिया। इसके बाद वर्ष 2008 में अन्नू कपूर ने अपनी पहली पत्नी अनुपमा कपूर से फिर से विवाह कर लिया।