जिनको दूध नहीं पचता वे जानें पीने का सही समय, उम्र के मुताबिक इतना करें दूध का सेवन

दूध का सेवन करना हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक माना गया है। हर उम्र के लोगों के लिए दूध का सेवन बहुत ही आवश्यक माना जाता है। दूध को संपूर्ण आहार बताया गया है। दूध में कैल्शियम, फास्फोरस, प्रोटीन, पोटेशियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं जो हमारे शरीर को कई प्रकार के फायदे पहुंचाते हैं। अगर दूध का सेवन किया जाए तो इससे हमारी हड्डियां मजबूत बनी रहती हैं। इतना ही नहीं बल्कि मांसपेशियां और हमारे दांत भी मजबूत बनते हैं।

अक्सर देखा गया है कि कुछ लोग दूध का सेवन तो करते हैं परंतु उनको दूध पचता नहीं है, जिसकी वजह से वह लोग दूध पीने से परहेज करने लगते हैं। ऐसे लोगों को दूध पीने के बाद पेट में गैस जैसी समस्या उत्पन्न होने लगती है या फिर दूध उनको हजम नहीं हो पाता है। दूध हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही उपयोगी होता है। अगर आप सही समय पर दूध का सेवन करते हैं तो इससे आपको किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।

आपको बता दें कि सभी लोगों का पाचन अलग-अलग होता है इसलिए अलग-अलग समय पर दूध का सेवन कर सकते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से दूध का सेवन करने का सही समय क्या है? और यह कितनी मिकदार में पीना चाहिए, जिससे हमारे स्वास्थ्य को फायदा मिले, इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

जानिए दूध का सेवन कब करने से पाचन रहेगा दुरुस्त

1. ऐसे बहुत से लोग हैं जो दूध पीते हैं परंतु उनको दूध नहीं पचता है। ऐसी स्थिति में उन लोगों को सुबह के समय खाली पेट दूध नहीं पीना चाहिए। अगर खाली पेट दूध का सेवन किया जाए तो इससे एसिडिटी की समस्या होने की संभावना रहती है। आप सुबह के समय नाश्ता करने के बाद दूध का सेवन कर सकते हैं।

2. दूध का सेवन रात में सोने से पहले किया जा सकता है, इससे अच्छी नींद आती है। आपको बता दें कि इसमें ट्रिप्टोफैन नामक एक एमिनो एसिड मौजूद होता है जो नींद में काफी मददगार माना गया है। दूध का सेवन करने से शरीर को आराम मिलता है और नींद लाने वाले हार्मोन (मेलाटोनिन) को यह स्रावित करता है, जिससे आप एक अच्छी नींद ले पाते हैं।

3. हर उम्र के लोगों के लिए शाम को एक गिलास दूध पीना बहुत ही आवश्यक माना गया है। अगर हम आयुर्वेद की दृष्टि से देखें तो दूध का सेवन करने का सही समय रात का होता है। इसलिए आप बिस्तर पर जाने से पहले एक गिलास गर्म दूध का सेवन जरूर करें। इससे शारीरिक और मानसिक तनाव से छुटकारा मिलता है।

जानिए रोजाना कितने दूध का सेवन करना है आवश्यक

आप लोगों में से ज्यादातर लोगों के मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि आखिर व्यक्ति को रोजाना कितना दूध पीना चाहिए? आपको बता दें कि हर व्यक्ति की दूध से जुड़ी हुई जरूरत उसकी उम्र पर निर्भर करती है क्योंकि हर किसी व्यक्ति का एक जैसा पैरामीटर सही नहीं है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की एक रिपोर्ट के अनुसार जिन लोगों की उम्र 18 साल से ज्यादा है उनको रोजाना एक से दो गिलास दूध का सेवन करना चाहिए। इस उम्र में युवाओं को रोजाना 600 मिलीग्राम कैल्शियम की आवश्यकता पड़ती है।

जानिए उम्र के अनुसार कितना दूध पीना चाहिए

  • 1 से 3 साल के उम्र के बच्चों को रोजाना 100 से 200 मिलीलीटर दूध का सेवन करना जरूरी है, इससे शरीर को उचित मात्रा में कैल्शियम प्राप्त होगा।
  • जिन बच्चों की उम्र 4 से 10 साल तक की है उनको रोजाना 200 से 300 मिली मीटर दूध पीना चाहिए।
  • 11 से 18 साल के बच्चों को रोजाना कम से कम तीन कप दूध पीना चाहिए, इससे शरीर और मानसिक विकास तेजी से होता है।
  • जिन लोगों की 18 साल से अधिक उम्र है उनको रोजाना एक से दो गिलास दूध का सेवन करना चाहिए।