कभी दर्ज हुई FIR तो कभी नोचे खुद के बाल, मुनमुन दत्ता का विवादों से रहा है पुराना नाता

28 सितंबर 1987 को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में जन्मी एक्ट्रेस मुनमुन दत्ता 35 साल की हो गई हैं। मुनमुन दत्ता “तारक मेहता का उल्टा चश्मा” शो में बबीता जी का किरदार निभाकर अच्छी खासी लोकप्रियता हासिल कर रही हैं। पिछले 14 सालों से वह इस शो में अपनी धाक जमाए हुए हैं। मुनमुन दत्ता ने इस कॉमेडी शो में बहुत ही बेहतरीन काम किया है और दर्शकों को उनका किरदार बहुत पसंद आता है।

मुनमुन दत्ता अपने अभिनय के अलावा अपनी खूबसूरती के लिए भी मशहूर हैं। मुनमुन दत्ता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और वह अपनी खूबसूरत तस्वीरों को फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं, जिन्हें फैंस के द्वारा काफी पसंद किया जाता है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से मुनमुन दत्ता की जिंदगी से जुड़ी हुई कुछ दिलचस्प बातें बताने जा रहे हैं।

मुनमुन दत्ता का मूवी और टीवी डेब्यू

बचपन से ही मुनमुन दत्ता को एक्ट्रेस बनने का बहुत शौक रहा था। मुनमुन दत्ता ने आकाशवाणी और दूरदर्शन में बतौर चाइल्ड सिंगर परफॉर्म किया था, जिसके बाद वह पुणे आ गई थीं। उन्होंने यहां पर फैशन शोज में भाग लिया। इसके बाद वह मुंबई आ गईं। मुनमुन दत्ता ने मुंबई आने के बाद ज़ी टीवी का शो “हम सब बाराती” से अपने टीवी अभिनय की शुरुआत की थी।

इसके बाद उन्होंने कमल हासन के साथ फिल्म “मुंबई एक्सप्रेस” में भी काम किया। यह फिल्म 2006 में आई थी। मुनमुन दत्ता अभिनेता डीनो मोरिया और कश्मीरा शाह की फिल्म “हॉलीडे” में भी नजर आ चुकी हैं।

पहले ऑडिशन में चिल्ला पड़ीं मुनमुन दत्ता

अपने सबसे पहले ऑडिशन के बारे में बात करते हुए एक बार मुनमुन दत्ता ने इस बात का खुलासा किया था कि वह किसी टीवी शो या फिल्म के लिए नहीं बल्कि उनका पहला ऑडिशन हेयर सीरम के लिए था। उन्होंने यह बताया था कि वह ऑडिशन बहुत ही बुरा था और इसलिए उन्हें अभी तक उसके बारे में याद है।

मुनमुन दत्ता ने बताया था कि उनको ऑडिशन के बारे में कुछ भी नहीं मालूम था। एक शब्द भी नहीं। वह कैमरे के सामने थीं और एक रूम में उनके आसपास कई सारे लोग थे। वहां कास्टिंग डायरेक्टर्स समेत अन्य लोग मौजूद थे। वह काफी घबराई हुई थीं। मुनमुन दत्ता ने बताया कि उन्होंने अपने बाल को पकड़ा और जोर से चिल्लाने लगीं, जिसके बाद उनको रिजेक्ट कर दिया गया था।

कई बार हुआ मुनमुन दत्ता का यौन शोषण

अभिनेत्री मुनमुन दत्ता अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर काफी सक्रिय रहती हैं। इसके साथ साथ वह खुद का यूट्यूब चैनल भी चलाती हैं। दोनों ही जगह पर उन्हें मिलियन में लोग फॉलो करते हैं। मुनमुन दत्ता ने साल 2017 में जब #MeToo मूवमेंट चल रहा था तब उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट शेयर करते हुए लोगों को एक किस्सा साझा किया था। मुनमुन दत्ता ने इस बात का खुलासा किया था कि उनका बचपन में यौन शोषण हुआ था।

मुनमुन दत्ता ने अपने पोस्ट के जरिए यह बताया था कि ऐसा करने वाला इंसान उनका पड़ोसी अंकल था, जो उम्र में काफी बड़े कजिन और टीचर्स थे। मुनमुन दत्ता ने अपनी पोस्ट में यह बताया था कि अंकल ने 13 साल की उम्र में उन्हें गलत तरीके से छुआ और इस बारे में कभी ना बताने के लिए धमकाया था।

वहीं ट्यूशन टीचर ने उनके पैंट में हाथ तक डाला था। वहीं दूसरे टीचर ने, जिसे वह राखी बांधती थीं, वह फीमेल स्टूडेंट्स की ब्रा स्ट्रैप खींचता और उनके ब्रेस्ट पर थप्पड़ मारता। वहीं ट्रेन में एक आदमी उनके बैक को चिकोटी काटता था। कजिन, जिनकी बेटियां थीं, वह तक एक्ट्रेस को गंदी नजरों से देखते थे। इसी वजह से आदमियों से मुनमुन दत्ता को नफरत हो गई थी।

मुनमुन दत्ता पर केस हुआ था दर्ज

आपको बता दें कि मुनमुन पर हिसार पुलिस स्टेशन में एफआईआर तक दर्ज हो चुकी है। दरअसल, अभिनेत्री पर एक बार दलित समुदाय के लोगों पर जातिसूचक टिप्पणी करने का आरोप लगा था, जिसके बाद एफआईआर दर्ज हुई। फिर पुलिस ने करीब 4 घंटे स्टेशन में बैठा कर उनसे पूछताछ की। बाद में जमानत पर उन्हें छोड़ दिया गया था।

ऐसा बताया जा रहा था कि उनको गिरफ्तार कर लिया गया है परंतु अभिनेत्री ने खुद बाद में यह बताया कि वह थाने में सिर्फ रूटीन पूछताछ के लिए गई थीं। अभिनेत्री ने पोस्ट के जरिए इस जानकारी को शेयर की थी कि उनको कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई थी। इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने इस पर माफी भी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने यह जानबूझकर नहीं किया था, उनका इरादा किसी को दुख पहुंचाने का नहीं था।

राज अनादकट से जुड़ा था मुनमुन दत्ता का नाम

मुनमुन दत्ता का एक बार नाम “तारक मेहता का उल्टा चश्मा” में टप्पू का किरदार निभा रहे राज अनादकट से भी जुड़ चुका है। दरअसल, इन दोनों की उम्र के बीच 9 साल का फासला था, जिसके बाद लोगों ने इन्हें काफी ट्रोल भी किया था। हालांकि, बाद में अभिनेत्री ने इन सब से इनकार किया था और सबकी खूब क्लास लगाई थी।

मुनमुन दत्ता का नेट वर्थ

अगर हम मुनमुन दत्ता के नेट वर्थ की बात करें तो मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी नेट वर्थ 2 मिलियन डॉलर है यानी भारतीय मुद्रा में देखा जाए तो यह 14 करोड़ रुपए होते हैं। इंडिया डॉट कॉम के अनुसार, मुनमुन दत्ता एक एपिसोड के लिए 35 से 50 हजार रुपए फीस लेती हैं यानी महीने के 7 से 10 लाख रुपए के बीच यह कमा लेती हैं। वहीं यूट्यूब के जरिए भी सालाना करोड़ों रुपए की कमाई होती है।