धनतेरस पर इन चीजों को खरीदना होता है बेहद शुभ, जानिए क्या खरीदें और क्या नहीं

कार्तिक महीना आरंभ हो चुका है और इसी के साथ दीपावली की तैयारियां भी जोरों शोरों से शुरू हो चुकी हैं। दीपावली से कई दिन पहले लोग अपने घर की साफ सफाई करने लगते हैं और दिवाली के लिए लोग खरीदारी भी शुरू कर देते हैं। विशेष रूप से धनतेरस पर की जाने वाली खरीदारी को लेकर लोग पहले से ही प्लानिंग करने लगते हैं। धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है। बता दें कि भगवान धन्वंतरी हाथों में अमृत से भरा हुआ कलश लेकर प्रकट हुए थे इसलिए इस दिन धन खरीदने की मान्यता है।

धनतेरस वाले दिन लोग सोने, चांदी से बनी हुई चीजें खरीदते हैं। दिवाली के दो दिन पहले धनतेरस का त्यौहार बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। अगर आप धनतेरस की खरीदारी की योजना बना रहे हैं तो आपको पहले यह पता होना चाहिए कि धनतेरस पर क्या खरीदना शुभ होता है और किन चीजों को खरीदने से हानि हो सकती है। इस बार 2 नवंबर 2021 को धनतेरस है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से धनतेरस पर किन चीजों की खरीदारी करना शुभ होता है और किन चीजों की खरीदारी नहीं करनी चाहिए इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

लक्ष्मी और गणेश जी की मूर्ति

धनतेरस के दिन धन की देवी माता लक्ष्मी जी और भगवान गणेश जी की मूर्ति खरीदना बहुत ही शुभ माना जाता है। आप धनतेरस पर लक्ष्मी गणेश की फोटो वाला चांदी का सोने का सिक्का खरीद लीजिए। इससे मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और इनकी कृपा से धन से जुड़ी हुई परेशानियां दूर हो जाती हैं।

चांदी या पीतल के बर्तन

ऐसी मान्यता है कि अगर धनतेरस के दिन खरीदारी की जाए तो यह बहुत ही शुभ माना जाता है। यह दिन धन-समृद्धि बरसाने वाला माना गया है। इस दिन जिन चीजों की खरीदारी की जाती है, वह शुभ फल देती है। इतना ही नहीं बल्कि मां लक्ष्मी जी की कृपा पाने के लिए धनतेरस के दिन कुछ खास चीजें खरीदने की परंपरा है। आप चांदी या पीतल के बर्तन खरीद सकते हैं। यह चीजें खरीदने से पूरे साल पैसों की तंगी का सामना नहीं करना पड़ता है।

कुबेर यंत्र और श्रीयंत्र

अगर आप अपने जीवन से धन से जुड़ी हुई परेशानियों को दूर करना चाहते हैं तो ऐसी स्थिति में धनतेरस के दिन कुबेर यंत्र और महालक्ष्मी यंत्र जरूर खरीदें, यह बहुत ही शुभ माना जाता है। अगर धनतेरस के दिन श्री यंत्र को घर या दुकान की तिजोरी में रखा जाए तो इससे पूरे साल पैसे की बरसात होती है।

धनिए के बीज

धनतेरस वाले दिन धनिया के बीज खरीदना बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इससे पूरे साल घर में बरकत बनी रहती है। अगर आप पूजा में धनिया के बीज का इस्तेमाल करके इसे तिजोरी में रखते हैं तो यह बहुत ही शुभ होता है।

झाड़ू

झाड़ू को माता लक्ष्मी जी का ही प्रतीक माना जाता है। अगर आप धनतेरस पर नई झाड़ू खरीदते हैं तो यह बहुत ही शुभ माना गया है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई झाड़ू पैसों की तंगी, बीमारियों को खत्म करती है। इतना ही नहीं बल्कि धन-संपत्ति को दिलाने में भी यह बहुत ही शुभ मानी गई है।

धनतेरस पर इन चीजों को नहीं खरीदना चाहिए

धनतेरस वाले दिन चीजों की खरीदारी करना बहुत ही शुभ माना जाता है परंतु कुछ चीजें ऐसी हैं, जिनकी खरीदारी धनतेरस के दिन भूलकर भी नहीं करनी चाहिए। आप इस दिन लोहे की चीजें भूलकर भी ना खरीदें क्योंकि इसकी वजह से दुर्भाग्य आता है। बता दें कि लोहे का संबंध शनि से होता है। इसके अलावा चीनी मिट्टी से बनी हुई चीजों को भी धनतेरस के दिन नहीं खरीदना चाहिए। इसकी वजह से जीवन में निर्धनता आती है।