91 साल की उम्र में कोरोना से मिल्खा सिंह का हुआ निधन, बॉलीवुड सितारों ने जताया शोक

91 साल की उम्र में भारत के महान धावक मिल्खा सिंह का कोरोना वायरस से निधन हो गया है। आपको बता दें कि मिल्खा सिंह की तबीयत बीते दिन काफी खराब हो गई थी। खबरों के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि मिल्खा सिंह को काफी तेज बुखार था और उनका ऑक्सीजन लेवल भी काफी कम हो गया था। कोरोना संक्रमित होने के बाद 91 साल के मिल्खा सिंह को अस्पताल में एडमिट कराया गया, जिसके बाद अब उनका निधन हो चुका है। मिल्खा सिंह ने चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में अंतिम सांस ली।

खबरों के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि बुधवार को मिल्खा सिंह की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई थी जिसके बाद उनको कोविड-19 से सामान्य आईसीयू में ट्रांसफर कर दिया गया था परंतु गुरुवार को उनकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई थी। बता दें कि इसी हफ्ते मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह का कोरोना से 85 वर्ष की उम्र में निधन हुआ है। उस समय के दौरान मिल्खा सिंह पीजीआई अस्पताल के आईसीयू में एडमिट थे, जिसकी वजह से वह अपनी पत्नी के दाह संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। मिल्खा सिंह के निधन के बाद देशभर में शोक की लहर है। इसी बीच बॉलीवुड के सितारों ने भी फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह के निधन पर शोक जताया है।

बॉलीवुड इंडस्ट्री के किंग खान यानी शाहरूख खान ने मिल्खा सिंह के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए यह लिखा है कि “फ्लाइंग सिख अब एक व्यक्ति के रूप में हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनकी उपस्थिति हमेशा महसूस की जाएगी और उनकी विरासत बेजोड़ रहेगी। मेरे लिए एक प्रेरणा,… मिलियन लोगों के लिए एक प्रेरणा,…. रेस्ट इन पीस मिल्खा सिंह सर।”

बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर कलाकार अक्षय कुमार ने मिल्खा सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपने ट्विटर हैंडल अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर यह लिखा है कि “मिल्खा सिंह जी के निधन के बारे में सुनकर अविश्वसनीय रूप से दुखी हूं। एक ऐसा किरदार जिसका मुझे हमेशा पर्दे पर ना निभाने का पछतावा होता है। आप स्वर्ग में भी सुनहरी दौड़ लगाएं। फ्लाइंग सिख। ओम शांति सर।”

बॉलीवुड इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा प्रियंका चोपड़ा ने भी मिल्खा सिंह के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए यह लिखा है कि “गर्मजोशी और स्वागत। आपने हमारी पहली मुलाकात को स्पेशल बना दिया था। मैं आपकी श्रेष्ठा से प्रेरित हूं। आपकी विनम्रता से प्रभावित हूं। हमारे देश के लिए आपके योगदान से प्रभावित हूं। ओम शांति मिल्खा जी। परिवार के लिए प्यार और प्रार्थना।”

मधुर भंडारकर ने एक ट्वीट के माध्यम से यह लिखा है कि “मिल्खा सिंह जी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। एक महान प्रेरणा हमेशा हमारे दिलों में रहेगी। ओम शांति।”

आपको बता दें कि मिल्खा सिंह 4 बार के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं और उनके निधन से सबको अचानक झटका लगा है। फ्लाइंग सिख के निधन पर खेल जगत से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री के बड़े बड़े सितारे तक सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और राष्ट्रपति ने भी उनको श्रद्धांजलि दी है।