Mahashivratri 2021: मनोकामना के अनुसार करें भगवान शिव का अभिषेक, मनचाहे फल की होगी प्राप्ति

हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि के पर्व का बहुत महत्व है। इस बार महाशिवरात्रि का पर्व 11 मार्च 2021 को मनाया जाएगा। महाशिवरात्रि पर देवों के देव महादेव की विशेष रूप से पूजा अर्चना की जाती है। ऐसा माना जाता है कि भगवान शिवजी स्वभाव के बहुत ही भोले हैं इसलिए इनको भोलेनाथ भी कहा जाता है। जो भक्त अपने सच्चे मन से इनकी भक्ति आराधना करता है उनके ऊपर इनकी कृपा दृष्टि बनी रहती है। भगवान शिवजी को प्रसन्न करने के लिए किसी भी कीमती चीज की आवश्यकता नहीं है। अगर भक्त अपने सच्चे मन से इनको एक लोटा जल भी अर्पित कर देता है तो उसी में देवों के देव महादेव प्रसन्न हो जाते हैं।

आपको बता दें कि महाशिवरात्रि की पूजा आराधना का फल प्रदोष काल में ही श्रेष्ठ माना जाता है। त्रयोदशी तिथि का अंत और चतुर्दशी तिथि के आरंभ का संधिकाल ही इनकी परम अवधि है। वैसे देखा जाए तो शिवरात्रि हर महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाई जाती है परंतु फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को महाशिवरात्रि के रूप में लोग मनाते हैं। अगर आप महाशिवरात्रि पर भगवान शिवजी को प्रसन्न करना चाहते हैं तो आप अपनी अलग-अलग मनोकामनाओं के अनुसार भगवान शिव जी का अभिषेक करें। इससे आपको मनचाहे फल की प्राप्ति होगी।

शिवलिंग पर कच्चा दूध अर्पित करें

अगर आप भगवान शिव जी को जल्द प्रसन्न करना चाहते हैं और भगवान से मनचाहा वरदान प्राप्त करना चाहते हैं तो इसके लिए आप महाशिवरात्रि पर शिवलिंग पर कच्चा दूध अर्पित करें। अगर आप कच्चे दूध से भगवान शिव जी का अभिषेक करते हैं तो इससे आरोग्य की प्राप्ति होती है, इतना ही नहीं बल्कि संतान सुख की भी प्राप्ति होती है।

पवित्र नदी के जल से शिव का करें अभिषेक

अगर आपके जीवन की परेशानियां पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रही हैं तो ऐसी स्थिति में महाशिवरात्रि पर भगवान शिव जी का किसी भी पवित्र नदी के जल से “ओम नमः शिवाय” मंत्र का जाप करते हुए अभिषेक कीजिए, इससे जीवन के सभी दु:ख दूर होंगे।

भगवान शिव का गाय के घी से अभिषेक करें

महाशिवरात्रि पर अगर आप भगवान शिव जी का अभिषेक गाय के घी से करते हैं तो इससे धन में वृद्धि और लंबी आयु की प्राप्ति होती है इतना ही नहीं बल्कि भगवान शिव जी शीघ्र प्रसन्न होते हैं और आपकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।

भगवान शिव का सरसों के तेल से करें अभिषेक

अगर आप महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव जी का सरसों के तेल से अभिषेक करते हैं तो इससे ग्रह दोष और शत्रु बाधा दूर होती है। भगवान शिवजी की पूजा करने से शत्रुओं का नाश होता है।

शिवलिंग पर शहद से अभिषेक करें

अगर आप महाशिवरात्रि पर अपने सच्चे मन से शिवलिंग पर शहद से अभिषेक करते हैं तो इससे सभी पापों से छुटकारा मिलता है।

चंदन से अभिषेक करें

अगर आप भगवान शिव जी की कृपा प्राप्त करना चाहते हैं तो इसके लिए महाशिवरात्रि पर उनका चंदन से अभिषेक जरूर कीजिए। अगर आप शिवलिंग पर चंदन अर्पित करते हैं तो इससे आपको सौभाग्य की प्राप्ति होगी, इतना ही नहीं बल्कि समाज में मान-सम्मान और ऐश्वर्या भी मिलता है।