मृत प्रेमिका के अंतिम संस्कार पर युवक ने भरी उसकी मांग, ताउम्र कुंवारा रहने की खाई कसम

ऐसा कहा जाता है कि प्यार की कोई सीमा नहीं होती। जब किसी को किसी से प्यार हो जाता है, तो वह अपने प्यार को पाने के लिए सारी दुनिया से भी लड़ने को तैयार रहता है। जो प्यार करने वाला है, वही समझ सकता है कि प्यार क्या होता है। हम सभी लोगों ने प्यार की बहुत सी कहानियां सुनी होंगी। कहते हैं कि प्यार को किसी सीमा में नहीं बांधा जा सकता है और प्यार अगर सच्चा हो तो वह मरने के बाद भी अमर रहता है।

इसी बीच आज हम आपको असम में हुई एक घटना के बारे में बताने जा रहे हैं, जो काफी हैरान कर देने वाली है। यहां पर एक युवक ने अपनी प्रेमिका की अंतिम विदाई वाले दिन उसकी मांगभर कर उससे शादी कर ली। सोशल मीडिया पर असम में हुई यह भावुक कर देने वाली घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। एक युवक ने समाज के बनाए सारे नियम कानून को ताक पर रखकर अपनी प्रेमिका से अंतिम संस्कार वाले दिन उससे शादी कर ली है।

मृत शरीर से की शादी

मिली जानकारी के मुताबिक, असम के मोरी गांव के रहने वाले 27 साल के बिटुपन तमुली का अफेयर चापरमुख के कोसुआ गांव की 24 वर्षीय प्रार्थना बोरा से कई सालों से चल रहा था। लेकिन कुछ समय पहले प्रार्थना बीमार रहने लगी और उसके बाद उसे गुवाहाटी के एक निजी अस्पताल में एडमिट कराया गया था, जहां पर शुक्रवार 18 नवंबर पर को उसकी मृत्यु हो गई।

अब असली प्रेम कहानी यहीं से शुरू होती है। बीमारी के बाद प्रार्थना तो मर गई लेकिन वह बिटुपन के दिल की मोहब्बत को नहीं मार सकी। भले ही प्रार्थना की मृत्यु की खबर सुनकर बिटुपन बिल्कुल टूट गए। जब उन्होंने प्रार्थना की मृत्यु की खबर सुनी तो फौरन उसके घर पहुंचे और अपनी प्रेमिका के दुल्हन बनने की इच्छा पूरी करने के लिए उसके मरे हुए शरीर से ही शादी रचाई। ऐसा बताया जा रहा है कि यह युवक काफी रो रहा था और उसे संभालना बहुत मुश्किल हो रहा था।

आपको बता दें कि बिटुपन ने अपनी मृत प्रेमिका के अंतिम संस्कार में शादी कर ली। उसने ना केवल उसकी मांग में सिंदूर भरा बल्कि जीवन भर कुंवारा रहने की कसम भी खा ली। जब लोगों को यह खबर सुनने को मिली, तो सभी की आंखें नम हो गई। अपने प्यार के लिए जीने मरने की कसमें खाने वाले जोड़े का ऐसा दर्दनाक अंत देखकर हर किसी की आंखों से आंसू छलक पड़े थे।

आपको बता दें कि लड़की की रिश्तेदार सुभोन बोरा ने कहा कि मेरी बहन भाग्यशाली थी। वह बिटुपन से शादी करना चाहती थी और लड़के ने उसकी अंतिम इच्छा पूरी कर दी। सोशल मीडिया पर भी इसका वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक लड़की के गालों और माथे पर ठीक वैसे ही सिंदूर लगा रहा है जैसे कोई अपनी नवविवाहित दुल्हन को सिंदूर लगाता है। इस युवक ने यह साबित कर दिया है कि सच्चा प्यार किसी एक के खत्म हो जाने पर भी अमर रहता है।