बिना दहेज ₹1 में तय किया रिश्ता, लेकिन दहेज में नहीं दी क्रेटा तो तोड़ दी शादी, जानिए पूरा मामला

दहेज हमारे आधुनिक समाज का एक अभिशाप ही है। लड़की की शादी के अवसर पर वर पक्ष को मुंहमांगी सामग्री और धन देने की कुप्रथा को हम दहेज प्रथा के रूप में जानते हैं। प्राचीन काल से ही यह प्रथा चली आ रही है परंतु अब इसको समाप्त करने का समय आ गया है। भले ही दहेज प्रथा के खिलाफ कितने भी कड़े कानून क्यों ना बनाए गए हों, लेकिन फिर भी कई लालची लोग ऐसे हैं, जो अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं।

भले ही आज दुनिया 21वीं सदी में प्रवेश कर रही है लेकिन आज भी दहेज के लोभी लड़कियों के अरमानों पर पानी फेर रहे हैं। अक्सर हम सभी लोग दहेज से जुड़ी हुई कई खबरें सुनते रहते हैं, जहां पर कई घरों में दहेज के नाम पर लड़कियों के साथ बुरा व्यवहार किया जाता है। इतना ही नहीं बल्कि कई मामले ऐसे भी सामने आ चुके हैं, जहां पर लड़कियों की बारात मंडप से ही लौट जाती है।

अब इसी बीच कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें ₹1 में शादी तय हुई थी लेकिन बाद में मनपसंदीदा कार नहीं मिलने पर शादी तोड़ दी। दरअसल, आज हम आपको जिस मामले के बारे में बता रहे हैं यह मामला हरियाणा के सोहना से सामने आया है। यहां पर क्रेटा गाड़ी ना मिलने पर सात फेरे लेने से एक दिन पहले लड़के ने शादी करने से मना कर दिया।

पीड़ितों का आरोप है कि एक रुपए का रिश्ता कहकर वर पक्ष के लोग लगातार डिमांड बढ़ा रहे थे। लगन के एक दिन पहले क्रेटा गाड़ी की मांग पूरी ना होने पर उन्होंने रिश्ता तोड़ दिया। सोहना पुलिस ने इस मामले में लड़का और उसके पिता व उसके चाचा के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, अभी तक इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। वहीं पीड़िता का यह आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी पक्ष लगातार उन्हें धमकियां दे रहे हैं।

एक रुपए में शादी की थी तय

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला हरियाणा राज्य के सोहना इलाके का बताया जा रहा है। यहां के गहलोत विहार की रहने वाली गरिमा जांगड़ा की शादी बीते साल दिल्ली के उत्तम नगर निवासी रोबिन के साथ तय हुई थी। शादी तय होते समय मात्र एक रुपए लेने की बात हुई। वहीं जुलाई के महीने में धूमधाम से रिंग सेरेमनी भी हुई।

लेकिन लड़का पक्ष के लोगों ने बाद में दहेज की डिमांड की। शुरुआत में लड़की वालों से जेवर देने की बात कही गई। बाद में बात नगद रुपए देने तक पहुंच गई। वहीं लड़की वाले भी उनकी हर मांग को पूरी करते गए। लेकिन यह सिलसिला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा था।

क्रेटा गाड़ी का टॉप मॉडल नहीं मिला तो तोड़ दिया रिश्ता

आपको बता दें कि 18 फरवरी के लिए शादी तय थी। 16 फरवरी को जब लड़की ने हाथों में मेहंदी लगाकर हल्दी की रस्म की गई, तो उसी दौरान लड़के पक्ष के लोगों ने क्रेटा गाड़ी की डिमांड लड़की वालों से की। किसी तरह लड़की पक्ष ने क्रेटा गाड़ी का भी इंतजाम कर लिया लेकिन लड़के पक्ष ने यह बोलकर शादी से मना कर दिया कि क्रेटा में उसे टॉप मॉडल की ही गाड़ी चाहिए।

पुलिस में शिकायत के बाद लगातार दे रहे धमकी

पीड़िता ने सोहना थाने में इस पूरे मामले को लेकर एक शिकायत दर्ज की। वहीं पुलिस ने भी इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। लड़की पक्ष के लोगों द्वारा यह बताया गया कि मामला दर्ज होने के बाद लगातार लड़के पक्ष के लोग उन्हें धमकी दे रहे हैं। वह वीडियो डालकर उन्हें फंसाने की बात कर रहे हैं। लड़का आत्महत्या की बात कह उन्हें फंसाने का प्रयास कर रहा है। इसे लेकर लड़की पक्ष ने इसकी एक शिकायत सोहना थाने में भी दी है।