इस दिन है मासिक शिवरात्रि, भोलेबाबा को प्रसन्न करने के लिए ऐसे करें पूजा, मनोकामनाएं होंगी पूर्ण

हिंदू पंचांग के अनुसार, हर माह में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मासिक शिवरात्रि मनाई जाती है। इस महीने 10 फरवरी को मासिक शिवरात्रि का व्रत किया जाने वाला है। हिंदू धर्म के अनुसार देखा जाए तो महाशिवरात्रि का तो बहुत महत्व माना गया है परंतु हर महीने पड़ने वाली शिवरात्रि का भी बहुत महत्व बताया जाता है। ऐसा माना जाता है कि मासिक शिवरात्रि देवों के देव महादेव की कृपा पाने का बहुत ही शुभ दिन होता है। अगर इस दिन विधि-विधान पूर्वक व्रत, पूजा की जाए तो इससे भोले बाबा की कृपा मिलती है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देखा जाए तो जो व्यक्ति मासिक शिवरात्रि के दिन व्रत और पूजा करता है उसके घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। इस दिन व्रत और पूजा करने वाले लोगों की भोलेनाथ सारी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से मासिक शिवरात्रि की पूजा विधि और इसके महत्व के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

जानिए पूजा विधि

1. मासिक शिवरात्रि के शुभ दिन आप सूर्य उदय से पहले उठ जाएँ और स्नान आदि से निवृत होने के पश्चात साफ-सुथरे वस्त्रों का धारण करके व्रत का संकल्प लीजिए।

2. मासिक शिवरात्रि के दिन अगर संभव हो सके तो आप किसी शिव मंदिर में जरूर जाएं और वहां जाकर भगवान शिव जी की सपरिवार माता पार्वती, भगवान श्री गणेश, कुमार कार्तिकेय और नंदी महाराज की भी पूजा कीजिए।

3. मासिक शिवरात्रि के दिन शिवलिंग पर जल, शुद्ध घी, दूध, शक्कर, शहद, दही आदि चीजों से शिव के पंचाक्षरी मंत्र का उच्चारण करते हुए अभिषेक कीजिए।

4. आप शिवलिंग पर बेलपत्र, धतूरा और श्रीफल चढ़ाएं।

5. भगवान शिव जी की पूजा करने के पश्चात शिव पुराण, शिव स्तुति, शिव चालीसा, शिव श्लोक और शिव अष्टक आदि का पाठ करें, इससे आपको शुभ फल की प्राप्ति होगी।

6. आपको बता दें कि शिवरात्रि के दिन रात के समय जागरण का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु रात को जागकर भगवान शिव जी की पूजा करें।

जानिए शिवरात्रि का महत्व

धार्मिक दृष्टि से मासिक शिवरात्रि के महत्व के बारे में देखा जाए तो जिन लोगों के विवाह में किसी प्रकार की बाधा या विलंब हो रहा है तो उनके लिए मासिक शिवरात्रि का व्रत बहुत ही शुभ फलदायक बताया गया है। अगर इस व्रत को किया जाए तो इससे विवाह में उत्पन्न हो रही सभी प्रकार की अड़चनें दूर हो जाती हैं इतना ही नहीं बल्कि ऐसी भी मान्यता है कि इस दिन व्रत और विधि विधान पूर्वक पूजा की जाए तो कर्जो से भी छुटकारा मिलता है। मासिक शिवरात्रि की तिथि भगवान शिव जी को खुश करने का बहुत ही शुभ दिन माना गया है। आप इस दिन इनकी पूजा आराधना करके इनको प्रसन्न कर सकते हैं। ऐसा माना जाता है कि भोलेनाथ अपने भक्तों के सभी कष्ट दूर करते हैं और उनका जीवन खुशहाल बनाते हैं।

उपरोक्त आपको मासिक शिवरात्रि कब है, पूजा विधि और इसके महत्व के बारे में जानकारी दी गई है। धार्मिक शास्त्रों के अनुसार मासिक शिवरात्रि भोलेबाबा को प्रसन्न करने का शुभ दिन माना जाता है। आप उपरोक्त बताई गई विधि से पूजा करके महादेव का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं इससे आपके जीवन की कई परेशानियां दूर होंगी और भगवान आपकी मनोकामना पूरी करेंगे।