लड़कियों पर मुकेश खन्ना ने की अभद्र टिप्पणी, सोशल मीडिया यूजर्स ने लगाई लताड़

मुकेश खन्ना टेलीविजन इंडस्ट्री के एक बहुत प्रसिद्ध और सफल अभिनेता हैं। मुकेश खन्ना टीवी शोज ही नहीं बल्कि बॉलीवुड में भी काम कर चुके हैं और उन्होंने अपने बेहतरीन अभिनय के दम पर अपनी एक अलग ही पहचान बनाई है। मुकेश खन्ना भारत के पहले सुपरहीरो थे, जिन्होंने दूरदर्शन चैनल पर प्रसारित होने वाला एक बहुत प्रसिद्ध सुपरहीरो टेलीविजन शो “शक्तिमान” में शक्तिमान का किरदार निभाया था।

ये शो बच्चों का सबसे पसंदीदा रहा है। इस शो में शक्तिमान का किरदार निभाकर मुकेश खन्ना ने अच्छी खासी लोकप्रियता हासिल की। शक्तिमान के किरदार से मुकेश खन्ना ने देश के तमाम बच्चों के दिल में एक अलग ही जगह बना ली है। इस शो के माध्यम से मुकेश खन्ना घर-घर में पहचाने जाने लगे।

बता दें कि अभिनेता मुकेश खन्ना इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। वह सोशल मीडिया पर अक्सर किसी न किसी विषय पर अपनी राय रखते रहते हैं। हाल ही में अभिनेता का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कुछ ऐसी बातें कह रहे हैं, जिसे सुनने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स बुरी तरह से भड़क गए हैं और अभिनेता को आड़े हाथों लिया।

मुकेश खन्ना अपने विवादित बयानों की वजह से अक्सर सुर्खियों का विषय बने रहते हैं और वह हर बार कुछ ऐसा कह देते हैं जिसकी वजह से वह ट्रोल्स के निशाने पर आ जाते हैं। इस बार मुकेश खन्ना ने लड़कियों को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी है, जिसकी वजह से लोगों ने उन्हें खूब खरी-खोटी सुनाई है। तो चलिए जानते हैं आखिर सबके फेवरेट शक्तिमान ने ऐसा क्या कह दिया? जिसके चलते वह चर्चा में आ गए हैं।

मुकेश खन्ना ने लड़कियों पर की अभद्र टिप्पणी

दरअसल, मुकेश खन्ना का एक वीडियो सामने आया है, जो इन दिनों काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मुकेश खन्ना कहते हुए नजर आ रहे हैं कि अगर कोई लड़की किसी लड़के से कहे कि मैं तुम्हारे साथ संबंध बनाना चाहती हूं तो वो उसका धंधा है, क्योंकि कोई सभ्य समाज की लड़की ऐसा नहीं कह सकती है। जो लड़की ऐसा कहती है वो निर्लज्ज है, इसलिए आप उसके पाप में भागीदार मत बनिए। अभिनेता मुकेश खन्ना अपने इसी बयान की वजह से सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं। उनकी यह बातें सुनने के बाद यूजर्स भड़क गए हैं।

बुरी तरह से ट्रोल हुए मुकेश खन्ना

एक यूजर ने यह लिखा कि “जब शक्ति और मान दोनों लीव पर हों।” वहीं एक अन्य यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए यह लिखा कि “ठीक है कूल, अब एक वीडियो बनाओ सभ्य समाज का लड़का।” इतना ही नहीं बल्कि एक और यूजर ने लिखा “लड़कों के बारे में कुछ नहीं कहा।” एक और यूजर ने यह लिखा कि “सॉरी शक्तिमान, इस बार आप गलत हो।” इसी तरह से लगातार सोशल मीडिया यूजर्स मुकेश खन्ना को ट्रोल कर रहे हैं।

मुकेश खन्ना का वर्क फ्रंट

अगर हम मुकेश खन्ना के वर्क फ्रंट की बात करें, तो अभिनेता मुकेश खन्ना अपने शो शक्तिमान को लेकर फिल्म बनाने वाले हैं। उन्होंने फिल्म का टीजर रिलीज करके इस बात की घोषणा की है। हालांकि, अभी तक इसे लेकर अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। शक्तिमान की स्टारकास्ट के बारे में भी अभी तक कोई जानकारी नहीं बताई गई है। यह फिल्म 300 करोड़ के बजट के साथ बनने वाली ,है यह बात खुद मुकेश खन्ना ने बताई है।