इस दिन मनाई जाएगी नृसिंह जयंती, व्रत रखने से हर संकट से मिलती है मुक्ति, जानिए पूजा विधि

25 मई 2021 को नृसिंह जयंती पड़ रही है। आपको बता दें कि हर साल वैशाख मास में शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को नृसिंह जयंती मनाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देखा जाए तो नृसिंह भगवान विष्णु जी के 12 अवतारों में से छठे अवतार हैं। वैशाख मास में शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को जगत के पालनहार भगवान विष्णु जी ने अपने भक्त प्रहलाद की रक्षा करने के लिए आधे नर और आधे सिंह का अवतार लिया था, जिसको नृसिंह अवतार के नाम से जाना जाता है।

अगर नृसिंह जयंती के दिन भगवान विष्णु जी के साथ-साथ भगवान शिव जी की पूजा की जाए तो इससे नृसिंह भगवान अत्यधिक प्रसन्न होते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से नृसिंह जयंती शुभ मुहूर्त, महत्व और इसकी पूजा विधि के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

जानिए नृसिंह जयंती शुभ मुहूर्त

वैशाख शुक्ल पक्ष चतुर्दशी आरंभ- 25 मई 2021 को अंधेरे सुबह 12:30 बजे से

वैशाख शुक्ल पक्ष चतुर्दशी समाप्त- 25 मई 2021 को रात 08:35 बजे पर

ब्रह्म मुहूर्त- 04:10 बजे से 04:57 बजे तक

अभिजीत काल- सुबह 11:57 बजे से दोपहर 12:50 बजे तक

अमृत काल- रात 08:27 बजे से 09:51 बजे तक

जानिए व्रत पूजा विधि

1. अगर आप नृसिंह जयंती पर व्रत कर रहे हैं तो आप चतुर्दशी तिथि को सुबह के समय उठकर पूरे घर की अच्छी तरह से साफ सफाई कर लीजिए। उसके पश्चात आप स्नान आदि से निवृत होने के पश्चात साफ-सुथरे कपड़े धारण करें।

2. इसके बाद आप भगवान का स्मरण करते हुए व्रत का संकल्प लीजिए।

3. इसके बाद आप शुभ मुहूर्त में पूजा के स्थल पर गोबर लीपें और कलश स्थापित करके अष्टदल कमल बना लीजिए।

4. इसके बाद आप अष्टदल पर सिंह, भगवान नृसिंह और लक्ष्मी जी की मूर्ति स्थापित कीजिए। इसके बाद आप भगवान नृसिंह और माता लक्ष्मी जी का षोडशोपचार पूजन कीजिए और पूरे दिन ईश्वर का स्मरण करते हुए व्रत कीजिए।

5. इसके बाद आप दूसरे दिन सुबह के समय स्नान करने के पश्चात पूजा कीजिए और ब्राह्मण को भोजन कराएं। जब ब्राह्मण को भोजन करा लें तो उसके पश्चात आप उनको दान दक्षिणा देकर विदा कीजिए और स्वयं भी व्रत का पारण कीजिए।

जानिए नृसिंह जयंती का महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नृसिंह जयंती का दिन बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसा बताया जाता है कि नृसिंह भगवान अपने भक्तों की हर संकट और भय से रक्षा करते हैं। अगर इस दिन विधि-विधान पूर्वक इनकी पूजा अर्चना की जाए तो इससे जीवन में जो भी दु:ख तकलीफ चल रही है उनसे छुटकारा मिलता है। भगवान नृसिंह की कृपा से जीवन के सभी प्रकार के कष्ट दूर हो जाते हैं। इतना ही नहीं बल्कि शत्रुओं से भी मुक्ति प्राप्त होती है।

उपरोक्त आपको नृसिंह जयंती तिथि, शुभ मुहूर्त, समय, व्रत पूजा विधि और महत्व के बारे में जानकारी दी गई है। अगर आप इस दिन विधि विधान पूर्वक व्रत पूजा करते हैं तो इससे आपके ऊपर भगवान नृसिंह की कृपा दृष्टि बनी रहेगी, जिससे जीवन के सारे संकट दूर हो जाएंगे। ऐसी मान्यता है कि इस दिन का व्रत करने वाले व्यक्ति के सारे दुख भगवान दूर करते हैं और व्यक्ति के जीवन में खुशियां आती हैं।