सावन में शिवलिंग पर चढ़ाएं ये पत्ते, दुर्भाग्य होगा दूर, शिवजी मनोकामना करेंगे पूरी

सावन का महीना भगवान शिव जी को अति प्रिय है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन के महीने में शिव जी की पूजा करने से व्यक्ति को विशेष रूप से फल की प्राप्ति होती है। शिवजी सबसे शीघ्र प्रसन्न होने वाले देवता माने जाते हैं। अगर कोई व्यक्ति भोले बाबा की थोड़ी सी भी भक्ति करता है तो इतने में ही वह प्रसन्न होकर अपने भक्तों की सारी मनोकामनाएं को पूरा करते हैं। ऐसा कहा जाता है कि जिन लोगों के ऊपर शिवजी की कृपा दृष्टि रहती है, उसके जीवन के सारे दुख दूर हो जाते हैं।

सावन के महीने में भगवान शिव जी को प्रसन्न करने के लिए लोग हर संभव प्रयास करते हैं। शिवजी की पूजा के दौरान शिवलिंग पर भक्त बेलपत्र अर्पित करते हैं। बेलपत्र शिवजी को अति प्रिय जिसका जिक्र शिव पुराण में भी कई जगह किया गया है। बेलपत्र के अलावा शिव जी को अन्य पत्ते भी खूब पसंद हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से सावन के पवित्र महीने में बेलपत्र के साथ कौन से पत्ते चढ़ा कर भगवान शिवजी को प्रसन्न किया जा सकता है, इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

भांग के पत्ते

भगवान शिव जी को बेलपत्र के बाद सबसे प्रिय भांग का पत्ता है। अगर शिवलिंग पर भांग अर्पित किया जाए तो इससे मन के विकार और बुराइयां दूर होती हैं। भांग एक प्रकार की औषधि होती है। ऐसा माना जाता है कि जब भगवान शिव जी ने विषपान किया था तब विष का उपचार करने के लिए भांग के पत्ते देवताओं ने शिवजी पर अर्पित किए थे।

शमी के पत्ते

आपको बता दें कि वैसे तो शमी के पत्ते शनि देवता को अर्पित किए जाते हैं परंतु यह पत्ते शिवलिंग पर भी अर्पित किया जाता है। अगर कोई व्यक्ति रोजाना प्रात: काल शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित करने के पश्चात बिल्व के साथ शमी के पत्ते अर्पित करता है तो इससे भोले बाबा के साथ-साथ शनिदेव की कृपा भी बनी रहती है।

दूर्वा

दूर्वा घास के महत्व के बारे में शास्त्रों में उल्लेख किया गया है। ऐसा माना जाता है कि दूर्वा घास में अमृत बसा होता है। भगवान शिव जी और उनके पुत्र भगवान श्री गणेश जी को दूर्वा बेहद प्रिय है। अगर भगवान शिव जी को दूर्वा अर्पित किया जाए तो इससे अकाल मृत्यु का भय दूर होता है।

धतूरे के पत्ते

आपको बता दें कि धतूरे का फल और उसका पता एक औषधि के रूप में काम आता है। शिव पुराण में इस बात का उल्लेख किया गया है कि देवों के देव महादेव को धतूरा बहुत ज्यादा प्रिय है। अगर आप शिवलिंग पर धतूरे का पत्ता अर्पित करते हैं तो इससे सभी बुरे विचार नष्ट हो जाते हैं और सोच सकारात्मक बनी रहती है।

आम के पत्ते

अक्सर देखा गया है कि लोग अपनी किस्मत को लेकर काफी परेशान रहते हैं। अगर आप अपने दुर्भाग्य को दूर करना चाहते हैं तो इसके लिए भगवान शिव जी को आम के पत्ते अर्पित कर सकते हैं। शिवलिंग पर अगर आम के पत्ते अर्पित किया जाए तो इससे भक्तों का दुर्भाग्य दूर होता है। इतना ही नहीं बल्कि भगवान शिव जी की कृपा से धन लाभ की भी संभावना बढ़ती है।

आक के पत्ते

भगवान भोलेनाथ को आक का फूल और उसके पत्ते दोनों ही अति प्रिय हैं। ऐसा माना जाता है कि अगर भगवान शिव जी को आक के फूल और उसके पत्ते अर्पित किए जाए तो इससे भगवान शिव जी अपने भक्तों के दैहिक, दैविक और भौतिक सभी प्रकार के कष्ट हर लेते हैं।

पीपल के पत्ते

शास्त्रों में इस बात का वर्णन किया गया है कि पीपल पर त्रिदेवों का वास होता है। पीपल के पत्तों में भगवान शिव जी का भी वास होता है। अगर भगवान शिव जी को पीपल के पत्ते अर्पित किया जाए तो इससे ग्रहों से मिलने वाले बुरे प्रभाव खत्म हो जाते हैं। इतना ही नहीं बल्कि घर परिवार में सुख-समृद्धि का आगमन होता है।